सिर्फ आग नहीं, बिल्डिंग के डिजाइन ने भी लीं 9 जानें! दिल्ली के विवेक विहार AC ब्लास्ट कांड की दर्दनाक रिपोर्ट

Praveen Sharma लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

Delhi Vivek Vihar Fire News : दिल्ली के शाहदरा के पास विवेक विहार में हुए अग्निकांड की यह रिपोर्ट बिल्डिंग निर्माण की उन खामियों को उजागर करती है, जिन्होंने बचाव के सारे रास्ते बंद कर दिए थे। इस दर्दनाक घटना में 4 महिलाओं और डेढ़ साल के एक मासूम बच्चे समेत कुल 9 लोगों की बुरी तरह जलकर मौत हो गई।

सिर्फ आग नहीं, बिल्डिंग के डिजाइन ने भी लीं 9 जानें! दिल्ली के विवेक विहार AC ब्लास्ट कांड की दर्दनाक रिपोर्ट

दिल्ली में शाहदरा के पास पॉश इलाके विवेक विहार में आज सुबह एक चार मंजिला बिल्डिंग में कथित तौर पर एसी में ब्लास्ट होने के चलते कई फ्लैटों में भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक घटना में 4 महिलाओं और डेढ़ साल के एक मासूम बच्चे समेत कुल 9 लोगों की बुरी तरह जलकर मौत हो गई। बिल्डिंग में फंसे लोगों को रेस्क्यू करने और आग पर काबू पाने में फायर ब्रिगेड और पुलिस कर्मियों को बड़ी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। इस बीच, करीब 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आज तड़के करीब 3:48 बजे विवेक विहार फेज-1 में एक 4 मंजिला इमारत में आग लगने की सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस, दमकल और आपदा प्रबंधन दल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बताया कि आग ने इमारत के कई फ्लैटों को अपनी चपेट में ले लिया था, जिसके बाद बड़े पैमाने पर बचाव अभियान शुरू किया गया। आग एसी में ब्लास्ट से लगी था या फिर शॉर्ट सर्किट होने से इसके सही कारणों की अभी तक आधिकारिक रूप से पुष्टि नहीं की गई है।

बताया जा रहा है सर्च ऑपरेशन और रेस्क्यू के दौरान छत का दरवाजा बंद होने, बिल्डिंग में केवल एक जगह सीढ़ी और बालकनी पर लगी लोहे की ग्रिलों ने रेस्क्यू को बेहद मुश्किल बना दिया था। ऐसी ही कुछ कमियों के चलते 9 लोगों को अपनी जान से हाथ धोना पड़ गया।

15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया

दिल्ली फायर ऑफिसर मुकेश वर्मा ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि फायर ब्रिगेड को सुबह 3:47 पर आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद दमकल की करीब कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। दमकल कर्मियों ने जब बिल्डिंग में पीछे के रास्ते घुसने का प्रयास किया तो बालकनी को लोहे की ग्रिलों से कवर किया हुआ था। इसके साथ ही जब हम आगे की तरफ से किसी तरह अंदर पहुंचे तो पाया कि इस बिल्डिंग में केवल एक स्टेयर केस (सीढ़ियां) हैं। इस दर्दनाक घटना में अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है। उन्होंने बताया कि करीब 800 गज में बनी इस चार मंजिला बिल्डिंग में हर फ्लोर पर दो-दो फ्लैट बने हैं। एक फ्लैट आगे की तरफ है और दूसरा फ्लैट पीछे की तरफ है। बिल्डिंग में फंसे 15 लोगों को समय रहते सकुशल रेस्क्यू कर लिया गया। इनमें से दो लोगों को मामूली चोटें आई थीं, जिन्हें इलाज के लिए पास के गुरु तेग बहादुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सीढ़ियों के पास 3 लाशें मिलीं

फायर डिपार्टमेंट के अधिकारी ने बताया कि आग बिल्डिंग के छह फ्लैटों में लगी थी। अलग-अलग मंजिलों से 9 जले हुए शव बरामद किए गए हैं। एक शव पहली मंजिल से, 5 शव दूसरी मंजिल से और 3 शव सीढ़ियों से बरामद किए गए। सीढ़ियों वाले हिस्से में ताला लगा मिला। इन शवों को दिल्ली पुलिस की क्राइम टीम को सौंप दिया गया है।

कौन-कौन लोग हुए हादसे के शिकार

पहली मंजिल पर शिखा जैन (45 वर्ष) नाम की महिला मृत पाई गईं, जबकि उनके पति नवीन जैन (48) घायल हुए हैं।

वहीं, दूसरी मंजिल पर मृत पाए गए लोगों की पहचान अरविंद जैन (60), उनकी पत्नी अनिता जैन (58), बेटे निशांत जैन (35), बहू आंचल जैन (33) और पोते आकाश जैन के रूप में हुई है।

तीसरी मंजिल पर एक परिवार के तीन सदस्य मृत पाए गए। उनकी पहचान नितिन जैन (50), उनकी पत्नी शैली जैन (48) और बेटे सम्यक जैन (25) के रूप में हुई है।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।