दिल्ली के विवेक विहार में दर्दनाक हादसा, AC में ब्लास्ट से बिल्डिंग में लगी आग; 9 लोगों की मौत; 15 बचाए गए

हिन्दुस्तान, नई दिल्ली, अमित झा, रजनीश पांडेय
Follow us on Google News
share

Delhi Vivek Vihar Fire : दिल्ली के शाहदरा के विवेक विहार में रविवार को AC में ब्लास्ट के बाद एक 4 मंजिला रिहायशी बिल्डिंग में भीषण आग लग गई। फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां आग पर काबू पाने में जुटी हैं। अब तक 9 शव मिले हैं। 

दिल्ली के विवेक विहार में दर्दनाक हादसा, AC में ब्लास्ट से बिल्डिंग में लगी आग; 9 लोगों की मौत; 15 बचाए गए

पूर्वी दिल्ली के पॉश इलाके विवेक विहार में रविवार तड़के एक 4 मंजिला रिहायशी इमारत में AC फटने से 6 फ्लैटों में अचानक आग लग गई। फायर ब्रिगेड को सुबह 3:47 में आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद दमकल की कई गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। आग लगने की बाद उसमें कई लोग फंस गए जिनका रेस्क्यू करने के लिए रेस्क्यू टीमें जुटी हुई हैं। इस दर्दनाक घटना में अब तक 9 लोगों की मौत हो चुकी है। चार मंजिला इस बिल्डिंग में कुल 8 परिवार रहते हैं।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार 3 मई को सुबह लगभग 03:48 बजे विवेक विहार थाने में विवेक विहार फेज-1 के मकान नंबर B-13 में आग लगने की घटना के संबंध में एक पीसीआर कॉल प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही पुलिस कर्मी SHO विवेक विहार और ACP विवेक विहार के साथ तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। दमकल विभाग और क्राइम टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गईं।

15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया

बिल्डिंग की दूसरी, तीसरी और चौथी मंजिल पर स्थित फ्लैटों में आग लगी हुई पाई गई। बचाव और आग बुझाने के कार्यों के दौरान इमारत से 10-15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इनमें से दो लोगों को मामूली चोटें आई थीं, जिन्हें इलाज के लिए पास के गुरु तेग बहादुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फायर ब्रिगेड की 12 गाड़ियों के साथ ही DDMA के कर्मचारी, स्थानीय पुलिस और ट्रैफिक पुलिस कर्मी घटनास्थल पर मौजूद हैं।प्रारंभिक जांच के दौरान यह पाया गया है कि आग लगने की इस घटना में नौ लोगों की जान चली गई है। घटनास्थल पर आगे की जांच और कानूनी कार्यवाही जारी है।

अलग-अलग मंजिलों पर मिलीं लाशें

फायर डिपार्टमेंट के अधिकारी ने बताया कि आग बिल्डिंग के छह फ्लैटों में आग लगी थी। अलग-अलग मंजिलों से 9 जले हुए शव बरामद किए गए हैं। इमें पहली मंजिल से 1 शव, दूसरी मंजिल से 5 शव और बंद मिली मुमटी सीढ़ियों के पास 3 से शव बरामद किए गए हैं। इन शवों को दिल्ली पुलिस की क्राइम टीम को सौंप दिया गया है। सर्च ऑपरेशन अब भी जारी है।

हादसे की जानकारी मिलने के बाद शाहदरा डिस्ट्रिक्ट के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा भी घटनास्थल पर पहुंच गए। एएनआई से बात करते हुए उन्होंने बताया कि विवेक विहार में चार मंजिला बिल्डिंग के एक घर में आग लग गई, जिसमें दूसरी मंजिल पर लोग मारे गए। अब तक 3-4 लाशें मिली हैं, और बाकी लोगों की तलाश जारी है। हम अभी भी तलाश कर रहे हैं।

सुबह करीब 03:13 बजे लगी आग

विवेक विहार के ही एक स्थानीय निवासी रोहित ने एएनआई को बताया, "AC में ब्लास्ट होने से आग लग गई। करीब 12-15 लोगों को बचा लिया गया। हालांकि, 4-5 लोग अभी भी लापता हैं। आग सुबह करीब 03:13 बजे लगी। फायर टेंडर सुबह करीब 3:35 बजे पहुंचे। आग बुझाने की कोशिश की जा रही है।"

वहीं, चरणजीत सिंह नाम के निवासी ने बताया, “फायर टेंडर की 10 से ज्यादा गाड़ियां आ गईं है। फायर ब्रिगेड ने बालकनी से करीब 20 लोगों को बचाया, लेकिन मुझे लगता है कि पीछे के फ्लैट से कुछ लोग अभी भी बाहर आ पाए। मुझे लगता है कि 1 या 2 परिवार अभी भी बिल्डिंग के नीचे हैं।”

एसी में धमाके से चार साल के बच्चे की मौत, भाई घायल

वहीं, दिल्ली के गोकुलपुरी में भी शनिवार दोपहर को एसी में धमाका होने से चार साल के मासूम की मौत हो गई थी, जबकि उसका बड़ा भाई गंभीर रूप से झुलस गया था। घायल बच्चे का जीटीबी अस्पताल में इलाज जारी है। जौहरीपुर निवासी मनीष के परिवार में उनकी पत्नी और दो बेटे- प्रियांशु और यक्षित हैं। शनिवार दोपहर को दोनों बच्चे अपनी नानी के साथ कमरे में थे और एसी चल रहा था। बच्चों के कहने पर नानी फ्रूटी लेने बाहर गईं, तभी कमरे से धुआं निकलने लगा। कुछ देर बाद लौटने पर उन्होंने शोर मचाया। परिवार के लोगों ने अंदर जाकर देखा तो दोनों बच्चे घायल पड़े थे। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने चार वर्षीय यक्षित को मृत घोषित कर दिया, जबकि साढ़े पांच वर्षीय प्रियांशु की हालत नाजुक बनी हुई है।

ये सावधानियां रखें

लगातार न चलाएं: एसी को घंटों तक लगातार न चलाएं, बीच-बीच में कुछ समय के लिए इसे बंद रखें

विशेषज्ञ से मरम्मत: यदि एसी में असामान्य आवाज, बदबू या स्पार्किंग महसूस हो तो तुरंत किसी योग्य तकनीशियन से जांच कराएं

रखरखाव: एसी की समय-समय पर सफाई और सर्विस करवाएं

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।