
दिल्ली के उस्मानपुर में देर रात ठांय-ठांय, एनकाउंटर के बाद पकड़ा गया बदमाश
दिल्ली के उस्मानपुर में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक वांछित अपराधी इमरान उर्फ काला घायल हो गया, जबकि एक कांस्टेबल बुलेटप्रूफ जैकेट की वजह से बाल-बाल बचा।
राजधानी दिल्ली के उस्मानपुर इलाके में पुलिस ने बड़ा एक्शन किया है। पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक बदमाश घायल हो गया। गिरफ्तार बदमाश कई आपराधिक मामलों में शामिल है।

कांस्टेबल परमजीत की जैकेट में लगी गोली
जानकारी के मुताबिक, उस्मानपुर इलाके में बुधवार देर रात करीब 2 बजे उस वक्त हड़कंप मच गया, जब स्पेशल स्टाफ की टीम ने जीरो पुष्टा के पास बिजली घर के करीब एक बिना रजिस्ट्रेशन प्लेट वाली मोटरसाइकिल को रोका। सवार युवक ने रुकने की बजाय जेब से पिस्तौल निकाली और पुलिस पर फायरिंग कर दी। आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने चेतावनी दी। जवाब में उसने दूसरी गोली दागी। ये गोली कांस्टेबल परमजीत की जैकेट में लगी। गोली उनकी बुलेटप्रूफ जैकेट से टकराई और वे बाल-बाल बच गए।
पुलिस का जवाब
खतरे को भांपते हुए टीम ने जवाबी कार्रवाई की। दो गोलियां चलाईं एक सीधी आरोपी की बाईं टांग पर लगी। वह गिर पड़ा और तुरंत दबोच लिया गया। आरोपी की पहचान इमरान उर्फ काला (21) के रूप में हुई। उसके पास से एक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्तौल और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। जांच में पता चला कि मोटरसाइकिल ज्योति नगर थाने से चोरी की थी। काला न्यू उस्मानपुर थाने में धारा 309(4)/3(5) BNS के तहत वांछित था। इसके अलावा वेलकम थाने में भी उसका पुराना केस दर्ज है।
पैर में गोली लगने से घायल इमरान को अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।





