
फोरेंसिक की नॉलेज, क्राइम शो का जुनून; दिल्ली में 21 साल की लड़की ने कैसे कराया UPSC छात्र का मर्डर
Delhi UPSC Aspirant Murder : उत्तरी दिल्ली के गांधी विहार में एक फ्लैट के अंदर UPSC की तैयारी कर रहे 32 साल के छात्र रामकेश मीणा के सनसनीखेज मर्डर के मामले में हो रहे खुलासों ने सबको चौंका दिया है।
उत्तरी दिल्ली के गांधी विहार में एक फ्लैट के अंदर UPSC की तैयारी कर रहे 32 साल के छात्र रामकेश मीणा के सनसनीखेज मर्डर के मामले में हो रहे खुलासों ने सबको चौंका दिया है। एक हार्ड डिस्क में 15 से ज्यादा लड़कियों के अश्लील वीडियो मिलने से एक ऐसा काला राज सामने आया है, जिसने इसे दिल्ली में इस साल के खौफनाक मर्डर में से एक बना दिया है।

पुलिस के मुताबिक, इस खौफनाक मर्डर की मास्टरमाइंड मुरादाबाद की रहने वाली 21 साल की फोरेंसिक साइंस की छात्रा है, जो रामकेश मीणा की लिव-इन पार्टनर थी। आरोपी अमृता चौहान को जब यह पता चला था कि रामकेश ने चुपके से उसके इंटीमेट वीडियो रिकॉर्ड कर लिए थे और वो उन्हें डिलीट करने से मना कर रहा था तो उसने उसका मर्डर की पटकथा लिख दी।
जांचकर्ताओं ने बताया कि भरोसे से शुरू हुआ रिश्ता धोखे और गुस्से में बदलने के बाद मर्डर पर जाकर खत्म हुआ। बहुत ही शातिर तरीके से इस मर्डर को प्लान किया गया था। आरोप है कि आरोपी लड़की ने हत्या को एक एक्सीडेंट दिखाने और सबूत मिटाने के लिए अपनी फॉरेंसिक साइंस की नॉलेज और क्राइम शो के प्रति जुनून का इस्तेमाल किया था।
पुलिस के मुताबिक, युवती ने लिव-इन पार्टनर की हत्या को अंजाम देने के लिए अपने एक्स-बॉयफ्रेंड और एक दूसरे आदमी को भी योजना में साथ मिला लिया था। युवती का एक्स-बॉयफ्रेंड एक एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर है। 5 अक्टूबर की रात को तीनों उत्तरी दिल्ली के गांधी विहार में पीड़ित के फ्लैट पर गए, जहां उन्होंने कथित तौर पर उससे झगड़ा किया और फिर उस पर हमला कर मोबाइल चार्जर के तार से उसका गला घोंट दिया था।
एचटी की रिपोर्ट के अनुसार, एक सीनियर पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस हत्याकांड को एक हादसा दिखाने के लिए उन्होंने लाश पर घी, तेल और शराब डाली, गैस रेगुलेटर खोला और लाइटर जलाकर फ्लैट में आग लगा दी थी। जिससे एक एक्सीडेंटल आग लगने जैसा सीन बन गया। सिलेंडर पीड़ित के सिर के पास रखा था। लगभग एक घंटे बाद, आग फैल गई और सिलेंडर फट गया, जिससे लाश पूरी तरह जल गई। अगली सुबह, युवक की जली हुई लाश उसके चौथे फ्लोर के फ्लैट में मिली। शुरू में, इस घटना को आग लगने से का मामला माना गया, लेकिन जलने के पैटर्न में गड़बड़ी और पीड़ित के चचेरे भाई की शिकायत के बाद जांचकर्ताओं द्वारा इस मामले की गहराई से जांच की गई।
घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज में आग लगने से पहले दो युवक और एक महिला फ्लैट में घुसते दिखे और महिला थोड़ी देर बाद बाहर निकलती दिखी। टेक्निकल सर्विलांस और फोन ट्रैकिंग से पुलिस मुरादाबाद पहुंची, जहां उन्होंने 18 अक्टूबर को महिला को, 21 अक्टूबर को उसके एक्स बॉयफ्रेंड को और फिर दो दिन बाद उनके तीसरे साथी को भी गिरफ्तार कर लिया।
अश्लील वीडियो वाली हार्ड डिस्क
फ्लैट से मिली एक हार्ड डिस्क ने जांच की दिशा ही बदल दी। पुलिस ने बताया कि इसमें 15 से ज्यादा लड़कियों के अश्लील वीडियो थे। एक पुलिस अधिकार ने एचटी को बताया, “ऐसा लगता है कि मृतक ने कई लड़कियों के साथ ऐसा ही किया था और वह अपने लैपटॉप में उनके प्राइवेट वीडियो रिकॉर्ड करता था। लैपटॉप अभी तक बरामद नहीं हुआ है, लेकिन हार्ड डिस्क जब्त कर ली गई है।”
फोरेंसिक एक्सपर्ट्स महिलाओं की पहचान करने और यह पता लगाने के लिए कंटेंट की जांच कर रहे हैं कि यह रिकॉर्डिंग सहमति से की गई थी या नहीं।
हत्या के पीछे का मकसद
जांचकर्ताओं का मानना है कि जब महिला के लिव-इन पार्टनर ने उसके वीडियो डिलीट करने से मना कर दिया तो वह गुस्से से भर गई थी। एक सीनियर ऑफिसर ने कहा, "उसे धोखा महसूस हुआ और लगा कि उसकी प्राइवेसी का उल्लंघन हुआ है। फोरेंसिक साइंस की जानकारी ने उसे हत्या की योजना बनाने और उसे एक एक्सीडेंट दिखाने में मदद की।"





