‘UGC नियमों का उल्लंघन’; DU ने सेंट स्टीफंस की पहली महिला प्रिंसिपल की नियुक्ति पर लगाई रोक

Praveen Sharma नई दिल्ली, भाषा
share

दिल्ली यूनिवर्सिटी (डीयू) ने सेंट स्टीफंस कॉलेज को नई प्रिंसिपल की नियुक्ति प्रक्रिया अभी आगे नहीं बढ़ाने के लिए कहा है। डीयू ने कहा है कि नियुक्ति के लिए बनी सेलेक्शन कमेटी यूजीसी विनियम, 2018 के अनुसार नहीं थी। 

‘UGC नियमों का उल्लंघन’; DU ने सेंट स्टीफंस की पहली महिला प्रिंसिपल की नियुक्ति पर लगाई रोक

दिल्ली के सेंट स्टीफंस कॉलेज में प्रोफेसर सुसान एलियास को पहली महिला प्रिंसिपल नियुक्त किए जाने को लेकर दिल्ली यूनिवर्सिटी और कॉलेज के बीच लड़ाई छिड़ गई है। डीयू ने कॉलेज को निर्देश दिया है कि वह सुसान एलियास की नियुक्ति प्रक्रिया को अभी आगे नहीं बढ़ाए, क्योंकि इसके लिए बनी सेलेक्शन कमेटी विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) के नियम 2018 के मुताबिक नहीं थी।

यूनिवर्सिटी प्रशासन के रजिस्ट्रार द्वारा साइन और कॉलेज के गवर्निंग बॉडी के अध्यक्ष को संबोधित 14 मई के एक पत्र में, कॉलेज की नई प्रिंसिपल की नियुक्ति के संबंध में मीडिया में आई हालिया खबर का उल्लेख किया गया है।

सेंट स्टीफंस द्वारा मंगलवार को जारी नोटिफिकेशने के अनुसार, कॉलेज की सुप्रीम काउंसिल ने घोषणा की है कि प्रोफेसर सुसान एलियास 1 जून से कॉलेज की 14वीं और पहली महिला प्रिंसिपल के रूप में कार्यभार संभालेंगी।

डीयू रजिस्ट्रार ने बताई वजह

दिल्ली यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार विकास गुप्ता ने बताया, ''कॉलेज 100 फीसदी केंद्र सरकार द्वारा वित्त पोषित है और यूजीसी नियमों के अंतर्गत आता है। नियमों का उल्लंघन नहीं किया जा सकता।''

गुरुवार को कॉलेज की गवर्निंग बॉडी के अध्यक्ष को लिखे पत्र में डीयू ने विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में शिक्षकों एवं शैक्षणिक कर्मचारियों की नियुक्ति के लिए न्यूनतम योग्यताओं और उच्च शिक्षा में मानकों को बनाए रखने के उपायों से संबंधित यूजीसी विनियम, 2018 के प्रावधानों का हवाला दिया।

इसमें कहा गया है कि अल्पसंख्यक शिक्षण संस्थानों के मामले में वाइस चांसलर और अनुमोदित वैधानिक निकायों द्वारा अनुशंसित समिति से कुछ सदस्यों का चयन करना आवश्यक है। पत्र में यह भी कहा गया है कि यूजीसी विनियम 2018 के प्रावधानों के अनुसार विशेषज्ञों के नामांकन के लिए विश्वविद्यालय से अनुरोध नहीं किया गया है।

145 साल के इतिहास में पहली बार महिला प्रिंसिपल नियुक्त

बता दें कि, डीयू के सेंट स्टीफंस कॉलेज ने अपने 145 वर्ष के इतिहास में पहली बार महिला प्रिंसिपल की नियुक्ति की है। एक आधिकारिक नोटिफिकेशन के अनुसार प्रोफेसर सुसान एलियास को कॉलेज की प्रिंसिपल नियुक्त किया गया है। दिल्ली के बिशप एवं कॉलेज के अध्यक्ष राइट रेवरेंड डॉ. पॉल स्वरूप द्वारा हस्ताक्षरित इस नोटिफिकेशन में कहा गया, "कॉलेज की सुप्रीम काउंसिल को यह घोषणा करते हुए प्रसन्नता हो रही है कि प्रो. सुसान एलियास एक जून 2026 से कॉलेज की 14वीं प्रिंसिपल के रूप में कार्यभार संभालेंगी तथा वह इसकी पहली महिला प्रिंसिपल भी होंगी।''

एलियास के 'लिंक्डइन प्रोफाइल' के अनुसार, उन्होंने जनवरी से मई 2026 तक उत्तर प्रदेश के लखनऊ में स्थित चंडीगढ़ विश्वविद्यालय में प्रो. वाइस चांसलर (रिसर्च) के रूप में कार्य किया। इससे पहले, उन्होंने अक्टूबर 2024 से दिसंबर 2025 तक हिंदुस्तान विश्वविद्यालय में निदेशक (रिसर्च) के रूप में सेवाएं दीं। उन्होंने वेल्लोर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में भी कई पदों पर कार्य किया है, जिनमें इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग स्कूल की प्रोफेसर और डीन, सेंटर फॉर एडवांस्ड डेटा साइंस में प्रोफेसर और उप निदेशक, तथा इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग स्कूल की एसोसिएट प्रोफेसर व विभागाध्यक्ष शामिल हैं।

सेंट स्टीफंस कॉलेज की स्थापना एक फरवरी 1881 को कैम्ब्रिज मिशन टू दिल्ली ने सोसाइटी फॉर द प्रोपेगेशन ऑफ द गॉस्पेल के सहयोग से की थी। सैमुअल स्कॉट ऑलनट इसके संस्थापक और पहले प्राचार्य थे।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।