
दिल्ली में पत्थरबाजी पर ऐक्शन मोड में पुलिस, सपा सांसद नदवी को समन भेजने की तैयारी
पुरानी दिल्ली के तुर्कमान गेट में हुई पत्थरबाजी मामले में पुलिस ने 30 उपद्रवियों की पहचान कर ली है और घटना के समय मौके पर मौजूदगी के चलते सपा सांसद मोहिबबुल्लाह नदवी को जांच के लिए समन भेजने की तैयारी की है।
पुरानी दिल्ली के तुर्कमान गेट इलाके में हुई पत्थरबाजी की घटना पर पुलिस ने ऐक्शन लेना शुरू कर दिया है। पुलिस ने अब तक 30 उपद्रवियों की पहचान कर ली है। फैज-ए-इलाही मस्जिद के पास पत्थरबाजी की इस घटना में समाजवादी पार्टी के सांसद मोहिबबुल्लाह नदवी पर दिल्ली पुलिस की नजर टिकी हुई है। पुलिस उन्हें जांच में शामिल होने के लिए समन भेजने की तैयारी कर रही है।
सांसद की भूमिका संदेह के घेरे में
सूत्रों के मुताबिक, मोहिबबुल्लाह नदवी हिंसा भड़कने से ठीक पहले उस जगह पर मौजूद थे। दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने उनसे कई बार वहां से हटने की अपील की, लेकिन वो आसपास ही रुकते रहे। पुलिस का कहना है कि ये जानकारी जांच के दौरान महत्वपूर्ण हो सकती है, क्योंकि घटना के दौरान भीड़ में तनाव बढ़ा हुआ था।
समन से शुरू होगी नई जांच
दिल्ली पुलिस ने फैसला किया है कि मोहिबबुल्लाह नदवी को औपचारिक समन भेजकर जांच में शामिल होने को कहा जाएगा। ये कदम इसलिए उठाया जा रहा है ताकि घटना की पूरी तस्वीर साफ हो सके। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ये रूटीन प्रक्रिया है, लेकिन राजनीतिक हलकों में इसे लेकर बहस छिड़ चुकी है। सपा पक्ष का अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
पुलिस ने 30 उपद्रवियों की पहचान की
पत्थरबाजी की घटना पर पुलिस ने भी ऐक्शन लेना शुरू कर दिया है। बुधवार को ही पुलिस ने 10 लोगों को हिरासत में ले लिया था। वहीं अब तक पुलिस ने 30 उपद्रवियों की पहचान कर ली है। पुलिस घटना स्थल के सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो के जरिए संदिग्धों की पहचान कर रही है। इसके साथ ही इन उपद्रवियों को पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें छापेमारी भी कर रही हैं।





