दिल्ली में फिर आग ने मचाई तबाही, तुगलकाबाद की बिल्डिंग में 3 जिंदा जले और 8 झुलसे; पार्किंग से उठीं लपटें

नई दिल्ली, एएनआई
Follow us on Google News
share

Tughlakabad Fire : दिल्ली के तुगलकाबाद इलाके में शुक्रवार सुबह एक 5 मंजिला इमारत में भीषण आग लगने से 3 लोगों की मौत हो गई। दमकल की कई गाड़ियों ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अब तक 8 लोगों को बचाया है।

दिल्ली में फिर आग ने मचाई तबाही, तुगलकाबाद की बिल्डिंग में 3 जिंदा जले और 8 झुलसे; पार्किंग से उठीं लपटें

दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के तुगलकाबाद इलाके में शुक्रवार तड़के एक 5 मंजिला रिहायशी इमारत में लगी भीषण आग में 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 महिलाओं समेत 8 लोग झुलस गए। दमकल कर्मियों ने जोखिम भरा बचाव अभियान चलाकर सभी घायलों को इमारत से सुरक्षित बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।

दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के अनुसार आग लगने की सूचना रात 2:25 बजे मिली। घटना तुगलकाबाद की गली नंबर-1, नया तारा अपार्टमेंट के पास स्थित एक मकान की है। सूचना मिलते ही दमकल की 7 गाड़ियों को मौके पर भेजा गया, बाद में लगातार कॉल मिलने पर अतिरिक्त दमकल वाहन भी रवाना किए गए।

अधिकारियों के मुताबिक आग मकान के ग्राउंड फ्लोर स्थित पार्किंग में खड़ी तीन स्कूटी, दो मोटरसाइकिल और एक साइकिल में लगी थी। कुछ ही देर में आग और घना धुआं पूरी बिल्डिंग में फैल गया। इससे ग्राउंड फ्लोर, पहली और दूसरी मंजिल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि ऊपरी मंजिलों को आंशिक नुकसान पहुंचा।

बिल्डिंग से कुल 8 लोगों को रेस्क्यू किया गया

दमकल कर्मियों ने इमारत में फंसे लोगों को निकालने के लिए अंदर और बाहर दोनों तरफ से अभियान चलाया। टीम छत तक पहुंची और वहां लगे गेट का ताला काटकर अंदर प्रवेश किया। छत पर फंसी दो युवतियों सहित कुल आठ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। सभी घायलों को सीएटीएस एंबुलेंस और पीसीआर वाहनों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।

सुबह 6:40 बजे डीएफएस अधिकारियों ने बताया कि पांच महिलाओं को सफदरजंग अस्पताल के बर्न वार्ड में भर्ती कराया गया, जबकि दो महिलाओं और एक पुरुष को एम्स ट्रॉमा सेंटर के बर्न एवं प्लास्टिक सर्जरी विभाग में भर्ती कराया गया।

मृतकों में दो महिलाएं और 1 पुरुष

सफदरजंग अस्पताल में भर्ती दो महिलाओं को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि तीन महिलाओं का इलाज जारी है। वहीं एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती एक पुरुष की भी मौत हो गई। दो अन्य महिलाओं की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका इलाज चल रहा है।

दमकल विभाग ने सुबह चार बजे आग बुझाने और बचाव अभियान पूरा होने की घोषणा की। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि पार्किंग क्षेत्र से निकला धुआं तेजी से ऊपरी मंजिलों तक फैल गया, जिससे लोग इमारत में फंस गए। पुलिस और दमकल विभाग आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं।

पड़ोस में रहने वाली रेनू नाम की एक महिला ने बताया कि हम पास ही में रहते हैं। हमें रात 2 बजे आग लगने के बारे में फोन आया था। जब हम वहां पहुंचे, मदद के लिए पूरा मोहल्ला इकट्ठा हो गया था। जब हम वहां पहुंचे, तो हमने देखा कि ग्राउंड फ्लोर पर गाड़ियां फट रही थीं। वहां 7 बाइक और एक स्कूटर था और वे सभी फट रहे थे। हमने पानी डालकर आग बुझाई। हमने पीछे की तरफ से भी लोगों को साड़ियों की मदद नीचे उतारकर बचाया। लड़कियों को बाहर निकालने के लिए पीछे लगी सुरक्षा ग्रिल को काटा। कुल मिलाकर, 8 लोग घायल हुए और एक व्यक्ति की मौत हो गई। चौथी मंजिल पर रहने वाले एक व्यक्ति की मौत हो गई है। उसका नाम पंकज था। यह घटना ठीक रात 2:00 बजे हुई और 2:10 बजे फोन किया गया।

दिल्ली में इस साल हुए दो बड़े अग्निकांड

बता दें कि, बीते 3 जून को दिल्ली के मालवीय नगर स्थित हौज रानी गांव के एक होटल 'फ्लोरिश स्टे' में भीषण आग लगने से 23 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, तथा कई अन्य जख्मी हो गए थे। मरने वालों 13 विदेशी नागरिक शामिल थे।

इससे पहले पूर्वी दिल्ली के विवेक विहार में 3 मई को एक रिहायशी इमारत में आग लगने की घटना में दो परिवारों के 9 सदस्यों की मौत हो गई थी, जिनमें एक बच्चा भी शामिल था। यह आग एयर-कंडीशनर (एसी) में कथित तौर पर हुए विस्फोट के कारण भड़की थी।

रिपोर्ट - राजन शर्मा

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।