
दिल्लीवाले ध्यान दें! आज इन रास्तों से बचकर निकलें, ट्रैफिक रहेगा डायवर्ट
Delhi Traffic Advisory: सरदार वल्लभभाई पटेल के जन्मदिवस पर दिल्ली में होने वाले कार्यक्रमों के कारण अशोका रोड, संसद मार्ग और सी-हेक्सागन सहित कई रास्तों पर यातायात प्रभावित रहेगा, जिसके लिए ट्रैफिक पुलिस ने डायवर्जन और सड़कों को बंद करने की एडवाइजरी जारी की है।
सरदार वल्लभभाई पटेल के जन्मदिवस पर शुक्रवार को दिल्ली में कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों को ध्यान में रखते हुए यातायात पुलिस की ओर से कुछ सड़कों को यातायात के लिए बंद किया जाएगा, जबकि कुछ पर डायवर्जन रहेगा।

दिल्ली सरकार की ओर से शुक्रवार शाम पटेल चौक पर सरदार पटेल की मूर्ति का जलाभिषेक 25 राज्यों एवं केन्द्र शासित प्रदेशों से लाए गए जल से किया जाएगा। इसके पश्चात मुख्यमंत्री सहित सरकार के मंत्री एवं लोग यहां से युद्ध स्मारक तक पैदल मार्च करेंगे। इसके अलावा भी कुछ अन्य कार्यक्रम नई दिल्ली में आयोजित किए जाएंगे। इसकी वजह से नई दिल्ली में अशोका रोड, संसद मार्ग, सी-हेक्सागन, मथुरा रोड, पुराना किला रोड आदि पर यातायात प्रभावित रहेगा।
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार शुक्रवार सुबह 6 बजे से 7:30 बजे तक कनॉट प्लेस बाहरी सर्कल से संसद मार्ग, टॉलस्टॉय मार्ग, संसद मार्ग लाल बत्ती, रेल भवन, विंडसर प्लेस, गोल डाकखाना, राम मनोहर लोहिया अस्पताल, बूटा सिंह मार्ग पर डायवर्जन रहेगा। इस दौरान पटेल चौक, संसद मार्ग, अशोका रोड, रफी मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। किसी गाड़ी को खड़े होने की मंजूरी नहीं होगी। धौला कुआं जाने वाले वंदेमातरम मार्ग और मदर टेरेसा क्रिसेंट का प्रयोग कर सकेंगे।
यहां रहेगा डायवर्जन
सुबह 6 से 9:30 बजे तक पुराना किला रोड से शाहजहां रोड, सी-हेक्सागन, रिंग रोड, प्रगति मैदान टनल, मथुरा रोड से शेरशाह रोड, जाकिर हुसैन मार्ग से सी-हेक्सागन, पंडारा रोड से सी-हेक्सागन पर डायवर्जन रहेगा। सी-हेक्सागन, मथुरा रोड, शेरशाह रोड, जाकिर हुसैन रोड और सुब्रमण्यम भारती मार्ग पर किसी गाड़ी को खड़ा नहीं होने दिया जाएगा। वाहन चालक डीडीयू मार्ग, सुब्रमण्यम भारती मार्ग, पृथ्वी राज रोड का इस्तेमाल कर सकेंगे।
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार मोतीलाल नेहरू पार्क से जनपथ, मान सिंह रोड से सी-हेक्सागन, सुनहरी बाग रोड से रफी मार्ग, विंडसर प्लेस, कनॉट प्लेस आउटर सर्कल से संसद मार्ग, गुरुद्वारा रकाब गंज, रेल भवन, डब्ल्यू प्वॉइंट पर तिलक मार्ग से सी-हेक्सागन, मंडी हाउस पर कॉपरनिकस मार्ग से सी-हेक्सागन, विंडसर प्लेस से सी-हेक्सागन आदि रास्तों पर डायवर्जन रहेगा। इस दौरान पटेल चौक, संसद मार्ग, रफी मार्ग, रेड क्रॉस रोड, अशोका रोड, कर्तव्यपथ और सी-हेक्सागन पर वाहनों को ठहरने नहीं दिया जाएगा।





