काम की बात: सावधान! दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने 125 जगह लगाए OSVD कैमरे, हेलमेट-सीट बेल्ट न लगाने वालों के कट रहे चालान

हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

राजधानी दिल्ली के विभिन्न इलाकों की सड़कों पर 125 स्थानों पर नए कैमरे लगाए गए हैं, पिछले चार महीने में ही अलग-अलग तरह के 20 हजार से अधिक चालान किए गए।  

Delhi Traffic Police officials stop traffic rule violators on road.
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों ने सड़क पर ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों को रोकते हुए।

अमित झा, नई दिल्ली

दिल्ली की सड़कों पर अगर आप बिना हेलमेट हवा से बातें कर रहे हैं, बिना सीट बेल्ट बांधे कार में घूम रहे हैं या बिना इंडिकेटर दिए गाड़ी मोड़ रहे हैं तो संभल जाइए। ट्रैफिक पुलिस की तीसरी आंख (125 नए ओएसवीडी कैमरे) आप पर पैनी नजर रखे हुए हैं।

ये कैमरे इतने स्मार्ट हैं कि सिर्फ रफ्तार ही नहीं, आपकी हर छोटी-बड़ी गलती पकड़कर सीधे आपके मोबाइल पर चालान भेज रहे हैं। बीते चार महीनों में 20,000 से ज्यादा बेपरवाह चालकों के चालान काटे जा चुके हैं। ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, सड़क पर चलते समय बिना इंडिकेटर दिए लेन बदलना एवं लेन से बाहर गाड़ी चलाना ट्रैफिक नियम का उल्लंघन है। ऐसे वाहन चालकों का चालान पहले केवल ट्रैफिक पुलिसकर्मी करते थे, लेकिन अब ये चालान कैमरे भी कर रहे हैं।

दिल्ली में मार्च 2019 में पहली बार चालान के लिए सड़कों पर कैमरे लगाए गए थे। इनमें मुख्य रूप से दो तरह के कैमरे लगाए जाते हैं। पहला कैमरा ओएसवीडी (ओवर स्पीड वायलेशन डिटेक्शन) जो तेज रफ्तार से चलने वाली गाड़ियों का चालान करता है। दूसरा आरएलवीडी (रेड लाइट वायलेशन डिटेक्शन) कैमरा रेड लाइट जंप एवं जेब्रा क्रॉसिंग का उल्लंघन करने पर चालान करता है। मार्च 2021 तक ऐसे 125 ओएसवीडी एवं 203 आरएलवीडी कैमरा दिल्ली में लगाए गए थे। इस वर्ष 125 नए ओएसवीडी कैमरे बीते मार्च महीने तक लगाए गए हैं और 125 आरएलवीडी कैमरा लगाने की प्रक्रिया चल रही है। ट्रैफिक पुलिस द्वारा लगाए गए नए ओएसवीडी कैमरे के माध्यम से बीते 10 अगस्त तक बिना हेलमेट दोपहिया चलाने वाले 3044 लोगों का चालान हुआ है। वहीं, बिना सीट बेल्ट लगाए गाड़ी चलाने वाले 13,405 से ज्यादा लोगों का चालान इन कैमरों के माध्यम से हो चुका है। नए कैमरे हर तरह का चालान कर रहे हैं।

विजयंता गोयल आर्य, अतिरिक्त आयुक्त, ट्रैफिक पुलिस, ''ट्रैफिक पुलिस ने सड़क हादसे कम करने एवं सड़कों को सुरक्षित बनाने के लिए 125 जगह ओएसवीडी कैमरे लगाए हैं। कैमरे लगने से सड़कों पर भविष्य में लोग यातायात नियमों का पालन करेंगे और हादसे कम करने में मदद मिलेगी।''

गतिसीमा उल्लंघन पर सबसे अधिक चालान

● 1,56,528 वाहनों का चालान इस वर्ष रेड लाइट जंप करने वाले वाहन चालकों का किया।

● 16,07,956 वाहनों का चालान इस वर्ष तय गतिसीमा से अधिक रफ्तार के लिए किया।

● 103 चालकों का प्रतिदिन बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने पर किया जा रहा चालान।

● 25 दोपहियों का प्रतिदिन बिना हेलमेट के वालान हो रहा है।

● इन यातायात नियमों के उल्लघन पर ट्रैफिक पुलिस 500-1000 रुपये तक चालान करती है।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करे और पाएं पल-पल की ताज़ा खबर
Hindi Newsएनसीआर Newsसावधान! दिल्ली में 125 जगह लगे OSVD कैमरे, इन छोटी गलतियों पर भी कट रहे चालान