
दिल्ली में 31 जनवरी तक इस रोड पर ट्रैफिक पाबंदियां; इन रास्तों को अपनाएं
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने 31 जनवरी तक के लिए एक ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। इसमें एक मार्ग पर जाने से परहेज करने और डायवर्जन का पालन करने को कहा गया है। साथ ही मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों को फॉलो करने की अपील की गई है।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने न्यू रोहतक रोड पर 31 जनवरी तक मेंटेनेंस का काम होने के चलते ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। टी-पॉइंट से लिबर्टी सिनेमा के बीच मरम्मत कार्य चलने से 2 लेन बंद कर दी गई हैं। इससे इस रास्ते पर भारी जाम लग रहा है। पुलिस ने यात्रियों को आनंद पर्वत और न्यू रोहतक रोड के बजाय वैकल्पिक रास्तों को अपनाने की सलाह दी है। वाहन चालकों को पुलिस निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।
न्यू रोहतक रोड पर रहेगी पाबंदियां
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एडवाइजरी में बताया कि न्यू रोहतक रोड पर अंडरग्राउंड केबल मेंटेनेंस और अपग्रेडेशन का काम चल रहा है। मेंटिनेंस का काम कमल टी-पॉइंट से लिबर्टी सिनेमा की ओर पहाड़गंज तक के रास्ते पर किया जा रहा है। इसके कारण न्यू रोहतक रोड पर गाड़ियों की आवाजाही 31 जनवरी तक सीमित रहेगी। इस प्रोजेक्ट पर टाटा पावर दिल्ली डिस्ट्रीब्यूशन लिमिटेड काम कर रहा है।
दो लेन बंद, आनंद पर्वत न्यू रोहतक रोड से परहेज करें
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि काम की वजह से दो लेन बंद हैं। इससे इलाके में ट्रैफिक धीमा हो गया है और जाम लग रहा है। ट्रैफिक एडवाइजरी में वाहन चालकों को कमल टी-पॉइंट और लिबर्टी सिनेमा के बीच आनंद पर्वत न्यू रोहतक रोड के रास्ते से परहेज करने की सलाह दी है।
डायवर्जन सुझाए
दिल्ली पुलिस की ट्रैफिक एडवाइजरी में डायवर्जन भी सुझाए गए हैं। इसमें कहा गया है कि पहाड़गंज और नई दिल्ली की ओर जाने वाले वाहन कमल टी-पॉइंट पर बाईं ओर सराय रोहिल्ला की ओर मुड़ सकते हैं। इसके बाद रानी झांसी रोड से आगे बढ़ने के लिए वाहन चालक वीर बंदा बैरागी मार्ग पर दाईं ओर टर्न ले सकते हैं।
इन ट्रैफिक निर्देशों का करें पालन
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कहा है कि शास्त्री नगर चौक से आने वाले और लिबर्टी सिनेमा की ओर जाने वाले वाहन चालकों को स्वामी नारायण मार्ग से बचना चाहिए। इसके बजाय उनको रानी झांसी रोड का इस्तेमाल करना चाहिए। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपनी यात्रा पहले से प्लान करने को कहा है। साथ ही मुख्य चौराहों पर तैनात ट्रैफिक कर्मियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।





