
दिल्ली में इन रास्तों पर कल भारी वाहनों की एंट्री रहेगी बैन, लागू रहेगा डाइवर्जन
दिल्ली के रामलीला मैदान और आसपास कुछ सड़कों पर रविवार को ट्रैफिक प्रभावित रहेगा। वाहन चालकों से सुबह 10 बजे से शाम सात बजे के बीच कुछ रास्तों पर आवाजाही से परहेज करने को कहा गया है।
दिल्ली के रामलीला मैदान और आसपास के इलाकों में रविवार को ट्रैफिक प्रभावित रहेगा। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की ओर से इस बारे में यातायात एडवाइजरी जारी की गई है। इसमें कहा गया है कि कांग्रेस की रैली के चलते रविवार को रामलीला मैदान और आसपास के इलाकों में ट्रैफिक जाम देखा जा सकता है। ऐसे में वाहन चालकों से सुबह 10 बजे से शाम सात बजे के बीच जेएलएन मार्ग, आसफ अली रोड, चमन लाल मार्ग, अजमेरी गेट, मिंटो रोड और दिल्ली गेट के रास्ते आने-जाने से परहेज करने को कहा गया है।
दिल्ली पुलिस ने अपनी ट्रैफिक एडवाइजरी में कहा है कि कांग्रेस की रैली की वजह से इन मार्गों ओर जाम रहने की संभावना है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने अपनी एडवाइजरी में कहा है कि भारी वाहनों और बसों को दिल्ली गेट, मिंटो रोड और अजमेरी गेट के रास्ते रामलीला मैदान और जेएलएन मार्ग की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी।
जारी ट्रैफिक एडवाइजरी में कहा गया है कि पश्चिम और उत्तरी दिशा से अजमेरी गेट और उससे आगे जाने वाली बसों को रानी झांसी चौक, पंचकुइयां रोड और कनॉट प्लेस का रास्ता लेना होगा। अजमेरी गेट की ओर से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने वाले वाहनों को भी रानी झांसी रोड, पंचकुइयां रोड, कनॉट सर्कस, एनडीएलएस रूट का डायवर्जन लेना होगा।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की मानें तो चमन लाल मार्ग पर केवल लेबल लगे वाहन ही आ सकेंगे जबकि रणजीत सिंह मार्ग से गुरु नानक चौक की ओर बसों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। यही नहीं कॉमर्शियल वाहनों को राजघाट से जेएलएन मार्ग पर भी अनुमति नहीं दी जाएगी। निजी वाहन माता सुंदरी कॉलेज पार्किंग में खड़े किए जा सकेंगे।
ट्रैफिक पुलिस ने चेतावनी दी है कि जेएलएन मार्ग, आसफ अली रोड, मिंटो रोड, डीडीयू मार्ग और चमन लाल मार्ग पर अवैध खड़े वाहनों को टो कर लिया जाएगा। ऐसे में इन सड़कों पर लोग वाहन ना खड़ा करें। मिंटो रोड रेड लाइट , टैगोर रोड रेड लाइट, राजघाट चौक, रणजीत सिंह फ्लाईओवर, आईटीओ चौक और सुभाष मार्ग टी-पाइंट पर भी डायवर्जन लागू रहेगा। दिल्ली गेट पर यात्रियों को उतारने वाली बसों को राजघाट और पावर हाउस पार्किंग में खड़ा किया जाएगा।
(हिन्दुस्तान संवाददाता के इनपुट के साथ)





