काम की बात: दिल्ली में आज 5 घंटे तक प्रभावित रहेगा ट्रैफिक, कई जगहों पर डायवर्जन; ये रास्ते बंद
BRICS Summit traffic advisory: दिल्ली में आज पांच घंटे तक ट्रैफिक प्रभावित रहेगा। इस दौरान कई जगहों पर डायवर्जन रहेगा तो कई रास्ते आवाजाही के लिए बंद रहेंगे। ट्रैफिक पुलिस ने रेलवे स्टेशनों और एयरपोर्ट के लिए वैकल्पिक मार्गों का सुझाव देते हुए लोगों से समय लेकर निकलने की सलाह दी है।

BRICS Summit traffic advisory: दिल्ली में आज यानी बुधवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक शहर के 22 स्थानों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा, इससे 35 से अधिक सड़कें प्रभावित होंगी। इस दौरान भारत मंडपम में 11 से 13 सितंबर तक होने वाले ब्रिक्स शिखर सम्मेलन को लेकर बुधवार को काफिला (मोटर कारकेड) रिहर्सल होगी।
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, सम्मेलन के दौरान रिहर्सल वाले रूट पर लगभग यही ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, डॉ. दिनेश नंदिनी डालमिया चौक डब्ल्यू प्वॉइंट से मथुरा रोड व तिलक मार्ग जाने की इजाजत नहीं होगी। राम चरण अग्रवाल चौक से मालवाहक वाहन से डब्ल्यू चौक नहीं जा पाएंगे। मीर दर्द चौक से महाराजा मंजीत सिंह मार्ग पर जाने की इजाजत नहीं होगी।
कस्तूरबा गांधी मार्ग और जनपथ से सी-हैक्सागन की ओर जाना वर्जित रहेगा। पटेल चौक से विंडसर प्लेस और संसद मार्ग पर आरबीआई नहीं जा पाएंगे। आरएमएल हॉस्पिटल गोल चक्कर से मदर टेरेसा क्रिसेंट रोड और तालकटोरा रोड जाना प्रतिबंधित होगा। वंदे मातरम मार्ग से साइमन बोलिवर मार्ग पर नहीं जा पाएंगे। धौला कुआं फ्लाईओवर से सरदार पटेल मार्ग, मोती बाग फ्लाईओवर से शांति पथ, ब्रिगेडियर होशियार सिंह मार्ग गोल चक्कर से यशवंत प्लेस, मदरसा टी-पॉइंट से अरबिंदो मार्ग, लोधी रोड से जुड़े कई चौराहे, नीला गुंबद, ओबेरॉय फ्लाईओवर, डीपीएस मथुरा रोड के सामने यू-टर्न, रिंग रोड भैरों रोड और मंडी हाउस समेत 22 प्वाइंट्स पर डायवर्जन रहेगा।
ये सड़कें प्रभावित रहेंगी
- मोती लाल नेहरू मार्ग
- सरदार पटेल मार्ग
- मदर टेरेसा क्रिसेंट
- तीन मूर्ति मार्ग
- अकबर रोड
- तीस जनवरी मार्ग
- राजेश पायलट मार्ग
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने के लिए वैकल्पिक मार्ग
रूट 1: ISBT कश्मीरी गेट, बुलेवार्ड रोड, रानी झांसी मार्ग, DBG रोड, पंचकुइयां रोड और आउटर सर्कल कनॉट प्लेस से होकर।
रूट 2: आश्रम चौक, रिंग रोड, राजघाट और जवाहर लाल नेहरू मार्ग से होकर।
रूट 3: वंदे मातरम मार्ग, डॉ. अंबेडकर मार्ग, पंचकुइयां रोड और आउटर सर्कल कनॉट प्लेस से होकर।
हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन जाने के लिए वैकल्पिक मार्ग
रूट 1: AIIMS, रिंग रोड, आश्रम चौक और मथुरा रोड से होकर।
रूट 2: ISBT कश्मीरी गेट, रिंग रोड, राजघाट, रिंग रोड, आश्रम चौक और मथुरा रोड से होकर।
इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को सड़क के बजाय दिल्ली मेट्रो (खासकर एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन) का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। गुरुग्राम, द्वारका, दक्षिण, पश्चिम, उत्तर और पूर्वी दिल्ली से आने वाले वाहन चालकों के लिए बाईपास कॉरिडोर से जाने की सलाह दी गई है।
मेडिकल और इमरजेंसी गाड़ियों को प्राथमिकता
एडवाइजरी में बताया गया है कि दिल्ली में हर समय मेडिकल और इमरजेंसी गाड़ियों को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्हें बिना किसी रुकावट के चलने दिया जाएगा। एडवाइजरी में कहा गया है कि सभी जोन में जरूरी सामान और जरूरी सेवाओं के कामकाज के लिए बिना किसी रुकावट के आने-जाने की इजाजत होगी।


