
Delhi Traffic Advisory: रात में सेंट्रल विस्टा की ओर जाने से बचें, दिल्ली में ट्रैफिक एडवाइजरी जारी
Delhi Traffic Advisory: दिल्ली में अगले कुछ दिन वाहन चालकों को रात में सेंट्रल विस्टा के आसपास दिक्कत झेलना पड़ सकती है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एक एडवाइजरी जारी कर लुटियंस दिल्ली के कुछ हिस्सों में रात के वक्त ट्रैफिक पर रोक और डायवर्जन की घोषणा की है।
राजधानी दिल्ली में अगले कुछ दिन वाहन चालकों को रात में सेंट्रल विस्टा के आसपास रूट डायवर्जन और ट्रैफिक पर रोक का सामना करना पड़ सकता है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने शनिवार को एक एडवाइजरी जारी कर सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट के तहत हो रहे रोड री-कारपेटिंग के काम की वजह से लुटियंस दिल्ली के कुछ हिस्सों में रात के वक्त ट्रैफिक पर रोक और डायवर्जन की घोषणा की है।

ट्रैफिक एडवाइजरी के अनुसार, पहले फेज की पाबंदियां 22 नवंबर से 23 नवंबर तक रात 9 बजे से सुबह 6 बजे के बीच मोती लाल नेहरू मार्ग पर लगाई जाएंगी। इस दौरान सुनहरी बाग मस्जिद गोल चक्कर और साउथ फाउंटेन सर्कल के बीच दोनों तरफ ट्रैफिक बंद रहेगा। इस दौरान गाड़ियों को सुनहरी बाग मस्जिद गोल चक्कर और साउथ फाउंटेन गोल चक्कर से निकाला जाएगा।
एडवाइजरी में कहा गया है कि प्रभावित हिस्से पर किसी भी गाड़ी की आवाजाही या सड़क किनारे पार्किंग की इजाजत नहीं होगी। गलत तरीके से खड़ी की गई गाड़ियों को माता सुंदरी मार्ग पर बने ट्रैफिक पिट में ले जाया जाएगा।
सेंकेड फेज 24 नवंबर से 25 नवंबर तक चलेगा
एडवाइजरी के मुताबिक, काम का सेंकेड फेज 24 नवंबर से 25 नवंबर तक चलेगा, वह भी रात 9 बजे से सुबह 6 बजे तक और इससे दारा शिकोह रोड दोनों तरफ से प्रभावित होगा। इसमें कहा गया है कि विजय चौक की ओर जाने वाले ट्रैफिक को राजाजी मार्ग से कामराज मार्ग से सुनहरी मस्जिद से मोती लाल नेहरू मार्ग या रफी मार्ग से कर्तव्य पथ की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
गलत ढंग से गाड़ी पार्क करने वालों पर होगा केस
मेंटेनेंस कार्य के दौरान दारा शिकोह रोड पर गाड़ियों की आवाजाही और सड़क किनारे पार्किंग पर रोक रहेगी। गलत तरीके से पार्क की गई गाड़ियों को टो करके उन पर केस किया जाएगा। एडवाइजरी में कहा गया है कि टो की गई गाड़ियों को माता सुंदरी मार्ग पर पार्क किया जाएगा।
ट्रैफिक पुलिस ने कहा कि वाहन चालकों को रात के समय सेंट्रल विस्टा एरिया में और उसके आसपास जाम मिल सकता है। पुलिस ने इसे देखते हुए लोगों को अपनी यात्रा पहले से प्लान करने और दूसरे रास्ते चुनने की सलाह दी है। पुलिस ने कहा कि इमरजेंसी गाड़ियों को प्रायोरिटी दी जाएगी, हालांकि थोड़ी देरी हो सकती है।





