काम की बात: दिल्ली में 3 दिन आवाजाही मुश्किल, रूट देखकर निकलें बाहर; जानें कौन सी सड़कें बंद

हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

Delhi Traffic Advisory for BRICS Summit : - दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने ब्रिक्स सम्मेलन-2026 के लिए 3 दिन की ट्रैफिक एडवाइजरी जारी कर लोगों को अपनी यात्रा इसके हिसाब से प्लान करने की सलाह दी है। नई दिल्ली इलाके में 11 से 13 सितंबर तक आवाजाही मुश्किल होगी।

delhi traffic advisory for brics summit
ब्रिक्स समिट के लिए दिल्ली ट्रैफिक एडवाइजरी

Delhi Traffic Advisory : दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित होने वाले ब्रिक्स सम्मेलन-2026 के दौरान 11 से 13 सितंबर तक नई दिल्ली क्षेत्र में आवाजाही मुश्किल होगी। विदेशी मेहमानों के काफिले के लिए 35 से अधिक सड़कों पर ट्रैफिक को नियंत्रित रखा जाएगा।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की ओर से 22 स्थानों पर डायवर्जन पॉइंट बनाए गए हैं, वहां से इन सड़कों पर जाने से लोगों को रोक कर दूसरी जगह मोड़ा जाएगा। इसे लेकर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने डिटेल एडवाइजरी जारी का लोगों को नियंत्रित मार्गों की ओर न जाने की सलाह दी है।

ये सड़कें शामिल

एडवाइजरी के मुताबिक, मथुरा रोड (सुब्रमण्यम भारती मार्ग से लोधी रोड फ्लाईओवर तक), इंडिया गेट सी-हैक्सागन, तीस जनवरी मार्ग, जनपथ, मदर टेरेसा क्रीसेंट, तीन मूर्ति मार्ग, सत्य मार्ग, ब्रिगेडियर होशियार सिंह मार्ग, अफ्रीका एवेन्यू रोड (भीकाजी कामाप्लेस से यशवंत प्लेस तक), शांति पथ, अकबर रोड, अशोका रोड, सरदार पटेल मार्ग, पंचशील मार्ग, सुब्रमण्यम भारती मार्ग, कमाल अतातुर्क मार्ग, एपीजे अब्दुल कलाम रोड, डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग, पृथ्वीराज रोड, फिरोज शाह रोड, तुगलक रोड, नीला गुंबद, शेर शाह सूरी मार्ग, सैन मार्टिन मार्ग, तिलक मार्ग, राजेश पायलट मार्ग, कौटिल्य मार्ग, भगवान दास रोड, कर्तव्य पथ, पुराना किला रोड, सफदरजंग रोड, न्याय मार्ग पर यातायात बाधित रहेगा।

इन मार्गों पर नहीं होगी जाने की इजाजत

ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, डॉ. दिनेश नंदिनी डालमिया चौक डब्ल्यू पॉइंट से मथुरा रोड व तिलक मार्ग जाने की इजाजत नहीं होगी। राम चरण अग्रवाल चौक से मालवाहक वाहन से डब्ल्यू चौक नहीं जा पाएंगे। मीर दर्द चौक से महाराजा रणजीत सिंह मार्ग पर जाने की इजाजत नहीं होगी। कस्तूरबा गांधी मार्ग और जनपथ से सी-हैक्सागन की ओर जाना वर्जित रहेगा। पटेल चौक से विंडसर प्लेस और संसद मार्ग पर आरबीआई नहीं जा पाएंगे। आरएमएल हॉस्पिटल गोल चक्कर से मदर टेरेसा क्रिसेंट रोड और तालकटोरा रोड जाना प्रतिबंधित होगा। वंदे मातरम मार्ग से साइमन बोलिवर मार्ग पर नहीं जा पाएंगे। धौला कुआं फ्लाईओवर से सरदार पटेल मार्ग, मोती बाग फ्लाईओवर से शांति पथ, ब्रिगेडियर होशियार सिंह मार्ग गोल चक्कर से यशवंत प्लेस, मदरसा टी-पॉइंट से अरबिंदो मार्ग, लोधी रोड से जुड़े कई चौराहे, नीला गुंबद, ओबेरॉय फ्लाईओवर, डीपीएस मथुरा रोड के सामने यू-टर्न, रिंग रोड भैरों रोड और मंडी हाउस समेत 22 पॉइंट्स पर डायवर्जन रहेगा।

ट्रैफिक पुलिस ने रिहर्सल किया

प्रगति मैदान में आयोजित होने वाले सम्मेलन की सुरक्षा को फुलप्रूफ और अभेद्य बनाने के लिए सुरक्षा एजेंसियों ने सुरक्षा खाका तैयार कर लिया है। किसी भी तरह की मानवीय चूक को रोकने के लिए अत्याधुनिक तकनीकी ग्रिड और व्यापक रणनीतिक जोनल सिस्टम लागू किया गया है। वहीं, दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने मंगलवार को सम्मेलन के लिए गाड़ियों के काफिले के रिहर्सल किया। रिहर्सल रात 7.45 बजे से रात 10 बजे तक किया गया।

ब्रिक्स समिट के लिए दिल्ली ट्रैफिक एडवाइजरी

अतिथियों की सुरक्षा के लिए तीन बड़े उपाय किए गए

1. दिल्ली को नो फ्लाई जोन घोषित किया : आसमान से होने वाले किसी भी संभावित या तकनीकी खतरे को पूरी तरह बेअसर करने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। सम्मेलन के दौरान पूरी दिल्ली को नो-फ्लाई जोन घोषित कर दिया गया है। ड्रोन के अलावा हॉट एयर बलून, पैराग्लाइडर, पैरामोटर, हैंगग्लाइडर और यूएवी जैसी सभी रिमोट कंट्रोल और कम ऊंचाई पर उड़ने वाली उड़ानों पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया है।

2 घुसपैठ रोकने के लिए बायोमेट्रिक पास : सुरक्षा प्रणालियों में सेंधमारी और अनधिकृत प्रवेश को पूरी तरह नामुमकिन बनाने के लिए डिजिटल और बायोमेट्रिक ट्रेक पास प्रणाली लागू की की गई है। सभी सुरक्षाकर्मियों, अधिकारियों और उनके कर्मियों के लिए भी विशेष बायोमेट्रिक सुरक्षा पास जारी किए गए है। इन कर्मियों के लिए भी नो पास, नो एंट्री की व्यवस्था की गई है। बिना वैध पास और पहचान मिलान के किसी भी प्रवेश की अनुमति बिल्कुल नहीं होगी।

3 सात जोन और 27 सेक्टर में विभाजित : आईजीआई हवाई अड्डे से लेकर प्रगति मैदान और वीवीआईपी होटलों तक फैले पूरे परिचालन क्षेत्र को सात विशेष सुरक्षा जोन और 27 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन और सेक्टर की कमान सीधे तौर पर दिल्ली पुलिस के सीनियर कमांडर्स (जैसे पुलिस उपायुक्त और वरिष्ठ एसीपी) के हाथों में सौपी गई है, जो पल-पल की डिजिटल और ग्राउंड रिपोर्ट सीधे मुख्य सुरक्षा मुख्यालय को साझा करेंगे।

नेट अभ्यर्थियों को दी घर से जल्दी निकलने की सलाह

राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने नौ और 10 सितंबर को दिल्ली में यूजीसी नेट की फिर होने वाली परीक्षा में यूजीसी शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को घर से जल्दी निकलने की सलाह दी है। एनटीए के अनुसार, ब्रिक्स सम्मेलन के चलते यातायात पुलिस और संबंधित अधिकारियों की ओर से मार्ग परिवर्तन एवं पाबंदियां लागू की गई हैं। ऐसे में परीक्षा केंद्रों पर पहुंचने के दौरान अभ्यर्थियों को सुरक्षा और यातायात प्रतिबंधों की वजह से कुछ रास्तों पर जाम, मार्ग परिवर्तन और देरी का सामना करना पड़ सकता है।

स्कूल और शिक्षण संस्थान बंद रहेंगे

दिल्ली के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूल 11 सितंबर (शुक्रवार) को बंद रहेंगे। इसके बाद शनिवार और रविवार को अवकाश होने के कारण स्कूल अब सोमवार को खुलेंगे।

सरकारी दफ्तरों में भी अवकाश

दिल्ली सरकार और केंद्र सरकार के अधीन आने वाले सभी दफ्तर, शिक्षा निदेशालय के कार्यालय, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम और स्वायत्त निकाय 11 सितंबर को बंद रहेंगे। निजी दफ्तरों के कर्मचारियों को भी इस दौरान वर्क फ्रॉम होम (घर से काम) की सलाह दी गई।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करे और पाएं पल-पल की ताज़ा खबर
Hindi Newsएनसीआर Newsदिल्ली में 3 दिन आवाजाही मुश्किल, रूट देखकर निकलें बाहर; जानें कौन सी सड़कें बंद