काम की बात: ब्रिक्स समिट और IND vs AFG मैच के कारण आज दिल्ली में कई रास्तों पर रहेगी दिक्कत; देखें ट्रैफिक एडवाइजरी

नई दिल्ली, भाषा
share

Delhi Traffic Advisory : अगर आप भी आज दिल्ली में वीकेंड पर कहीं घूमने का प्लान बना रहे हैं तो जरा संभल जाइए। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने ब्रिक्स समिट और भारत और अफगानिस्तान टी20 क्रिकेट मैच के लिए कई रास्तों पर प्रतिबंध लगाते हुए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है।

delhi traffic advisory
दिल्ली ट्रैफिक एडवाइजरी

राजधानी दिल्ली में जारी ब्रिक्स समिट 2026 और अरुण जेटली स्टेडियम में भारत और अफगानिस्तान के बीच खेले जाने वाले टी20 क्रिकेट मैच के मद्देनजर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने रविवार के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से प्रभावित मार्गों से बचने और अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाने का आग्रह किया है।

एडवाइजरी के अनुसार, ब्रिक्स समिट में शामिल होने वाले गणमान्य व्यक्तियों (वीआईपी) की आवाजाही के दौरान सुरक्षा के घेरे में लिए गए नियंत्रित इलाकों में सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक ट्रैफिक की पाबंदियां लागू रहेंगी।

इसके अलावा, रविवार शाम को होने वाले भारत-अफगानिस्तान मैच के मद्देनजर अरुण जेटली स्टेडियम के आसपास दोपहर 2 बजे से यातायात पर प्रतिबंध और मार्ग परिवर्तन लागू रहेगा।

इन रास्तों पर जाने से बचें

मैच 13 सितंबर को शाम 7 बजे से रात 11.30 बजे तक खेला जाएगा। यातायात प्रतिबंध दोपहर 2 बजे से रात 11.45 बजे तक लागू रहने की संभावना है। ट्रैफिक एडवाइजरी के अनुसार, जरूरत के मुताबिक बहादुर शाह जफर मार्ग, डीडीयू मार्ग, मीरदर्द चौक और जेएलएन मार्ग पर प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं। इन मार्गों के निर्धारित हिस्सों पर मालवाहक वाहनों की आवाजाही भी प्रतिबंधित रहेगी। यात्रियों को जेएलएन मार्ग, बहादुर शाह जफर मार्ग, आसफ अली रोड और डीडीयू मार्ग से बचने तथा वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।

इन गेटों से प्रवेश

दर्शकों के लिए बहादुर शाह जफर मार्ग से गेट संख्या एक से आठ तक, अंबेडकर स्टेडियम बस टर्मिनल के निकट जेएलएन मार्ग से गेट संख्या 10-15 तक और पेट्रोल पंप के निकट बहादुर शाह जफर मार्ग से गेट संख्या 16-18 तक पहुंचने की व्यवस्था होगी।

टैक्सियां यहां करेंगी पिक एंड ड्रॉप

माता सुंदरी रोड, राजघाट पावर हाउस रोड और वेलोड्रोम रोड पर मुफ्त पार्किंग तथा पार्क एंड राइड सुविधा उपलब्ध होगी। स्टेडियम के आसपास सामान्य पार्किंग की अनुमति नहीं होगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों को हटाकर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ऐप आधारित टैक्सियों के लिए गेट नंबर दो और राजघाट चौक पर निर्धारित पिक-अप एवं ड्रॉप-ऑफ स्थान होंगे।

एक्स्ट्रा टाइम लेकर घर से निकलें

ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों को मैच के दिन के लिए जारी मार्ग में किए गए बदलावों का पालन करने, यथासंभव मेट्रो का उपयोग करने और यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर निकलने की सलाह दी है। स्टेडियम न जाने वाले आम लोगों को भीड़भाड़ से बचने के लिए इस मार्ग का उपयोग न करने का सुझाव दिया गया है।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करे और पाएं पल-पल की ताज़ा खबर
Hindi Newsएनसीआर Newsब्रिक्स और IND vs AFG मैच के कारण आज दिल्ली में ट्रैफिक प्रभावित रहेगा,देखें रूट