काम की बात: दिल्ली में आज और कल 31 रास्तों पर रहेगी यात्रा की रोक, समय लेकर निकलें

हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

Delhi Traffic Advisory : दिल्ली में ब्रिक्स सम्मेलन के चलते 2 दर्जन से अधिक सड़कों पर आम जनता के वाहनों की आवाजाही नियंत्रित रहने से दिक्कतों को सामना करना पड़ सकता है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से रूट प्लान देखकर यात्रा करने और वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करने की अपील की है।

Delhi Traffic Advisory
दिल्ली ट्रैफिक एडवाइजरी

ब्रिक्स सम्मेलन के मद्देनजर शनिवार और रविवार को राजधानी दिल्ली की 31 सड़कों पर सामान्य वाहनों की आवाजाही नियंत्रित रहेगी। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को वैकल्पिक मार्ग का प्रयोग करने और बस अड्डा, रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट आदि के लिए समय लेकर निकलने की सलाह दी है।

भारत मंडपम में दो दिन सम्मेलन के कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसके चलते विभिन्न होटलों से भारत मंडपम तक और कार्यक्रम समाप्त होने पर वापस होटल तक विदेशी मेहमानों के काफिले जाएंगे। कुछ स्थानों पर विदेशी मेहमान घूमने भी जा सकते हैं। इसके चलते नई दिल्ली एवं आसपास के क्षेत्रों में उनके काफिले आते-जाते रहेंगे। ऐसे में ट्रैफिक पुलिस द्वारा कुछ सड़कों को काफिलों के आने पर बंद रखने का निर्णय लिया गया है। कुछ सड़कों पर यातायात नियंत्रित किया जाएगा और केवल उस समय वाहनों को जाने दिया जाएगा जब कार्यक्रम के लिए वाहनों के काफिलों की आवाजाही न हो रही हो।

सलाह : जरूरी दस्तावेज और यात्रा टिकट साथ रखें

राजधानी में ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान अलग-अलग स्थानों पर आवाजाही पर रोक रहेगी। वाहन चालकों से लेकर जरूरी कार्य के लिए निकलने वाले लोगों के मन में कई तरह के सवाल हैं। यातायात पुलिस ने प्रतिबंधों को लेकर लोगों में असमंजस की स्थिति को देखते हुए सवालों के जवाब दिए हैं...

1. क्या ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान पूरी दिल्ली बंद रहेगी?

नहीं। सिर्फ कुछ चिन्हित स्थान और वीआईपी मूवमेंट वाले रूट पर प्रतिबंध रहेगा। आम लोगों के लिए अन्य रूट सामान्य रूप से खुले रहेंगे। हालांकि, कुछ रूट पर अस्थायी रूप से डायवर्जन हो सकता है।

2. कंट्रोल एरिया क्या है?

वह नोटिफाइड एरिया है, जहां सुरक्षा व यातायात प्रतिबंध लागू रहेगा।

3. मैं कंट्रोल एरिया में रहता हूं। क्या अपने घर आ-जा सकता हूं?

हां। स्थानीय निवासियों की मूवमेंट सुरक्षा व्यवस्था के अनुसार संचालित की जाएगी। अपना आईडी और आवासीय पते का प्रूफ साथ रखें।

4. मुझे एयरपोर्ट जाना है तो मैं क्या करूं?

अतिरिक्त समय लेकर निकलें। एयरपोर्ट एक्सप्रेस व मेट्रो का उपयोग करें। इस दौरान प्रतिबंधित क्षेत्र में जाने की अनुमति नहीं होगी। फ्लाइट टिकट व बुकिंग की जानकारी और पहचान पत्र साथ रखें। साथ ही, ट्रैफिक दिशानिर्देश देखें।

5. मुझे नई दिल्ली रेलवे स्टेशन या पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन जाना है। क्या करूं?

अतिरिक्त समय लेकर निकलें और मेट्रो व सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें। ट्रेन टिकट व पहचान पत्र साथ रखें।

6. किसी यात्री को रेलवे स्टेशन या एयरपोर्ट से पिक या ड्रॉप करना है। क्या करूं?

केवल चिन्हित क्षेत्र में पिक या ड्रॉप और पार्किंग क्षेत्र का इस्तेमाल करें। मुख्य सड़क या सुरक्षा के लिए अतिसंवेदनशील क्षेत्र पर वाहन रोककर यात्री का इंतजार न करें।

7. मेरी एनडीए व सीडीएस या कोई दूसरी परीक्षा है। एग्जाम सेंटर कैसे पहुंचे?

एडमिट कार्ड और आईडी कार्ड साथ रखें। सेंटर व रूट पहले देख लें। मेट्रो व सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करें और समय लेकर निकलें।

8. अगर कोई मेडिकल इमरजेंसी हो तो क्या करें?

मेडिकल इमरजेंसी को प्राथमिकता दी जाएगी। मौके पर ट्रैफिक पुलिसकर्मी को बताएं। जरूरत पर 112 व 1095 पर संपर्क करें।

9. अस्पताल जाना है, क्या करें?

पहले से तय अपॉइंटमेंट के लिए अतिरिक्त समय लेकर निकलें। इमरजेंसी में पास में ट्रैफिक पुलिसकर्मी को तुरंत सूचित करें।

10. क्या दिल्ली मेट्रो चलेगी?

हां, दिल्ली मेट्रो चलेगी। लेकिन, किसी स्टेशन पर जरूरत पड़ने पर प्रवेश व निकास द्वार अस्थाई रूप से बंद किया जा सकता है।

11. दूध, दवाई और दूसरी जरूरी सेवाओं का क्या होगा?

जरूरी सेवाओं के लिए की गई व्यवस्था के अनुसार मूवमेंट को संचालित किया जाएगा।

12. क्या बाजार बंद रहेंगे?

जवाब : नहीं, बाजार बंद नहीं रहेंगे।

कल सभी कॉरिडोर पर सुबह 6 बजे से चलेगी मेट्रो

रविवार को दिल्ली मेट्रो के सभी कॉरिडोर पर सुबह छह बजे से मेट्रो ट्रेन चलेगी। रविवार को आयोजित होने वाली विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के मद्देनजर डीएमआरसी ने यह फैसला किया है। डीएमआरसी ने कहा है कि ब्रिक्स सम्मेलन के कारण यातायात संबंधित पाबंदियों के बीच छात्रों व आम लोगों की आवाजाही की बेहतर सुविधा के लिए रविवार को दिल्ली मेट्रो का परिचालन सुबह छह बजे से शुरू किया जाएगा। रविवार को संयुक्त रक्षा सेवा परीक्षा (II) और राष्ट्रीय रक्षा अकादमी और नौसेना अकादमी परीक्षा (II) की परीक्षा होनी है। वहीं, मैट (मैनेजमेंट एप्टीट्यूड टेस्ट) का पेपर-आधारित टेस्ट भी होना है।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करे और पाएं पल-पल की ताज़ा खबर
Hindi Newsएनसीआर Newsदिल्ली में आज और कल 31 रास्तों पर रहेगी यात्रा की रोक, समय लेकर निकलें