
दिल्ली-पटना तेजस राजधानी में बम होने की धमकी, अलीगढ़ में 31 मिनट तक रुकी रही ट्रेन
दिल्ली से पटना जा रही तेजस राजधानी ट्रेन में बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद अधिकारियों में हड़कंप मच गया। दिल्ली कंट्रोल रूम से सूचना के बाद अलीगढ़ में ट्रेन को रोककर सघन तलाशी ली गई। जांच में कुछ भी नहीं मिलने के बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
दिल्ली से पटना जा रही तेजस राजधानी ट्रेन में बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद अधिकारियों में हड़कंप मच गया। दिल्ली कंट्रोल रूम से सूचना के बाद अलीगढ़ में ट्रेन को रोककर सघन तलाशी ली गई। जांच में कुछ भी नहीं मिलने के बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली। जांच-पड़ताल की वजह से ट्रेन को आधे घंटे से ज्यादा समय तक रोक कर रखा गया।
शनिवार देर रात अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली से पटना जा रही तेजस राजधानी ट्रेन को बम की धमकी मिलने के बाद 31 मिनट के लिए रोक दिया गया था, लेकिन जांच में कुछ भी नहीं मिला। अलीगढ़ आरपीएफ के कमांडिंग ऑफिसर गुलजार सिंह ने एएनआई को बताया कि तेजस राजधानी ट्रेन दिल्ली से पटना जा रही थी। हमें दिल्ली कंट्रोल से ट्रेन में बम होने की धमकी की सूचना मिली थी।
कमांडिंग ऑफिसर ने बताया कि सूचना मिलते ही हमारी पूरी बीडीएस (बम निरोधक दस्ता) टीम, स्थानीय पुलिस, स्टेशन हाउस ऑफिसर, सिविल अधिकारी, हमारे खोजी कुत्ते, अग्निशमन दल के अधिकारी और यहां के मंडल अधिकारियों ने ट्रेन की सघन जांच की। हालांकि जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। अधिकारी ने आगे बताया कि जांच के लिए ट्रेन को 31 मिनट तक रोका गया। उसके बाद ट्रेन को आगे जाने की अनुमति दे दी गई।
इससे पहले जनवरी में मऊ के पुलिस अधीक्षक एलमारन ने सूचित किया था कि अज्ञात कॉलर द्वारा बम की धमकी दिए जाने के बाद गोरखपुर से मुंबई जा रही काशी एक्सप्रेस की जांच की गई थी। लेकिन ऐसी कोई भी संदिग्ध चीज नहीं मिली थी।





