काम की बात: दिल्ली से गुरुग्राम तक बनेगा मेट्रो का एक और नया रूट, यशोभूमि से राजीव चौक जाना होगा आसान
दिल्ली से गुरुग्राम के लिए एक और नया मेट्रो रूट तैयार करने की तैयारी है। इसके लिए डीएमआरसी ने दिल्ली के स्थित यशोभूमि मेट्रो स्टेशन से गुरुग्राम के राजीव चौक तक नया मेट्रो रूट बनाने की योजना बनाई है।

दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) की तरफ से द्वारका एक्सप्रेसवे पर दिल्ली में स्थित यशोभूमि मेट्रो स्टेशन से दिल्ली-जयपुर हाईवे स्थित राजीव चौक तक नया मेट्रो रूट बनाने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए ड्रॉफ्ट डीपीआर बनाकर मंजूरी के लिए शहरी एवं आवासन मंत्रालय के पास भेजा गया है। मंत्रालय ने डीपीआर में संशोधन करने के दिशा-निर्देश दिए हैं।
डीएमआरसी ने दिल्ली एयरपोर्ट मेट्रो लाइन के विस्तार के लिए यशो भूमि मेट्रो स्टेशन से गुरुग्राम के राजीव चौक तक मेट्रो मार्ग विकसित करने की योजना के तहत ड्रॉफ्ट डीपीआर तैयार की है। इसके साथ-साथ डीएमआरसी ने द्वारका के सेक्टर-21 स्टेशन से लेकर गुरुग्राम के सेक्टर-21 तक मेट्रो के संचालन की योजना बनाई है। इन दोनों डीपीआर को मंत्रालय के समक्ष मंजूरी के लिए रखा गया था। बताया गया कि मंत्रालय में इस सिलसिले में एक बैठक हुई थी। बता दें कि, इस नए रूट के बनने द्वारका एक्सप्रेसवे से सटे सेक्टरों और कॉलोनियों में रहने वाले लोगों को नई कनेक्टिविटी मिल जाएगी।
रैपिड मेट्रो घाटे से बाहर निकली
हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की अध्यक्षता में सोमवार शाम को एचएमआरटीसी बोर्ड की बैठक हुई। एचएमआरटीसी के प्रबंध निदेशक डॉ. चंद्रशेखर खरे ने इस बैठक में बताया कि जनवरी से मई के दौरान रैपिड मेट्रो में 9.18 करोड़ रुपये की आय हुई है। पिछले साल इस समय में 1.98 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था। खरे ने बताया कि रैपिड मेट्रो से 35 करोड़ रुपये आय हो गई है।
मुख्यमंत्री से पचगांव मेट्रो की मंजूरी ली जाएगी
बैठक में मेट्रो और नमो भारत ट्रेन योजनाओं की समीक्षा हुई। सेक्टर-56 से लेकर पचगांव तक मेट्रो संचालन को लेकर 35.25 किमी लंबी एलिवेटेड मेट्रो की डीपीआर तैयार हो चुकी है। इसमें 28 स्टेशन प्रस्तावित हैं। इसे जल्द ही मुख्यमंत्री के सामने मंजूरी के लिए रखा जाएगा। बैठक में बल्लभगढ़-पलवल मेट्रो एक्सटेंशन और बहादुरगढ़-असौदा मेट्रो कॉरिडोर की समीक्षा हुई। पलवल मेट्रो एस्टेशन की लंबाई 30.30 किमी है और इसमें 18 स्टेशन प्रस्तावित हैं। असौदा मेट्रो के लिए राइडरशिप का आकलन किया जा रहा है।
दिल्ली में 7 नए मेट्रो कॉरिडोर बनेंगे
गौरतलब है कि डीएमआरसी दिल्ली मेट्रो फेज-5 (बी) के तहत राजधानी में में 7 नए कॉरिडोर बनाएगा। इनमें 65 स्टेशनों के माध्यम से मेट्रो की कनेक्टिविटी 97 किलोमीटर तक और बढ़ जाएगी। इन सभी कॉरिडोर के निर्माण पर 48 हजार करोड़ रुपये से अधिक की लागत आएगी।
पहला कॉरिडोर नजफगढ़ के ढांसा बस स्टैंड से नांगलोई तक होगा। 11.859 किलोमीटर लंबा यह कॉरिडोर पूरी तरह से एलिवेटेड और स्वतंत्र कॉरिडोर होगा, जिसमें 9 स्टेशन होंगे।
दूसरा कॉरिडोर केंद्रीय सचिवालय को किशनगढ़ से जोड़ेगा। 15.969 किमी लंबे रूट पर पर 10 स्टेशन होंगे। इनमें 9 अंडरग्राउंड और एक एलिवेटेड स्टेशन होगा।
तीसरा कॉरिडोर समयपुर बादली से नरेला तक होगा। इस रूट पर 8 स्टेशन बनेंगे। 12.89 किमी लंबा कॉरिडोर पूरी तरह से एलिवेटेड होगा।
चौथा कॉरिडोर कीर्ति नगर से पालम तक होगा, जो 9.967 किमी लंबा होगा।
पांचवां कॉरिडोर पर 16.991 किलोमीटर लंबा होगा, जो जोर बाग से मीठापुर तक अनेक कॉलोनियों को मेट्रो कनेक्टविटी से जोड़ेगा।
छठा कॉरिडोर शास्त्री पार्क से मयूर विहार फेज-3 तक बनेगा। यह रूट करीब 13.197 किमी लंबा होगा, जिसमें 8.99 किमी हिस्सा अंडरग्राउंड होगा।
सातवां कॉरिडोर केशवपुरम से रोहिणी सेक्टर 34 तक बनेगा। इसमें 12 स्टेशन होंगे। 16.285 किमी लंबा यह रूट पूरी तरह से एलिवेटेड होगा।
भाषा के इनपुट के साथ


