जाम से थमी दिल्ली की स्पीड, मेट्रो स्टेशनों पर भी लंबी कतारें, DMRC की एडवाइजरी
Delhi Traffic Jam: दिल्ली में मंगलवार को कई सड़कों पर भारी जाम देखा गया। इससे बड़ी संख्या में वाहन सड़कों पर जहां तहां फंसे रहे। जाम से परेशान लोगों ने सोशल मीडिया पर भड़ास निकाली। मेट्रो स्टेशनों पर भी लंबी कतारें दिखीं।

गणतंत्र दिवस परेड की रिहर्सल के कारण मंगलवार को मध्य दिल्ली में कई सड़कों पर भारी जाम देखा गया। इससे बड़ी संख्या में वाहन सड़कों पर जहां तहां फंसे नजर आए। सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने कहा कि उनको ऑफिस के लिए देर हो गई है। दिल्ली की सड़कों पर इतना जाम है कि अब वह काम पर नहीं जाना चाहते हैं।
इन सड़कों पर लगा जाम
आईटीओ के पास बहादुर शाह जफर मार्ग की ओर जाने वाले मार्ग, रिंग रोड की मुख्य सड़कों, आश्रम और आईपी एस्टेट फ्लाईओवर के बीच के मार्ग, मान सिंह रोड, रफी मार्ग, जनपथ रोड, शाहजहां रोड, अकबर रोड, अशोक रोड और कर्तव्य पथ के आसपास के अन्य सड़कों पर ट्रैफिक जाम से बुरी तरह प्रभावित रहे।
यूजर्स ने निकाली भड़ास
कर्तव्य पथ के पास भारी ट्रैफिक जाम की तस्वीर 'पोस्ट' करते हुए एक यूजर ने एक्स पर लिखा- दिल्ली ट्रैफिक पुलिस से यातायात प्रबंधन के लिए कहना बेकार है? पूरी मध्य दिल्ली जाम से ठप है। एक अन्य यूजर ने एक्स पर पोस्ट किया, काम के लिए बाहर जाने का मन नहीं कर रहा। दिल्ली में भारी ट्रैफिक जाम है।
ट्रैफिक पुलिस पर फोड़ा ठीकरा
वाहन चालकों ने ट्रैफिक कर्मियों पर यातायात को ठीक से नियंत्रित नहीं करने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि ट्रैफिक के लिए रूट डायवर्जन के बारे में उचित जानकारी नहीं दी गई थी। एक अन्य ने ऑनलाइन मैप पोस्ट करते हुए लिखा- मध्य दिल्ली जाने वाली सभी सड़कें जाम हैं। लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में एक घंटा से अधिक समय सड़क पर इंतजार करना पड़ रहा है।
दो घंटे से ज्यादा समय तक फंसे रहे लोग
रजत कुमार रोजाना अपनी कार से दफ्तर जाते हैं। उन्होंने कहा- आमतौर पर मैं समय पर दफ्तर पहुंचने के लिए सुबह जल्दी निकल जाता हूं। लेकिन आज स्थिति बिलकुल अलग थी। मैं दो घंटे से ज्यादा समय तक जाम में फंसा रहा। मुझे अपने वरिष्ठों को बताना पड़ा कि मैं काम पर देर से पहुंचूंगा।
क्यों लग रहा जाम?
रजत कुमार ने कहा कि गणतंत्र दिवस के कारण सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है। ट्रैफिक पुलिस हर नाके पर वाहनों की जांच कर रही है जिससे जाम और बढ़ जाता है। ट्रैफिक पुलिस की ओर से 15 जनवरी को जारी एडवाइजरी में मध्य दिल्ली में सड़कें बंद होने के बारे में जनता को सूचित करने के बावजूद जाम की स्थिति बनी रही।
दक्षिणी दिल्ली में भी भारी ट्रैफिक जाम
दक्षिणी दिल्ली के कई इलाकों में भी भारी ट्रैफिक जाम की खबर है। एक यात्री ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया कि वे एमबी रोड पर दो घंटे तक यातायात जाम में फंसे रहे। मेट्रो का विकल्प चुनने वाले कुछ यात्रियों ने गणतंत्र दिवस से पहले कड़ी सुरक्षा जांच के कारण स्टेशनों पर लंबी कतारों की शिकायत की।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी
दिल्ली पुलिस ने हाल ही में एक ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। इसमें कहा गया है कि कर्तव्यपथ पर परेड की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए चार दिन यातायात को लेकर विशेष व्यवस्था की गई है।
मेट्रो स्टेशनों पर भी लंबी कतारें
एक यूजर ने एक्स पर एक वीडियो पोस्ट किया जिसमें मेट्रो स्टेशन पर लंबी कतार दिख रही है। यूजर ने पोस्ट में लिखा- दिल्ली मेट्रो कृपया हम काम के इतने व्यस्त समय में यह सब नहीं झेल सकते। हम भारी यातायात से बचने के लिए दिल्ली मेट्रो का इस्तेमाल करते हैं।
DMRC ने जारी की एडवाइजरी
इस बीच दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने अपनी एडवाइजरी में कहा है कि गणतंत्र दिवस के मद्देनजर CISF की ओर से गहनता से जांच की जा रही है। इसकी वजह से व्यस्त समय के दौरान कुछ स्टेशन पर लंबी कतारें लग सकती हैं। ऐसे में यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे अपनी यात्रा की योजना इसी के अनुसार बनाएं और इन दिनों के दौरान यात्रा के लिए कुछ अतिरिक्त समय रखें।
लेखक के बारे में
Krishna Bihari Singhकृष्ण बिहारी सिंह वरिष्ठ पत्रकार और स्टेट टीम का हिस्सा (दिल्ली-NCR, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, राजस्थान और गुजरात )
संक्षिप्त विवरण
कृष्ण बिहारी सिंह पिछले 15 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। कृष्ण बिहारी सिंह लाइव हिन्दुस्तान में कार्यरत हैं। वह स्टेट टीम के साथ काम कर रहे हैं। कृष्ण बिहारी सिंह भारतीय मीडिया जगत में केबी उपनाम से चर्चित हैं। यूपी के मऊ जिले से ताल्लुक रखने वाले केबी महाराष्ट्र और हरियाणा में पत्रकारिता कर चुके हैं। मौजूदा वक्त में वह दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय हैं।
विस्तृत बायो
परिचय और अनुभव: कृष्ण बिहारी सिंह लोकमत, आज समाज, राष्ट्रीय सहारा, अमर उजाला और दैनिक जागरण अखबार में विभिन्न पदों पर काम कर चुके हैं। उन्होंने साल 2019 में जागरण डॉट कॉम से डिजिटल मीडिया में कदम रखा। कृष्ण बिहारी सिंह मौजूदा वक्त में भारत के प्रसिद्ध समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) की स्टेट टीम में डिप्टी चीफ एडिटर (कंटेंट क्रिएटर) के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: लॉ (एलएलबी) और साइंस (बी.एससी, बायोलॉजी) से ग्रेजुएट कृष्ण बिहारी सिंह ने महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में एमए और एमफिल किया है। कृष्ण बिहारी सिंह भारतीय राजनीति और वैश्विक मामलों के साथ विधि विषय की गहरी समझ रखते हैं। अखबार से लेकर टेलीविजन और अब डिजिटल मीडिया के बदलावों के साक्षी रहे कृष्ण बिहारी सिंह पाठकों की पसंद और बदलते ट्रेंड को बारीकी से समझते हैं।
रिपोर्टिंग एवं विशेषज्ञता: कृष्ण बिहारी सिंह राजनीति, जिओ पॉलिटिक्स, जन सरोकार और क्राइम की खबरों पर पैनी नजर रखते हैं। कृष्ण बिहारी सिंह ने अब तक विभिन्न मीडिया संस्थानों में नेशनल, इंटरनेशनल, बिजनेस, रिसर्च एवं एक्सप्लेनर और संपादकीय टीमों के साथ लंबे समय तक काम किया है। यही वजह है कि खबर के पीछे छिपे एजेंडे की समझ रखने वाले केबी समसामयिक घटनाक्रमों पर गहरा विश्लेषण करते हैं।
पत्रकारिता का उद्देश्य: कृष्ण बिहारी सिंह 'राष्ट्र प्रथम' की भावना के साथ काम करते हैं। केबी का मानना है कि एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी उसका राष्ट्र और लोक कल्याण है। केबी खबरों को पहले प्रमाणिकता की कसौटी पर कसते हैं, फिर आम जनमानस की भाषा में उसे परोसने का काम करते हैं। केबी का मानना है कि रिपोर्टिंग का उद्देश्य पाठकों को न केवल सूचना देना वरन उन्हें सही और असल जानकारी देना है।


