कारोबारी की दौलत देखकर टैक्स भरने वाला बना बदमाश, मांगी 20 लाख की रंगदारी
दिल्ली पुलिस ने शाहबाद डेरी में कबाड़ कारोबारी से 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिसमें मुख्य आरोपी जीएसटी प्रोफेशनल है जिसने कारोबारी की आय जानकर साजिश रची थी।

राजधानी दिल्ली के शाहबाद डेरी इलाके में कबाड़ कारोबारी से 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला पुलिस ने सुलझा लिया है। मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है।
कारोबारी को दी थी धमकी
आरोपियों ने कारोबारी को धमकी दी थी कि अगर रुपये नहीं दिए, तो पश्चिम विहार इलाके में हुई गोलीबारी की तरह ही उस पर भी हमला करेंगे। गिरफ्तार बदमाशों में चिराग महेंद्रू, आशुतोष पांडे और अंकित मिश्रा शामिल हैं। इनमें से मुख्य आरोपी चिराग जीएसटी रिटर्न फाइल करने का काम करता है। कारोबारी ने जीएसटी के सिलसिले में उससे संपर्क किया था। इसी दौरान आरोपी को कारोबारी की इनकम की जानकारी हुई। इसके बाद उसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर कारोबारी से मोटी रकम वसूलने की साजिश रची। मुख्य आरोपी ने पिछले कुछ समय में दिल्ली में हुई रंगदारी की वारदातों को देखकर यह योजना बनाई थी।
साथियों संग रची साजिश
पुलिस ने बताया कि आरोपियों में चिराग महेंद्रू मुख्य आरोपी है। वह पहले एक कैफे में काम करता था। आशुतोष पांडे टैक्सी चालक है। अंकित मिश्रा आजादपुर में अकाउंटेंट के तौर पर काम करता है। पुलिस को शक है कि यह गैंग उत्तरी जिला में भी सक्रिय रहा है। पुलिस अब इनसे पूछताछ कर रही है।
गोली मारने की दी धमकी
पुलिस ने बताया कि कारोबारी को धमकी भरी कॉल 15 जनवरी की रात आई थी। फोन करने वालों ने रोहिणी सेक्टर-11 निवासी 52 वर्षीय कबाड़ कारोबारी से 20 लाख रुपये की मांग की थी। आरोपियों ने 24 घंटे में रुपये नहीं देने पर कारोबारी को सरेआम गोली मारने की धमकी दी थी।
दूसरे दिन भी फोन किया
पीड़ित ने बताया कि आरोपियों ने रंगदारी मांगने के अगले दिन 16 जनवरी को फिर फोन किया। इस पर आरोपियों ने पीड़ित को धमकाते हुए कहा कि वह खुद ही रुपये ले जाएंगे। डर के मारे घर में बंद शिकायतकर्ता ने इसके बाद शाहबाद डेयरी पुलिस थाने से संपर्क किया। जांच के दौरान पुलिस फोन नंबर के आधार पर आरोपियों तक पहुंच गई।





