
बहन से दोस्ती करने पर नाबालिग पड़ोसी को चाकू से गोद डाला, दिल्ली में सनसनीखेज मर्डर
दिल्ली के भलस्वा डेयरी इलाके में एक लड़के ने बहन से दोस्ती करने पर नाबालिग पड़ोसी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी हमलावर दोस्तों समेत फरार हो गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से मुख्य आरोपी समेत पांच नाबालिग आरोपियों को पकड़ लिया।
राजधानी दिल्ली के भलस्वा डेयरी इलाके में शुक्रवार देर रात एक लड़के ने बहन से दोस्ती करने पर नाबालिग पड़ोसी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी हमलावर दोस्तों समेत फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल मुख्य आरोपी समेत पांच नाबालिग आरोपियों को पकड़ लिया। इनके कब्जे से हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया है।
डीसीपी हरेश्वर वी स्वामी ने बताया कि गत 28 नवंबर की रात भलस्वा डेयरी पुलिस को गोला चौक नमक गोदाम के पास चाकूबाजी की सूचना मिली थी।
पुलिस मौके पर पहुंची तो पता चला कि घायल 17 साल के नाबालिग को पास के अस्पताल ले जाया गया है। पुलिस अस्पताल पहुंची तो पता चला कि नाबालिग की मौत हो चुकी है। पुलिस ने जांच शुरू की तो पता चला कि नाबालिग पर चार-पांच लड़कों ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वह अचेत होकर गिर गया तो आरोपी हमलावर मौके से फरार हो गए।
आरोपी ने साथियों के साथ घेरकर वार किया
घटना की जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि 17 साल का नाबालिग अपने परिजनों के साथ भलस्वा डेयरी इलाके में साथ रहता था। उसकी पड़ोस में रहने वाली एक लड़की से दोस्ती थी। इस बात को लेकर नाबालिग का लड़की के भाई से विवाद चल रहा था। शुक्रवार रात नाबालिग किसी काम से स्वरूप नगर एक्सटेंशन के गोला चौक इलाके पास गया था, तभी लड़की के भाई ने अपने चार दोस्तों के साथ उसकी हत्या कर दी।





