मॉनसून की मेहरबानी से दिल्ली में 11 साल में सबसे ज्यादा साफ हवा, फिर लौटेगा तेज बारिश का दौर?
Delhi Weather News : राजधानी दिल्ली में इस बार बेशक उमस और गर्मी बरकरार है, लेकिन 11 साल में हवा सबसे साफ बनी हुई है। यह सब मॉनसूनी की मेहरबानी का असर है, जिससे हवा में सुधार देखा जा रहा है।

राजधानी दिल्ली में हो रही अच्छी बारिश का सबसे ज्यादा असर प्रदूषण पर देखने को मिला है। कोरोना काल के प्रतिबंधों वाले वर्ष को छोड़ दें तो पिछले 11 साल में इस वर्ष साफ हवा वाले सबसे ज्यादा दिन रहे हैं।
वायु गुणवत्ता के मानकों में आमतौर पर 200 से नीचे के सूचकांक को सुरक्षित दायरे में रखा जाता है। अगर केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों पर नजर डालें तो इस साल अब तक 142 दिन ऐसे आ चुके हैं, जब वायु गुणवत्ता का स्तर 200 से नीचे है। कोविड प्रतिबंधों वाले वर्ष 2020 के बाद यह सबसे ज्यादा है। वर्ष 2020 में नौ अगस्त तक कुल 165 दिन साफ हवा वाले रहे थे, जबकि वर्ष 2023 में ऐसे दिनों की संख्या 141 रही थी।
अगस्त में औसत से ज्यादा हो चुकी है बारिश
दिल्ली समेत उत्तर भारत में मॉनसूनी गतिविधियों के सक्रिय रहने के चलते पिछले पांच दिनों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। इस दौरान दिल्ली की मानक वेधशाला सफदरजंग में 229.7 मिमी बारिश दर्ज की गई। आमतौर पर अगस्त में 226.8 मिमी बारिश होती है। इससे पहले जुलाई में भी सामान्य से 23 फीसदी ज्यादा बारिश दर्ज की गई थी। बारिश के चलते हवा में मौजूद रहने वाले प्रदूषक कण काफी हद तक साफ हो चुके हैं।
लगातार 10वें दिन 100 अंक से नीचे एक्यूआई
केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक, रविवार को दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 87 रहा। इस स्तर की हवा को संतोषजनक श्रेणी में रखा जाता है। सीपीसीबी आंकड़े बताते हैं कि इस स्तर तक साफ रहने वाली हवा का इस साल यह सबसे लंबा स्पेल (अवधि) है। 31 जुलाई से अब तक लगातार एक्यूआई 100 से नीचे बना हुआ है। 7 अगस्त को यह सबसे कम 63 अंक दर्ज किया गया था। अगर इस साल की बात करें तो 9 जुलाई को हवा सबसे ज्यादा साफ रही थी। इस दिन का वायु गुणवत्ता सूचकांक 48 था।
राजधानी में कल तेज बारिश के आसार, अलर्ट जारी
दिल्ली में एक बार फिर तेज बारिश का दौर लौट सकता है। मौसम विभाग का अनुमान है कि मंगलवार को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसे देखते हुए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। दिल्ली के ज्यादातर इलाकों में सुबह के समय हल्के बादल छाए रहे, लेकिन दिन चढ़ने के साथ ही तेज धूप निकल आई। हालांकि, नमी के चलते लोगों को ज्यादा गर्मी और उमस का अहसास नहीं हुआ। सफदरजंग मौसम केन्द्र में अधिकतम तापमान 35.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.1 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। न्यूनतम तापमान 26.3 डिग्री सेल्सियस रहा।


