इधर कॉकरोच जुटान, उधर शरजील इमाम की अंतरिम बेल रद्द कराने पहुंची पुलिस; क्या आरोप?
दिल्ली पुलिस ने दिल्ली दंगों के आरोपी शरजील इमाम की अंतरिम जमानत रद्द करने के लिए अदालत में याचिका दायर की है। बता दें कि हाल ही में शरजील इमाम को अपने भाइयों की शादी में शामिल होने के लिए अंतरिम जमानत मिली थी।

एक तरफ राष्ट्रीय राजधानी में कॉकरोचों की जुटान से निपटने की कावायद चल रही है तो दूसरी तरफ दिल्ली पुलिस ने दिल्ली दंगों की साजिश के मामले में आरोपी शरजील इमाम की अंतरिम जमानत रद्द करने के लिए अदालत का रुख किया है। पुलिस का दावा है कि शरजील इमाम ने मीडिया से बात करके अंतरिम जमानत की शर्तों को तोड़ा है। सनद रहे हाल ही में अदालत ने शरजील इमाम को दिल्ली और बिहार में अपने दो चचेरे भाइयों की शादियों में शामिल होने के लिए 4 से 10 अक्टूबर तक 7 दिन की अंतरिम जमानत दी थी। अभियोजन पक्ष ने उनकी गंभीर पृष्ठभूमि का हवाला देते हुए याचिका का कड़ा विरोध किया था।
मीडिया से बात करके तोड़ी अंतरिम जमानत की शर्तें
'लाइव लॉ' के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने दिल्ली दंगा साजिश मामले में शरजील इमाम की 7 दिन की अंतरिम जमानत रद्द करने के लिए अदालत का रुख किया है। दिल्ली पुलिस ने इसको लेकर अर्जी दी है। इसमें दिल्ली पुलिस ने आरोप लगाया है कि शरजील इमाम ने मीडिया से बात करके अंतरिम जमानत की शर्तों का उल्लंघन किया है।
अदालत ने लगाई थी ये शर्तें
गौरतलब है कि अदालत ने शरजील इमाम को अंतरिम जमानत देते वक्त कुछ शर्तें भी लगाईं थीं। इन शर्तों के मुताबिक, अदालत ने शरजील इमाम को अंतरिम जमानत की अवधि के दौरान किसी गवाह या मामले से जुड़े किसी व्यक्ति से संपर्क नहीं करने का निर्देश दिया था। साथ ही, इस अवधि के दौरान सोशल मीडिया का इस्तेमाल करने या किसी मीडियाकर्मी से बातचीत नहीं करने की भी हिदायत दी थी।
आज करना है सरेंडर
अदालत की ओर से शरजील इमाम को केवल अपने परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों और दोस्तों से मिलने को कहा गया था। साथ ही शरजील को उन स्थानों पर रहने को कहा गया था जहां शादी समारोह और मेहमानों के ठहरने की व्यवस्था होगी। अदालत ने इमाम को 10 अक्टूबर की शाम तक संबंधित जेल अधीक्षक के सामने सरेंडर करने को कहा था। अदालत ने कहा था कि शरजील के सरेंडर करने के बाद अदालत में एक रिपोर्ट दाखिल की जाएगी।
सरकारी वकील ने किया था विरोध
पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली पुलिस की ओर से विशेष लोक अभियोजक यानी सरकारी वकील अनिरुद्ध मिश्रा पेश हुए थे। उन्होंने शरजील इमाम की अंतरिम जमानत याचिका का विरोध किया था। उन्होंने अपनी दलीलों में कहा था कि शरजील इमाम के खिलाफ गंभीर आरोप हैं। शरजील इमाम की नियमित जमानत की याचिकाएं भी कई बार खारिज हो चुकी हैं। शादी समारोह में शरजील इमाम की मौजूदगी जरूरी नहीं है। यदि ऐसा ही तो वह अपने कई चचेरे भाई-बहनों की शादी के आधार पर बार-बार अंतरिम जमानत की याचिकाएं लगाकर राहत की गुहार लगाता दिख सकता है।
एक तरफ कॉकरोचों की जुटान, दूसरी तरफ शरजील का झाम
गौरतलब है कि शरजील इमाम की अंतरिम जमानत के खिलाफ दिल्ली पुलिस का यह कदम ऐसे वक्त में सामने आया है जब दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी ने प्रदर्शन करने की घोषणा की है। दिल्ली पुलिस की ओर से राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा बेहद कड़ी कर दी गई है। जगह-जगह से कॉकरोच प्रदर्शनकारी हिरासत में लिए जा रहे हैं। दिल्ली पुलिस ने CJP के अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को राष्ट्रीय राजधानी में हिरासत में ले लिया है।

