दिल्ली की कैब में कब शुरू होगी राइड शेयरिंग और कार पूलिंग? मंत्री ने बता दिया
पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने दिल्ली में एक महीने के भीतर टैक्सी एग्रीगेटर्स को राइड शेयरिंग शुरू करने के निर्देश दिए हैं, जिससे निजी इलेक्ट्रिक वाहन बिना किसी अतिरिक्त परमिट के प्लेटफॉर्म से जुड़ सकेंगे।

दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने वाहनों से होने वाले प्रदूषण की रोकथाम की दिशा में बड़े कदम की शुरुआत की है। बुधवार को मंत्री ने ओला, ऊबर, रैपिडो सहित टैक्सी एग्रीगेटर्स के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने परिवहन विभाग को एक माह में राइड शेयरिंग की सुविधा लागू करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही इन कंपनियों के ऐप पर ही कार पूलिंग फीचर देने की तैयारी है।
इस दौरान मंत्री ने इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को बढ़ावा देने के लिए मंत्री ने कहा कि निजी रजिस्ट्रेशन वाले इलेक्ट्रिक वाहन बिना कमर्शियल फीस, परमिट या अतिरिक्त लाइसेंस शर्तों के एग्रीगेटर प्लेटफार्म से जोड़े जा सकेंगे।
मंत्री सिरसा ने परिवहन विभाग को निर्देश दिए कि वह कानूनी, सुरक्षा और बीमा से जुड़े पहलुओं की जांच कर ऐसा ढांचा तैयार करें जिससे निजी ईवी मालिक भी सुरक्षित तरीके से इसमें शामिल हो सकें। पर्यावरण मंत्री ने बैठक के दौरान कहा कि यातायात कम करने और साझा व ग्रीन परिवहन को बढ़ावा देने में मोबिलिटी एग्रीगेटर्स की भूमिका अहम है। बैठक में राइड शेयरिंग पर विस्तार से चर्चा हुई।
‘परिवहन विभाग जल्द पूरी करे सभी तैयारी’
मंत्री ने जोर देते हुए कहा कि सभी एग्रीगेटर्स द्वारा दिल्ली में राइड शेयरिंग सेवाएं जल्द से जल्द शुरू की जाएं। इस दौरान एग्रीगेटर्स ने बताया कि कुछ तकनीकी और संचालन से जुड़ी तैयारियां बाकी हैं। जिस पर मंत्री ने परिवहन विभाग को एक महीने के भीतर राइड शेयरिंग सुविधा पूरी तरह से लागू करने के निर्देश दिए।
रोहिणी में अत्याधुनिक मुख्यालय बनेगा
दिल्ली को प्रदूषण मुक्त करने के लिए डीएसआईआईडीसी व डीपीसी के बीच अहम समझौता हुआ है। मंत्री सिरसा ने बताया इसके तहत रोहिणी में अत्याधुनिक मुख्यालय का निर्माण किया जाएगा। जो पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों की बेहतर निगरानी करेगा।





