
दिल्ली में लाल किले के सामने की सड़क आज से फिर खोलने की तैयारी, धमाके के बाद से थी बंद
दिल्ली में कार धमाके के बाद से बंद लाल किले के सामने की सड़क को आज से फिर यातायात के लिए खोलने की तैयारी है। ब्लास्ट की जांच कर रही एनआईए की टीम ने शुक्रवार शाम को आखिरी बार घटनास्थल का दौरा कर सबूतों की जांच की।
राजधानी दिल्ली में कार धमाके के बाद से बंद लाल किले के सामने की सड़क को आज से फिर यातायात के लिए खोलने की तैयारी है। लाल किला ब्लास्ट केस की जांच कर रही एनआईए की टीम ने शुक्रवार शाम को आखिरी बार घटनास्थल का दौरा किया। इस दौरान सीएफएसएल की टीम भी मौजूद थी। दोनों टीमों ने सबूतों की जांच भी की।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि सोमवार रात विस्फोट के बाद से लाल किला के सामने से गुजरने वाली सड़क को सामान्य यातायात के लिए बंद कर दिया गया था। इसके पीछे एक वजह घटनास्थल पर विस्फोट से जुड़े सबूत और केस प्रॉपर्टी थी। इसे हटाने से सबूतों के नष्ट होने की आशंका थी।
टीमाें ने फिर से की जांच : एनआईए, स्पेशल सेल, क्राइम ब्रांच, सीएफएसएल की टीमों ने कई बार घटनास्थल का दौरा कर सबूत आदि जमा किए अब इस सड़क को खोले जाने की तैयारी है। इसी के तहत एनआईए और सीएफएसएल की टीमों ने आखिरी बार घटनास्थल पर मौजूद केस प्रॉपर्टी की जांच की। इसके पीछे किसी भी महत्वपूर्ण सबूत के मौके पर छूटने से बचाने की कवायद है।
साइबर पुलिस स्टेशन परिसर में रखवाई जाएंगी केस प्रॉपर्टी : दोनों एजेंसियों से स्वीकृति मिलने के बाद केस प्रॉपर्टी को शुक्रवार देर रात को मॉरिस नगर स्थित साइबर पुलिस स्टेशन परिसर में रखवा दिया जाएगा। इस केस प्रॉपर्टी में क्षतिग्रस्त वाहन, उमर की क्षतिग्रस्त कार और अन्य सामान हैं। पुलिस अधिकारी ने बताया कि शनिवार से सड़क को आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की जाएगी।





