महज 15 मिनट के फासले से गुजर गई मौत... दिल्ली धमाके के प्रत्यक्षदर्शी की आंखोदेखी
दिल्ली के लाल किला पार्किंग में हुए भीषण विस्फोट से इलाके में दहशत फैल गई, जहाँ सिकंदरा निवासी यशवीर सिंह की कार क्षतिग्रस्त हो गई मगर महज 15 मिनट के फासले ने उन्हें और उनके रिश्तेदार को सुरक्षित बचा लिया क्योंकि वे खरीदारी के लिए मार्केट में थे।
‘महज 15 मिनट का फासला। मौत इतनी करीब थी यह सोचकर दिल दहल उठता है। गनीमत रही कि वक्त पर पार्किंग से बाहर आ गए और सामने मार्केट में चले गए। भगवान की कृपा है कि विस्फोट की चपेट में कार आई मगर जान बच गई। सामने जो मंजर है, उसे देखकर सबकुछ असहज लग रहा है।’

यह कहना है आगरा के सिकंदरा क्षेत्र के कारगिल रोड निवासी यशवीर सिंह का। वह सोमवार को अपने रिश्तेदार प्रभात के साथ दिल्ली में शादी की खरीदारी करने गए थे। इन लोगों ने शाम 6.30 बजे लाल किला के पास पार्किंग में अपनी स्कॉर्पियो खड़ी की थी। सब कुछ ठीक-ठाक था। आपस में चर्चा कर रहे थे कि क्या-क्या खरीद लिया है और क्या बाकी है। इसके बाद दोनों लाजपत राय इलेक्ट्रॉनिक्स मार्केट में चले गए। वहां पसंद का सामान देख ही रहे थे कि करीब 15 मिनट बाद तेज धमाके से पूरा इलाका दहल गया। चारों तरफ अफरा-तफरी मच गई।
मार्केट में लोग तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे थे। पहले सिलेंडर या सीएनजी गाड़ी में विस्फोट की बात कही गई। कुछ देर बाद ईको वैन में धमाके की बात सामने आई। कोई बाहर निकलने की हिम्मत नहीं करा पा रहा था।
यशवीर सिंह ने बताया कि कुछ देर बाद जब हम लोग लाजपत राय मार्केट की गली से बाहर आए तो वहां भगदड़ जैसे हालात थे। पुलिस स्थिति संभालने में जुटी थी। वाहनों के ऊपर और सड़क पर शव पड़े थे। डर की वजह से ज्यादा आगे नहीं बढ़े। फिर बाहर से मार्केट में पहुंचे लोगों ने बताया कि वहां शवों के चिथड़े उड़ गए हैं।
कार में रखा था शादी की खरीदारी का सामान
यशवीर ने बताया कि लोगों ने धमाके का जो स्पॉट बताया उसे सुनकर वह सन्न रह गए, क्योंकि वहीं उनकी कार खड़ी थी। कई बार प्रयास करने के बाद वह पार्किंग के पास पहुंचे तो वहां उन्हें अपनी गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त दिखी। कई वाहनों में आग लगी हुई थी। पुलिस के सायरन सन्नाटे को चीर रहे थे। उनकी कार में शादी की खरीदारी का सामान रखा हुआ था। पार्किंग के पास पुलिस ने किसी को रुकने नहीं दिया। वह भी वहां से चले गए।





