अलवर में रेप करने के बाद दिल्ली पहुंचा था आरोपी, IRS अफसर की बेटी के मर्डर केस में नए खुलासे

Subodh Kumar Mishra हिन्दुस्तान टाइम्स, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

दिल्ली में आईआरएस अधिकारी की बेटी की रेप के बाद हत्या करने के मामले में कई खुलासे हुए हैं। पता चला है कि आरोपी ने दिल्ली में इस वारदात को अंजाम देने से कुछ घंटे पहले ही अलवर में एक अन्य महिला के साथ रेप किया था। आरोपी को ऑनलाइन जुए की लत भी थी। आरोपी ने अधिकारी के घर के अंदर करीब 40 मिनट बिताए।

अलवर में रेप करने के बाद दिल्ली पहुंचा था आरोपी, IRS अफसर की बेटी के मर्डर केस में नए खुलासे

दिल्ली के कैलाश हिल्स में 22 साल की लड़की के साथ रेप और हत्या की जांच में पता चला है कि 23 साल के आरोपी राहुल मीणा ने कथित तौर पर दिल्ली में इस अपराध को अंजाम देने से कुछ घंटे पहले राजस्थान के अलवर में एक अन्य महिला के साथ रेप किया था। पुलिस को आशंका है कि ऑनलाइन जुए की लत ने उसे बुधवार को आईआरएस अधिकारी के घर में लूटपाट के इरादे से घुसने के लिए प्रेरित किया होगा।

किराए की वैन से दिल्ली पहुंचा

मामले की जानकारी रखने वाली पुलिस के अनुसार, मीणा ने किराए की वैन से रात भर का सफर तय करके दिल्ली पहुंचा और फिर सीधे अधिकारी के घर आ गया। बुधवार सुबह जब दिल्ली पुलिस की एक टीम अलवर पहुंची तो उन्हें बताया गया कि मंगलवार रात करीब 10 बजे मीणा के एक परिचित की पत्नी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि मीणा ने उसी रात उसके साथ रेप किया था।

मंगलवार रात को अलवर में था

अलवर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) सुधीर चौधरी ने बताया कि शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि आरोपी उसके पति का दोस्त है। मंगलवार देर रात वह उसके घर आया, जब उसका पति एक शादी में गया हुआ था। उसने उसके साथ रेप किया। अलवर पुलिस ने बताया कि आरोपी और महिला का पति कथित तौर पर जुए की गतिविधियों के माध्यम से एक-दूसरे से जुड़े हुए थे।

10000 रुपये में फोन बेचा

जांचकर्ताओं के अनुसार, शिकायत दर्ज होने के कुछ ही समय बाद मीणा अलवर से निकलकर दिल्ली चला गया। उसने कथित तौर पर अपना एक फोन 10000 रुपये में बेच दिया और एक वैन किराए पर ली। इसके लिए उसने ड्राइवर को 6000 रुपये देने का वादा किया। एक अधिकारी ने बताया कि वह दिल्ली पहुंचकर ड्राइवर को बिना पैसे दिए ही वैन से उतर गया।

सुबह करीब 6:39 बजे अधिकारी के घर में घुसा

दिल्ली पुलिस के ज्वाइंट कमिश्नर (दक्षिणी रेंज) विजय कुमार ने बताया कि वह बुधवार सुबह करीब 6:39 बजे अधिकारी के घर में घुसा। उन्होंने आगे बताया कि मीणा को बुधवार देर रात गिरफ्तार कर लिया गया। शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि रेप-हत्या-लूट के पीछे का मकसद बदला लेना या परिवार द्वारा उसे निकाल देने के कारण उसके मन में दबी हुई दुश्मनी भी हो सकता है।

6:30 बजे में इलाके में देखा गया

पुलिस ने बताया कि बुधवार को मीणा को सुबह करीब 6:30 बजे सीसीटीवी में इलाके में देखा गया। उसे सुबह करीब 7:15 बजे घर से निकलते हुए फिर से सीसीटीवी फुटेज में देखा गया। ज्वाइंट कमिश्नर ने बताया कि घर से निकलने से पहले उसने अपनी पैंट और जूते बदले थे।

नकदी और कीमती सामान लेकर फरार

जांचकर्ताओं में से एक ने बताया कि आरोपी ने घर के अंदर करीब 40 मिनट बिताए। इस दौरान उसने कथित तौर पर पीड़िता का रेप किया और गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद वह एक काले रंग के बैग में नकदी और कीमती सामान लेकर फरार हो गया।

दो महीने पहले नौकरी से निकाला था

अधिकारी के अनुसार, पीड़िता के 55 साल के पिता ने बताया कि आरोपी लगभग 10 महीने से उनके परिवार के यहां काम कर रहा था। पड़ोसियों से छोटी-छोटी रकम उधार लेने की आदत के कारण दो महीने पहले उसे नौकरी से निकाल दिया गया था।

स्मार्ट कार्ड से खुलता था दरवाजा

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, अधिकारी के घर में मजबूत सुरक्षा व्यवस्था थी। तीसरी मंजिल के मुख्य द्वार पर डिजिटल ताला, सीढ़ियों से उस मंजिल में प्रवेश करने से पहले एक स्टील का गेट और तीसरी मंजिल पर लिफ्ट के बाहर एक और दरवाजा था। स्टील का दरवाजा केवल स्मार्ट कार्ड से ही खोला जा सकता था।

अधिकारी ने बताया कि सीढ़ियों से अंदर जाने का कोई रास्ता नहीं था क्योंकि वे अंदर से बंद थीं। जब भी दंपति जिम जाते थे तो वे लिफ्ट के बाहर का दरवाजा खुला छोड़ देते थे और वापसी में अंदर आने के लिए अपना स्मार्ट कार्ड साथ ले जाते थे, ताकि उनकी बेटी सोते समय परेशान न हो।

कई लोगों से पैसे मांगे थे

हालांकि, जब दंपति सुबह घर से निकलते थे तो वे एक स्मार्ट कार्ड घर के बाहर छिपा देते थे, जिसके बारे में आरोपी मीणा को पता था। वे घरेलू सहायिकाओं के लिए मुख्य दरवाजे के बाहर एक स्मार्ट चाबी रखते थे। आरोपी मीणा दंपति की दिनचर्या और चाबी रखने की जगह से वाकिफ था। इलाके के निवासियों ने पुष्टि की कि मीणा ने कई लोगों से पैसे मांगे थे। उसी गली में सब्जी बेचने वाले एक विक्रेता ने कहा कि उसने मुझसे भी पैसे मांगे थे, लेकिन मैंने मना कर दिया।

Subodh Kumar Mishra

लेखक के बारे में

Subodh Kumar Mishra

सुबोध कुमार मिश्रा पिछले 19 साल से हिंदी पत्रकारिता में योगदान दे रहे हैं। वर्तमान में वह 'लाइव हिन्दुस्तान' में स्टेट डेस्क पर बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। दूरदर्शन के 'डीडी न्यूज' से इंटर्नशिप करने वाले सुबोध ने पत्रकारिता की विधिवत शुरुआत 2007 में दैनिक जागरण अखबार से की। दैनिक जागरण के जम्मू एडीशन में बतौर ट्रेनी प्रवेश किया और सब एडिटर तक का पांच साल का सफर पूरा किया। इस दौरान जम्मू-कश्मीर को बहुत ही करीब से देखने और समझने का मौका मिला। दैनिक जागरण से आगे के सफर में कई अखबारों में काम किया। इनमें दिल्ली-एनसीआर से प्रकाशित होने वाली नेशनल दुनिया, नवोदय टाइम्स (पंजाब केसरी ग्रुप), अमर उजाला और हिन्दुस्तान जैसे हिंदी अखबार शामिल हैं। अखबारों के इस लंबे सफर में खबरों को पेश करने के तरीकों से पड़ने वाले प्रभावों को काफी बारीकी से समझने का मौका मिला।

ज्यादातर नेशनल और स्टेट डेस्क पर काम करने का अवसर मिलने के कारण राजनीतिक और सामाजिक विषयों से जुड़ी खबरों में दिलचस्पी बढ़ती गई। कई लोकसभा और विधानसभा चुनावों की खबरों की पैकेजिंग टीम का हिस्सा रहने के कारण भारतीय राजनीति के गुणा-भाग को समझने का मौका मिला।

शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो सुबोध ने बीएससी (ऑनर्स) तक की अकादमिक शिक्षा हासिल की है। साइंस स्ट्रीम से पढ़ने के कारण उनके पास चीजों को मिथ्यों से परे वैज्ञानिक तरीके से देखने की समझ है। समाज से जुड़ी खबरों को वैज्ञानिक कसौटियों पर जांचने-परखने की क्षमता है। उन्होंने मास कम्यूनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा किया है। इससे उन्हें खबरों के महत्व, खबरों के एथिक्स, खबरों की विश्वसनीयता और पठनीयता आदि को और करीब से सीखने और लिखने की कला में निखार आया। सुबोध का मानना है कि खबरें हमेशा प्रमाणिकता की कसौटी पर कसा होना चाहिए। सुनी सुनाई और कल्पना पर आधारित खबरें काफी घातक साबित हो सकती हैं, इसलिए खबरें तथ्यात्मक रूप से सही होनी चाहिए। खबरों के चयन में क्रॉस चेकिंग को सबसे महत्वपूर्ण कारक मानने वाले सुबोध का काम न सिर्फ पाठकों को केवल सूचना देने भर का है बल्कि उन्हें सही, सुरक्षित और ठोस जानकारी उपलब्ध कराना भी है।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।