काम की बात: दिल्ली में बनेगा 8 KM लंबा नया एलिवेटेड रोड और अंडरपास, इन सड़कों पर घटेगा जाम; जानें रूट

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

राजधानी दिल्ली के कई इलाकों को अगले कुछ सालों में ट्रैफिक जाम की समस्या से राहत मिल सकती है। पीडब्ल्यूडी इसके लिए एक नया एलिवेटेड रोड और अंडरपास बनाने पर विचार कर रहा है। यह एलिवेटेड रोड कई भीड़भाड़ वाले रास्तों के ऊपर से होकर गुजरेगा।

Elevated road AI Generated Representative image
एलिवेटेड रोड - AI से बनाई गई सांकेतिक तस्वीर

दिल्ली सरकार राजधानी के दो सबसे व्यस्त रास्तों पर ट्रैफिक जाम कम करने के लिए एक नया एलिवेटेड रोड और अंडरपास बनाने की योजना बना रही है। करीब 8 किलोमीटर लंबा यह एलिवेटेड रोड आनंद पर्वत और जखीरा होते हुए रानी झांसी रोड को पंजाबी बाग वेस्ट मेट्रो स्टेशन से जोड़ेगा। वहीं मयूर विहार में क्राउन प्लाजा ट्रैफिक सिग्नल के पास 500 मीटर लंबा अंडरपास बनाने की योजना है। दिल्ली का लोक निर्माण विभाग (PWD) इन दोनों बड़े रोड इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स के लिए डिटेल फिजिबिलिटी स्टडी करने जा रहा है।

फिजिबिलिटी स्टडी के बाद तैयार होगी डीपीआर

एचटी की रिपोर्ट के मुताबिक, पीडब्ल्यूडी के एक सीनियर अधिकारी ने बताया कि दोनों प्रोजेक्ट अभी शुरुआती चरण में हैं और विभाग इन प्रस्तावों को अंतिम रूप देने से पहले उनके अलाइनमेंट और ट्रैफिक की जरूरतों का आकलन करेगा। फिजिबिलिटी स्टडी के बाद डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जाएगी, जिसमें प्रस्तावित डिजाइन, निर्माण की अनुमानित लागत, आर्थिक और वित्तीय व्यवहार्यता के अलावा पर्यावरण व सामाजिक पहलुओं को शामिल किया जाएगा।

सेंट्रल और वेस्टर्न हिस्सों के बीच होगा नॉन स्टॉप सफर

अधिकारी के अनुसार, प्रस्तावित एलिवेटेड रोड करीब 8 किलोमीटर लंबा होगा, जो आनंद पर्वत और जखीरा होते हुए रानी झांसी रोड और पंजाबी बाग वेस्ट मेट्रो स्टेशन का सफर आसान हो जाएगा। यह राजधानी के सेंट्रल और वेस्टर्न हिस्सों के बीच नॉन स्टॉप सफर की सुविधा देगा। ऐसी उम्मीद है कि यह प्रोजेक्ट सेंट्रल दिल्ली और आसपास के इलाकों की सड़कों पर दौड़ने वाले ट्रैफिक के लिए एक नया विकल्प बनेगा।

इन सड़कों पर जाम से मिलेगी राहत

अधिकारियों ने कहा कि इस प्रस्तावित एलिवेटेड रोड के जरिये मौजूदा चौराहों के ऊपर से वाहनों को गुजारकर रास्ते में पड़ने वाले चौक-चौराहों पर ट्रैफिक का दबाव कम किया जा सकता है। इस प्रस्ताव में रानी झांसी रोड से आनंद पर्वत की ओर एक एलिवेटेड कनेक्शन और न्यू रोहतक रोड पर आनंद पर्वत और ब्रह्मा कुमारी चौक के बीच एक फ्लाईओवर बनाने की अलग से सिफारिश शामिल है। हालांकि, अभी जो फिजिबिलिटी स्टडी की जा रही है, उसमें पंजाबी बाग वेस्ट मेट्रो स्टेशन तक लगभग 8 किलोमीटर का कनेक्शन ही शामिल है, जबकि बाकी हिस्से पर बाद के चरण में काम किया जाएगा।

यहां बनाया जाएगा अंडरपास

वहीं, पीडब्ल्यूडी ने पूर्वी दिल्ली में ट्रैफिक जाम वाले हिस्से मयूर विहार में क्राउन प्लाजा ट्रैफिक सिग्नल के पास 500 मीटर लंबा अंडरपास बनाने की योजना बना रहा है। यह स्थान दिल्ली मेट्रो के एलिवेटेड कॉरिडोर के पास है। पीडब्ल्यूडी के मुताबिक यहां भारी ट्रैफिक जाम लगता है। प्रस्तावित योजना में सीधे जाने वाले ट्रैफिक के लिए एक अंडरपास और बाकी मूवमेंट को संभालने के लिए जमीन के लेवल पर एक रोटरी बनाने की बात कही गई है।

अधिकारी ने कहा कि मयूर विहार के पास इसलिए ट्रैफिक जाम लगता है क्योंकि अलग-अलग दिशाओं से आने वाला ट्रैफिक इस चौराहे पर आकर मिलता है। अंडरपास बनाने पर विचार किया जा रहा है ताकि ट्रैफिक बिना रुके चौराहे से गुजर सके और जमीनी स्तर पर स्थानीय आवाजाही भी जारी रह सके।

अधिकारी ने कहा कि इन इन प्रोजेक्ट्स का मकसद व्यस्त जगहों पर ट्रैफिक जाम की समस्या दूर करना है। इन प्रस्तावों को लागू करने से पहले रोड सेफ्टी ऑडिट भी प्रोजेक्ट की तैयारी का हिस्सा होंगे।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करे और पाएं पल-पल की ताज़ा खबर
Hindi Newsएनसीआर Newsदिल्ली में बनेगा 8 KM लंबा नया एलिवेटेड रोड और अंडरपास, इन सड़कों पर घटेगा जाम