दिल्ली प्रोटेस्ट: महिला पुलिसकर्मियों के फाड़े कपड़े, घसीटा; पुलिस का सनसनीखेज आरोप
दिल्ली पुलिस ने दावा किया है कि प्रदर्शनों के दौरान महिला पुलिसकर्मियों के साथ दुर्व्यवहार, मारपीट और कपड़े फाड़ने जैसी घटनाएं हुई हैं। पुरुष प्रदर्शनकारियों ने महिला पुलिसकर्मियों को भीड़ में घसीटा…

दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को दावा किया कि प्रदर्शनों के दौरान महिला पुलिस कर्मियों के साथ बदसलूकी की घटनाएं सामने आई हैं। एक अधिकारी ने आरोप लगाया कि पुरुष प्रदर्शनकारियों ने कई मौकों पर महिला पुलिस कर्मियों को कथित तौर पर भीड़ में घसीटा और उनके कपड़े और बैज फाड़ दिए। उन्होंने यह भी कहा कि पुरुष प्रदर्शनकारियों ने महिला पुलिस कर्मियों के साथ दुर्व्यवहार किया। उनके साथ मारपीट भी की गई।
तैनात जवानों को साफ निर्देश
एक वरिष्ठ अधिकारी ने दिल्ली पुलिस के इंस्टाग्राम के आधिकारिक पेज पर वीडियो पोस्ट कर कहा कि प्रदर्शन स्थलों पर बड़ी संख्या में महिला पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। महिला पुलिस कर्मियों को खास तौर पर महिला प्रदर्शनकारियों से निपटने का काम सौंपा गया है। पुलिस के जवानों और सुरक्षा बल के कर्मियों को साफ निर्देश जारी किए गए हैं कि महिला प्रदर्शनकारियों से केवल महिला पुलिस या महिला सुरक्षाकर्मी ही निपटेंगी।
महिला पुलिस कर्मियों के साथ दुर्व्यवहार
अधिकारी ने कहा कि ऑनलाइन वायरल हो रहे कई वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पुरुष पुलिस कर्मी महिला प्रदर्शनकारियों को छू तक नहीं रहे हैं। लेकिन यह नहीं दिखाया जा रहा है कि महिला पुलिसकर्मी और अधिकारी विरोध प्रदर्शन में किन हालातों का सामना कर रही हैं। कुछ वीडियो सामने आए हैं जिनमें विरोध प्रदर्शन के दौरान महिला पुलिस कर्मियों के साथ दुर्व्यवहार और मारपीट की घटना को देखा जा सकता है।
घसीटा, दुर्व्यवहार किया, फाड़ डाले कपड़े
पुलिस अधिकारी ने दावा किया कि पुरुष प्रदर्शनकारियों ने कई मौकों पर महिला पुलिस कर्मियों को कथित तौर पर भीड़ में घसीटा, उनके साथ दुर्व्यवहार किया, उनके कपड़े और बैज तक फाड़ डाले। इतना ही नहीं जब महिला पुलिसकर्मियों ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने की कोशिश की तो उनके साथ मारपीट की गई। पुरुष प्रदर्शनकारियों की ओर से महिला कर्मियों के साथ गलत व्यवहार किया जा रहा है।
हर महिला का होना चाहिए सम्मान
पुलिस अधिकारी ने कहा कि मुद्दा केवल महिला पुलिस कर्मियों के साथ किए जाने वाले व्यवहार तक सीमित नहीं है। ड्यूटी पर तैनात महिला पुलिस कर्मी भी हर महिला की तरह समान गरिमा और सम्मान की हकदार हैं। भले ही वे अपनी ड्यूटी निभा रही हैं लेकिन उनके साथ भी दुर्व्यवहार या उन पर हमला नहीं किया जाना चाहिए। कोई भी महिला, चाहे वह वर्दी में हो या बिना वर्दी के, सम्मान की हकदार है।
महिला पुलिस कर्मियों के प्रति सम्मान की अपील
पुलिस अधिकारी ने महिला पुलिस कर्मियों के प्रति संयम और सम्मान की अपील की। उन्होंने कहा कि महिला पुलिसकर्मी कठिन परिस्थितियों में अपना कर्तव्य निभा रही हैं। उनके साथ मारपीट या उनका अपमान नहीं किया जाना चाहिए। सनद रहे पुलिस की ओर से यह टिप्पणी नयी दिल्ली जिले में संसद के पास कॉकरोच जनता पार्टी, छात्र संगठनों और कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्षी दलों की ओर से किए जा रहे विरोध प्रदर्शनों के बीच आई है।

