थाने जाएंगे ‘कॉकरोच’, विपक्ष का सुप्रीम कोर्ट तक मार्च; फिर दिल्ली में होगा हंगामा?
दिल्ली में आज का दिन भी हंगामेदार रह सकता है। कांग्रेस और अन्य विपक्षी पार्टियां दोपहर 1.30 बजे से इंडिया गेट से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक मार्च करने वाली हैं। वहीं सीजेपी नेता 10 बजे संसद मार्ग थाने जाएंगे।

राजधानी दिल्ली में पिछले दो दिनों से कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के आह्वान पर बड़ी संख्या में युवा प्रदर्शन की कोशिश कर रहे हैं। वहीं दिल्ली पुलिस ने राजधानी को छावनी में परिवर्तित कर दिया है और प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया जा रहा है। सोमवार को विपक्ष ने भी सड़क पर उतरने का ऐलान कर दिया है। वहीं सीजेपी के नेता सुबह 10 बजे संसद मार्ग पुलिस स्टेशन पहुंचकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के लिए समय मांगने जाएंगे। ऐसे में आज का दिन भी हंगामेदार होने वाला है। वहीं दिल्ली पुलिस भी मुस्तैद है। ऐसी संभावना है कि विपक्षी नेताओं और सीजेपी नेताओं को फिर से हिरासत में लिया जाए।
इंडिया गेट से सुप्रीम कोर्ट तक विपक्ष का मार्च
राहुल गांधी ने ऐलान किया है कि वह 1.30 बजे विपक्षी नेताओं के साथ इंडिया गेट से मार्च शुरू करेंगे और सुप्रीम कोर्ट तक जाएंगे। इसके बाद वह सीजेआई सूर्यकांत से मिलेंगे। सीजेआई ने एक दिन पहले ही उनसे मिलने से इनकार कर दिया है। इसके बाद भी कांग्रेस ने अपना मन नहीं बदला है और वे सीजेआई से मिलने और ज्ञापन सौंपने पर अड़े हुए हैं। आपको बता दें कि एक दिन पहले ही सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान कोर्ट ने कहा था कि दिल्ली में जगह-जगह पर लगी बैरिकेडिंग हटाई जाए और आवाजाही को सुगम किया जाए। इसके अलावा सुप्रीम कोर्ट ने इंटरनेट को बहाल करने और मेट्रो की सेवाओं को सामान्य करने की भी बात कही थी। इसके बाद भी आज 6 मेट्रो स्टेशन बंद रखने का फैसला किया गया है।
कांग्रेस सूत्रों के अनुसार मल्लिकार्जुन खरगे और गांधी ने पत्र लिखकर चुनाव आयोग के संबंध में अ हस्तक्षेप का अनुरोध करने के लिए मुख्य न्यायाधीश से मिलने का समय मांगा था। लेकिन सीजेआई ने समय देने से इनकार कर दिया। सूत्रों के अनुसार सीजेआई सूर्यकांत ने उन्हें बताया है कि जिस मुद्दे पर वे मिलना चाहते हैं उस पर कोर्ट में सुनवाई चल रही है, इसलिए इस विषय पर बातचीत करने का कोई मतलब नहीं है। इंडिया गठबंधन के नेताओं ने इससे पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन सौंपा था और अपनी चिंताओं से अवगत कराया था।
मार्च में शामिल होने की अपील
राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने सभी लोगों से इस मार्च में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि यह वोटिंग राइट्स को बचाने की लड़ाई है। उन्होंने इसे 'करो या मरो' की लड़ाई बताते हुए लोगों से लोकतंत्र को बचाने के लिए मार्च में शामिल होने का आह्वान किया है।
सीजेपी से कौन-कौन जा सकता है थाने
सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में रांका ने कहा कि वह, सीजेपीृ के सह-संयोजक सौरव दास, कानूनी टीम की प्रमुख रत्ना सिंह और अन्य नेताओं के साथ सोमवार सुबह 10 बजे संसद मार्ग थाना जाएंगे ताकि प्रदर्शन के लिए तारीख मांगी जा सके। अभिजीत दीपके के शामिल होने पर अभी स्पष्टता नहीं है क्योंकि वह इस समय अपने पैतृक गांव में हैं। शनिवार को उनकी दादी का निधन हो गया था। (एजेंसी से इनपुट्स के साथ)

