राहुल गांधी और प्रियंका समेत अन्य पर 4 FIR दर्ज; दिल्ली पुलिस का बड़ा ऐक्शन
दिल्ली पुलिस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जंतर-मंतर और आकाशवाणी भवन के पास प्रदर्शन करने पर राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य नेताओं पर 4 एफआईआर दर्ज की हैं।

दिल्ली पुलिस ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और अन्य नेताओं पर चार FIR दर्ज की हैं। इन पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के दौरान सरकारी कर्मचारियों के काम में बाधा डालने, मारपीट करने और धारा 163 का उल्लंघन करने का आरोप है। इसके अलावा आकाशवाणी भवन में जबरन घुसने को लेकर भी मामला दर्ज किया गया है।
राहुल और प्रियंका समेत अन्य पर 4 FIR
सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि दिल्ली पुलिस ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा समेत अन्य नेताओं के खिलाफ कम से कम चार एफआईआर दर्ज की हैं। आरोप है कि इन्होंने लुटियंस दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त यानी सीईसी के खिलाफ 2 दिन तक चले विरोध प्रदर्शन के दौरान सरकारी कर्मचारियों के काम में बाधा डाली।
इन आरोपों में दर्ज हुआ केस
दिल्ली पुलिस ने बताया कि सभी एफआईआर मारपीट, सरकारी कर्मचारियों को उनके काम करने से रोकने और बीएनएसएस की धारा 163 का उल्लंघन करने से जुड़ी धाराओं के तहत दर्ज की गई हैं। पुलिस ने राहुल और प्रियंका के खिलाफ कथित तौर पर जबरन आकाशवाणी भवन में घुसने के आरोप में एफआईआर दर्ज की थी।
हिरासत में लिए गए थे 91 लोग
बता दें कि विपक्षी दलों के गठबंधन 'इंडिया' के नेताओं के विरोध प्रदर्शन का राहुल गांधी ने नेतृत्व किया था। इसके बाद राहुल गांधी समेत कई सांसदों को हिरासत में ले लिया गया था। दिल्ली पुलिस ने बताया कि बुधवार को हुए विरोध प्रदर्शन के दौरान कई सांसदों समेत 91 लोगों को हिरासत में लिया गया था।
प्रदर्शन में हुई थी तीखी झड़प
बताया जाता है कि विपक्षी नेता बसों में सवार होकर जंतर-मंतर पर अचानक धरने के लिए जा रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें रास्ते में रोक दिया, जिससे दोनों पक्षों में तीखी झड़प हुई। नारेबाजी के बीच प्रियंका गांधी और अन्य महिला नेता संविधान की प्रति हाथ में लेकर सड़क पर लेट गईं, जिन्हें जबरन हटाकर पुलिस बसों में बिठाया गया।
इन दलों के नेता हुए थे शामिल
विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा), राष्ट्रीय जनता दल, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग और कुछ अन्य दलों के सांसद शामिल थे।
भाजपा ने राहुल पर लगाए गंभीर आरोप
इस बीच भाजपा ने गुरुवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर प्रदर्शन के दौरान एक महिला कांस्टेबल को 'अनुचित तरीके से छूने' और प्रियंका गांधी पर उनके प्रदर्शन के दौरान एक महिला पुलिसकर्मी को घूंसा मारने का आरोप लगाते हुए दावा किया कि कांग्रेस नेताओं के ये कृत्य पितृसत्ता को समाप्त करने के उनके नारे से मेल नहीं खाते हैं।

