दिल्ली में BMW और फॉर्च्यूनर की पार्किंग का झगड़ा हत्या में बदला, पड़ोसी ने युवक को मारी गोली

Apr 20, 2026 01:39 pm ISTPraveen Sharma लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

दिल्ली के प्रीत विहार इलाके में सोमवार तड़के पार्किंग को लेकर हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक 34 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई।

दिल्ली में BMW और फॉर्च्यूनर की पार्किंग का झगड़ा हत्या में बदला, पड़ोसी ने युवक को मारी गोली

राजधानी दिल्ली में एक बार फिर पार्किंग को लेकर हुए झगड़े में एक शख्स को अपनी जान गंवानी पड़ गई। मामला पूर्वी दिल्ली के प्रीत विहार इलाके का है। यहां सोमवार देर रात पड़ोसी द्वारा एक 34 वर्षीय शख्स की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि मृतक पंकज नय्यर के भाई का पिछले कुछ दिनों से पड़ोसी के साथ विवाद चल रहा था।

मृतक के भाई का पड़ोसी से पार्किंग को लेकर झगड़ा हुआ था, जिसने बाद में हिंसक रूप ले लिया। मृतक की पहचान पंकज नय्यर के रूप में हुई है। पंकज अपने भाई पारस (43) से मिलने नोएडा से आए थे। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले गौरव शर्मा की दोनों भाइयों पंकज और पारस से पार्किंग को लेकर बहस हो गई। बहस इतनी बढ़ गई कि गौरव ने कथित तौर पर फायरिंग कर दी और गोली पंकज की सीने पर जा लगी। आनन-फानन में पंकज को नजदीकी के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

एनडीटीवी की रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने बताया कि आरोपी गौरव के पास एक BMW और एक टोयोटा फॉर्च्यूनर गाड़ी है। वह यहां किरायेदार के रूप में रह रहा था। उसे एक गाड़ी खड़ी करने की जगह की अनुमति है। उसकी BMW पहले से ही तय जगह पर खड़ी थी और देर रात विवाद तब शुरू हुआ जब उसने अपनी फॉर्च्यूनर को भी पार्क करने की कोशिश की।

आरोपी की तलाश में जुटीं पुलिस की टीमें

पुलिस को रात में दो पीसीआर कॉल आई थी जिसमें घटना की जानकारी दी गई थी। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटना के बाद आरोपी अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपियों को ढूंढने के लिए टीमें गठित की गई हैं।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने प्रीत विहार थाने में मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की जल्द धर पकड़ की बात कही जा रही है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) (हत्या) और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।