
दिल्ली पर ‘जहरीली हवा’ की मार, सीजन में पहली बार AQI 420 पार; कल कैसा रहेगा हाल?
दिल्ली पर पलूशन की तगड़ी मार पड़ी है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक, सीजन में पहली बार दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 428 अंक रिकॉर्ड किया गया। पढ़ें यह रिपोर्ट…
दिल्ली की हवा 'जहरीली' हो गई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक, सीजन में पहली बार दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 428 अंक रिकॉर्ड किया गया। इस श्रेणी की हवा को गंभीर श्रेणी में रखा जाता है। आम बोलचाल की भाषा में लोग इसे जहरीली होना कहते हैं। आमतौर पर एक्यूआई के आंकड़े हर दिन शाम चार बजे तक अपडेट कर दिए जाते हैं लेकिन मंगलवार को ये कई घंटों की देरी से जारी हुए।
गंभीर स्वास्थ्य जोखिम का खतरा
दिल्ली की हवा बीते कई दिनों से बहुत खराब श्रेणी में थी लेकिन यह मंगलवार की सुबह गंभीर श्रेणी में पहुंच गई। दिल्ली में मंगलवार की सुबह को हवा की गुणवत्ता (एक्यूआई) 423 अंक दर्ज की गई। एक्यूआई का गंभीर श्रेणी में जाना खतरनाक स्तर के पलूशन की ओर इशारा करता है। ऐसी हवा गंभीर स्वास्थ्य जोखिम पैदा करती है। खासतौर पर ऐसे मरीजों को ऐसी हवा गंभीर रूप से प्रभावित करती है जो पहले से ही श्वसन या हृदय संबंधी बीमारियों से जूझ रहे हैं।
कल बहुत खराब श्रेणी में रहेगा एक्यूआई
डीएसएस के अनुसार, मंगलवार को दिल्ली के पलूशन में पराली जलने का योगदान 6.5 फीसदी और परिवहन क्षेत्र का योगदान लगभग 18.2 फीसदी था। एक दिन पहले सोमवार को पंजाब में 133, हरियाणा में 30, उत्तर प्रदेश में 154 और दिल्ली में एक खेत में पराली जलाए जाने की घटना हुई। वायु गुणवत्ता प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली का पूर्वानुमान है कि दिल्ली की हवा बुधवार से बहुत खराब श्रेणी में रहेगी।
सीजन में पहली बार इतना एक्यूआई
सीजन में पहली बार मंगलवार को दिल्ली का एक्यूआई गंभीर श्रेणी में पहुंचा। आंकड़े बताते हैं कि इससे पहले दिसंबर 2024 में दिल्ली की हवा इतनी खराब हुई थी। बढ़ते पलूशन के बीच दिल्ली में लगाए गए ग्रैप-3 का सख्ती से पालन कराने के लिए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को मंत्रियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। CM ने घोषणा की कि बच्चों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए 5वीं तक के स्कूल हाइब्रिड मोड में (ऑनलाइन या ऑफलाइन) दोनों तरीके से चलेंगे।
हाइब्रिड मोड में चलेंगे 5वीं तक के स्कूल
सीएम ने एक बैठक में ग्रेप के तीसरे चरण के सख्त पाबंदियों के अनुपालन का निर्देश दिया। CM रेखा गुप्ता ने एक्स पर अपने एक पोस्ट में कहा कि दिल्ली में GRAP चरण-III के दिशा-निर्देशों का सख्त अनुपालन किया जा रहा है। प्रदूषण फैलाने या नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कठोर कार्रवाई होगी। कल से सभी स्कूलों में पांचवीं कक्षा तक की कक्षाएं हाइब्रिड मोड में संचालित होंगी।
नियम तोड़ने वालों पर लगेगा जुर्माना
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने नियमों का उल्लंघन करने वाली निर्माण साइटों या अन्य प्रदूषण स्रोतों पर तुरंत सीलिंग की कार्रवाई कर भारी जुर्माना लगाने का निर्देश दिया। खुले में कचरा और बायोमास जलाने पर नियंत्रण के लिए अभियान चलाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने उन घरों की पहचान करने का निर्देश दिया है जो अभी भी खाना पकाने के लिए चूल्हे का उपयोग कर रहे हैं। इन परिवारों को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना से जोड़ने के लिए त्वरित अभियान चलाया जाएगा।





