Hindi Newsएनसीआर Newsdelhi pollution rises again aqi crosses 400 in many areas know weather forecast
‘जहरीली हवा’ से रेड जोन में पहुंची दिल्ली; कई इलाकों में AQI 400 पार, 3 गुना से ज्यादा पलूशन

‘जहरीली हवा’ से रेड जोन में पहुंची दिल्ली; कई इलाकों में AQI 400 पार, 3 गुना से ज्यादा पलूशन

संक्षेप:

दिल्ली में एकबार फिर पलूशन बढ़ गया है। केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक, दिल्ली में शनिवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक बेहद खराब श्रेणी में दर्ज किया गया। विस्तृत जानकारी के लिए पढ़ें यह रिपोर्ट…

Nov 08, 2025 07:59 pm ISTKrishna Bihari Singh पीटीआई, नई दिल्ली
share Share
Follow Us on

दिल्ली वालों को फिर 'जहरीली हवा' का सामना करना पड़ रहा है। केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक, शनिवार को दिल्ली के कई हिस्सों में एक्यूआई का स्तर 400 को पार कर गया। एक्यूआई का 400 के स्तर को पार करना जहरीली हवा की श्रेणी में माना जाता है। इसे गंभीर श्रेणी में हवा का होना भी कहते हैं। इससे राष्ट्रीय राजधानी देश के सबसे प्रदूषित शहरों में से एक बन गई। आने वाले दिनों में दिल्ली में पलूशन की समस्या गहराने का अनुमान है।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

‘रेड जोन’ में पहुंची दिल्ली

सीपीसीबी के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में हर दिन शाम को 4 बजे दर्ज किया जाने वाला 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) शनिवार को 361 अंक रहा। इससे दिल्ली 'रेड जोन' में आ गई। दिल्ली देश का दूसरा सबसे प्रदूषित शहर बन गया। 24 घंटे के दौरान इसमें 39 अंकों की तेज बढ़ोतरी हुई है। दिल्ली के कई इलाकों में शनिवार को 5 बजे एक्यूआई 400 के पार यानी गंभीर श्रेणी में दर्ज किया गया।

इन इलाकों में AQI 400 पार

सीपीसीबी के मुताबिक, अलीपुर, बवाना, बुराड़ी क्रासिंग, आईटीओ, जहांगीरपुरी, नरेला, नेहरू नगर, रोहिणी, विवेक विहार और वजीरपुर जैसे इलाकों में शाम पांच बजे एक्यूआई का स्तर 400 को पार कर गया।

हवा में 3 गुने से ज्यादा प्रदूषक कण

शनिवार को पीएम2.5 और पीएम10 प्रमुख प्रदूषक बने रहे। शनिवार की शाम तीन बजे दिल्ली-एनसीआर की हवा में पीएम 100 का स्तर 321 और पीएम 2.5 का स्तर 187 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर पर रहा। यानी दिल्ली-एनसीआर की हवा में मानकों से तीन गुने से भी ज्यादा प्रदूषक कण मौजूद हैं। मानकों के मुताबिक हवा में पीएम 10 का स्तर 100 से और पीएम 2.5 का स्तर 60 से नीचे होने पर ही उसे स्वास्थ्यकारी माना जाता है।

पराली, तापमान और हवा 3 फैक्टर जिम्मेदार

दिल्ली में प्रदूषण बढ़ने के पीछे कई कारकों को जिम्मेदार माना जा रहा है। दिल्ली में दिन के ज्यादातर समय हवा की रफ्तार 10 किलोमीटर प्रति घंट से कम रह रही है। इससे प्रदूषक कणों का विसर्जन धीमा हो रहा है जबकि, दिन के समय हवा की रफ्तार बढ़ी तो उसकी दिशा उत्तरी पश्चिमी थी। यह हवा अपने साथ-साथ पराली का धुआं भी ला रही है। दिल्ली में न्यूनतम तापमान में खासी गिरावट दर्ज की गई है। इससे भी प्रदूषक कण देर तक बने रह रहे हैं।

पराली जलाने से बढ़ी समस्या

वायु गुणवत्ता पूर्वानुमान के लिए निर्णय सहायता प्रणाली (डीएसएस) के अनुसार, दिल्ली के प्रदूषण में पराली जलाने का योगदान लगभग 30 प्रतिशत था। वहीं परिवहन क्षेत्र का योगदान 15.2 फीसदी रहा। उपग्रह से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार को पंजाब में पराली जलाने की 100, हरियाणा में 18 और यूपी में 164 घटनाएं हुईं।

खराब रहेगी दिल्ली की हवा

दिल्ली के लिए वायु गुणवत्ता प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली का पूर्वानुमान है कि अगले कुछ दिनों के दौरान दिल्ली की वायु गुणवत्ता 'बेहद खराब' श्रेणी में बनी रहेगी। वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली के मुताबिक, अगले तीन-चार दिनों के बीच दिन के ज्यादातर समय हवा की रफ्तार दस किलोमीटर से नीचे रहेगी। जबकि, तापमान भी सामान्य से नीचे रहने की संभावना है। इसके चलते प्रदूषक कणों का विसर्जन धीमा होगा। अगले चार-पांच दिनों के बीच दिल्ली की वायु गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में ही रहने के आसार हैं।

ये भी पढ़ें:रेप पीड़िता के पूर्व के चरित्र को नहीं बना सकते बचाव का हथियार, HC की दो-टूक
ये भी पढ़ें:NCR की जहरीली हवा से बचाव को सरकार ने किए बदलाव; गाड़ी बैन से लेकर दफ्तर का समय

सुबह दिखेगी धुंध लेकिन दोपहर में राहत

इस बीच मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में 14 नवंबर तक दिल्ली में सुबह के वक्त धुंध छाने का अनुमान है। मौसम विभाग की मानें तो तापमान गिरने और ठंड बढ़ने की वजह से इस हफ्ते दिल्ली में धुंध देखी जा सकती है। हालांकि दोपहर के वक्त हवा की रफ्तार अधिक होने से धुंध छटने की भी संभावनाएं हैं। कुल मिलाकर दिल्ली वालों को इस हफ्ते यानी अगले छह दिन सुबह के वक्त धुंध जारी रहने का अनुमान है।

(हिन्दुस्तान संवाददाता और सीपीसीबी के इनपुट के साथ)

Krishna Bihari Singh

लेखक के बारे में

Krishna Bihari Singh
पत्रकारिता में करीब 14 वर्षों से केबी उपनाम से पहचान रखने वाले कृष्ण बिहारी सिंह लाइव हिन्दुस्तान में कार्यरत हैं। वह लोकमत, राष्ट्रीय सहारा, अमर उजाला और दैनिक जागरण अखबार में विभिन्न पदों पर काम कर चुके हैं। उन्होंने साल 2019 में जागरण डॉट कॉम से डिजिटल मीडिया में कदम रखा। मूलरूप से यूपी के मऊ जिले से ताल्लुक रखने वाले केबी महाराष्ट्र, हरियाणा और दिल्ली में पत्रकारिता कर चुके हैं। लॉ और साइंस से ग्रेजुएट केबी ने महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में एमफिल किया है। वह भारतीय राजनीति और वैश्विक मामलों के साथ जन सरोकार और क्राइम की खबरों पर पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi Blast, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज , धर्म ज्योतिष , एजुकेशन न्यूज़ , राशिफल और पंचांग पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।