दिल्ली-NCR में इन गाड़ियों को तुरंत हटाने की सिफारिश, किन वाहनों पर आगे संकट?
दिल्ली-NCR में गाड़ियों से होने वाले पलूशन को कम करने के लिए एक्सपर्ट कमेटी ने पुरानी बीएस-1, बीएस-2 और बीएस-3 गाड़ियों को तुरंत हटाने की सिफारिश की है। विस्तृत जानकारी के लिए पढ़ें यह रिपोर्ट…

दिल्ली-NCR में गाड़ियों से होने वाले पलूशन पर लगाम लगाने के लिए 15 सदस्यों की एक्सपर्ट समिति ने एक रिपोर्ट सौंपी है। इसमें पुरानी और ज्यादा पलूशन फैलाने वाली बीएस-I, II और III गाड़ियों को तुरंत हटाने की शिफारिश की गई है। एक्सपर्ट समिति ने एक अपनी रिपोर्ट में कुछ अन्य श्रेणी के वाहनों को भी सिलसिलेवार तरीके से हटाने की सिफारिश की है। समिति ने सर्दियों में कड़े प्रतिबंध लगाने, NCR से हटाई गई गाड़ियों को दूसरे प्रदूषित क्षेत्रों में जाने से रोकने के साथ इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने का सुझाव दिया है।
इन गाड़ियों को तुरंत हटाने की शिफारिश
दिल्ली-NCR में गाड़ियों से होने वाले प्रदूषण को कम करने के तरीके सुझाने के लिए बनाई गई इस 15 सदस्यों वाली एक्सपर्ट कमेटी ने बीएस-1, बीएस-2 और बीएस-3 श्रेणी की गाड़ियों को तुरंत हटाने की सिफारिश की है।
आगे इन वाहनों पर भी संकट
इतना ही नहीं एक्सपर्ट कमेटी ने बीएस-4 गाड़ियों को 2030 तक, BS-6 दो-पहिया गाड़ियों को 2035 तक और BS-6 श्रेणी की ही चार-पहिया गाड़ियों को 2040 तक धीरे-धीरे हटाने की सिफारिश की है यानी इन वाहनों पर भी आने वाले समय में संकट खड़ा होगा।
दूसरे इन इलाकों में ना भेजी जा सकें गाड़ियां
एयर क्वालिटी मैनेजमेंट कमीशन यानी CAQM को सौंपी गई अपनी रिपोर्ट में एक्सपर्ट कमेटी ने NCR और आस-पास के इलाकों में ऐसे उपाय करने को भी कहा है जिनसे दिल्ली-NCR से हटाई गई गाड़ियां इंडो-गैंगेटिक प्लेन अर्थात गंगा के मैदानी इलाकों के दूसरे शहरों में न जा सकें।
ज्यादा पलूशन वाले दूसरे इलाकों में जाने से रोकें
कमेटी ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि ऐसे तरीके बनाए जाएं जिनसे अधिक पलूशन फैलाने वाली गाड़ियों को दिल्ली-NCR से ज्यादा प्रदूषण वाले दूसरे इलाकों में जाने से रोका जा सके।
इसी साल से इन गाड़ियों पर रोक का सुझाव
कमेटी ने 1 नवंबर से 31 जनवरी के बीच, जब प्रदूषण का स्तर पीक पर होता है, तब अतिरिक्त पाबंदियां लगाने की भी सिफारिश की है। पैनल ने सुझाव दिया है कि इसी साल यानी 2026 से ही दिल्ली-NCR में BS-4 गाड़ियों पर पाबंदी या रोक लगाई जाए। सर्दियों में एक पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया जाए ताकि अगले साल से इस पाबंदी को बड़े पैमाने पर लागू किया जा सके।
क्यों कही BS-6 गाड़ियों पर पाबंदी की बात
CAQM की ओर से बीते दिसंबर में बनाई गई इस एक्सपर्ट कमेटी के अनुसार, यदि साल 2035 से औसत AQI 200 से ज्यादा होता है तो BS-6 गाड़ियों पर भी पाबंदी लगाने पर विचार किया जाना चाहिए। यह रिपोर्ट 18 अगस्त को सौंपी गई थी जिसे गुरुवार को सार्वजनिक किया गया।
वाहनों से पलूशन का दिया आंकड़ा
एक्सपर्ट पैनल ने अपनी अपनी रिपोर्ट में बताया है कि दिल्ली-NCR में इलेक्ट्रिक गाड़ियां महज 3.6 लाख यानी 1.6 फीसदी हैं। दिल्ली-एनसीआर में पलूशन फैलाने में पुरानी गाड़ियां ज्यादा योगदान देती हैं। कुल गाड़ियों (2.21 करोड़) में से लगभग 57 फीसदी BS-4 या उससे पुरानी गाड़ियां मौजूद हैं। यही नहीं बीएस-1 से BS-3 गाड़ियां कुल वाहनों का लगभग 30 फीसदी हैं, लेकिन पीएम पलूशन में इनका हिस्सा लगभग 74 फीसदी है। वहीं बीएस-4 गाड़ियों का हिस्सा 19 फीसदी है।

