कोहरे ने सताया, पलूशन ने रुलाया; दिल्लीवालों की सांस पर हावी जहर, राहत कब?

Dec 16, 2025 09:59 am ISTUtkarsh Gaharwar लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share Share
Follow Us on

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, सुबह 8 बजे के आस-पास शहर का कुल वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 378 रहा, जो इसे 'बहुत खराब' श्रेणी में आता है। सोमवार को AQI शाम 4 बजे के आस-पास 427 तक पहुंच गया था। 

कोहरे ने सताया, पलूशन ने रुलाया; दिल्लीवालों की सांस पर हावी जहर, राहत कब?

हर तरफ सफेद मोटी चादर सी धुंध... धुंध कहें या कोहरा समझ नहीं आ रहा। बाहर निकलों तो मानो सांस पर बन आए... पलूशन का मीटर देखो स्थिति काफी गंभीर है। 450 से 500 AQI होते ही ग्रैप-4 तक लागू कर दिया,स्कूल के बच्चों को पांचवी तक ऑनलाइन पढ़ने का आदेश है पर मंगलवार सुबह मामूली सुधार के बाद भी स्थिति ऐसी नहीं जिसमें आप खुली सांस ले सको। डॉक्टर तो पहले ही इसे हेल्थ इमरजेंसी घोषित कर चुके हैं पर हालत जस की तस। लखनऊ, हैदराबाद, मुंबई तक की हवा दिल्ली से ज्यादा साफ है। पलूशन का असर यह रहा कि सोमवार को पीएम मोदी विदेश दौरे पर जाने से पहले मशहूर फुटबॉलर GOAT लियोनेल मैसी तक से नहीं मिल पाए। मैसी का पलूशन के चलते विमान लेट हो गया और पीएम चले गए। इसके अलावा फ्लाइट्स को भी उड़ान भरने में देरी हो रही है।

मामूली सुधार पर हर सांस पर जहर भारी

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, सुबह 8 बजे के आस-पास शहर का कुल वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 378 रहा, जो इसे 'बहुत खराब' श्रेणी में आता है। सोमवार को AQI शाम 4 बजे के आस-पास 427 तक पहुंच गया था, जो 'गंभीर' श्रेणी में था, जिसकी तुलना में वायु गुणवत्ता में मामूली सुधार देखने को मिला है। इस हल्की गिरावट के बावजूद, राजधानी के बड़े हिस्सों में प्रदूषण का स्तर खतरनाक रूप से ऊंचा बना हुआ है। पूरे शहर को जहरीली धुंध की एक घनी चादर ने ढंक रखा है, जिससे विजिबिलिटी (दृश्यता) बहुत कम हो गई है और निवासियों को परेशानी हो रही है। इंडिया गेट जैसे प्रमुख क्षेत्रों में AQI 380 दर्ज किया गया, जबकि सराय काले खां में यह लगभग 359 रहा। CPCB के अनुसार, ये दोनों 'बहुत खराब' श्रेणी में थे। वहीं, गाजीपुर और आनंद विहार में AQI लगभग 410 दर्ज किया गया।

जगह (स्थान)AQI (वायु गुणवत्ता सूचकांक)
आनंद विहार401
लोधी रोड341
रोहिणी355
आईटीओ403
आईजीआई एयरपोर्ट322
नोएडा416
गाजियाबाद362
ग्रेटर नोएडा360
फरीदाबाद299
गुरुग्राम336

फ्लाइट्स भी देरी से चल रहीं

दिल्ली के प्रदूषण के चलते फ्लाइट्स को भी उड़ान भरने में परेशानी हो रही है। दिल्ली एयरपोर्ट ने ताजा जानकारी देते हुए बताया कि फ्लाइट परिचालन धीरे-धीरे ठीक हो रहा है, लेकिन कुछ जाने वाली और आने वाली उड़ानों में बाधाएं आ सकती हैं। सटीक और समय पर जानकारी (अपडेट) के लिए, कृपया सीधे अपनी एयरलाइन से संपर्क करें। यात्रियों की सहायता करने और आवश्यक सहयोग प्रदान करने के लिए हमारे कर्मचारी सभी टर्मिनलों पर उपलब्ध हैं।

CAQM की बैठक में क्या हुआ?

वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने दिल्ली-एनसीआर में वाहनों के उत्सर्जन से होने वाले वायु प्रदूषण को रोकने के लिए गठित विशेषज्ञ समिति की पहली बैठक सोमवार को आयोजित की थी। यह बैठक अशोक झुनझुनवाला की अध्यक्षता में और प्रोफेसर रणदीप गुलेरिया के सह-अध्यक्षता में हुई। CAQM ने 'X' पर एक पोस्ट में बताया कि इस बैठक में दिल्ली-NCR में वाहनों से होने वाले उत्सर्जन के स्रोतों से संबंधित प्रमुख मुद्दों पर व्यापक चर्चा की गई।

CAQM के अनुसार, "विचार-विमर्श में सेगमेंट-वार वाहनों के उत्सर्जन के योगदान का आकलन, स्वास्थ्य जोखिम (exposure risks), EV (इलेक्ट्रिक वाहन) की तैयारी और बुनियादी ढांचे की जरूरतों को शामिल किया गया।" यह समिति आने वाली बैठकों में वाहनों के उत्सर्जन को कम करने के लिए ठोस, कार्रवाई योग्य सिफारिशें प्रस्तुत करेगी। यह बैठक ऐसे समय में हुई है जब राजधानी दिल्ली गंभीर वायु प्रदूषण से जूझ रही है, इसी कारण CAQM को ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) के चरण IV के तहत प्रतिबंध लगाने पड़े हैं।

Utkarsh Gaharwar

लेखक के बारे में

Utkarsh Gaharwar
एमिटी और बेनेट विश्वविद्यालय से पत्रकारिता के गुर सीखने के बाद अमर उजाला से करियर की शुरुआत हुई। अमर उजाला में बतौर एंकर सेवाएं देने के बाद 3 साल नवभारत टाइम्स ऑनलाइन में डिजिटल कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर काम किया। वर्तमान में लाइव हिंदुस्तान में डिजिटल कंटेंट प्रोड्यूसर के पद पर कार्यरत हूं। एंकरिंग और लेखन के अलावा मिमिक्री और थोड़ा बहुत गायन भी कर लेता हूं। और पढ़ें
Hindi Newsएनसीआर Newsdelhi pollution aqi dense smog and fog toxic air flights delay schools closed caqm meeting all updates
;;;