Hindi Newsएनसीआर Newsdelhi pollution air quality index aqi very poor anand vihar
दिल्ली में दस दिन से हवा ‘जहरीली’, हफ्तेभर तक राहत के आसार नहीं

दिल्ली में दस दिन से हवा ‘जहरीली’, हफ्तेभर तक राहत के आसार नहीं

संक्षेप:

राजधानी दिल्ली ने लगातार दसवें दिन खराब हवा में सांस ली और गुरुवार को AQI 305 रहा, जबकि आनंद विहार में प्रदूषण 'गंभीर' श्रेणी में पहुंच गया है, जिसके बाद प्रशासन 28 से 30 अक्तूबर के बीच कृत्रिम बारिश कराने की तैयारी कर रहा है।

Oct 24, 2025 05:46 am ISTAnubhav Shakya लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share Share
Follow Us on

राजधानी दिल्ली ने गुरुवार को लगातार दसवें दिन खराब हवा में सांस ली। इस सीजन में 14 अक्तूबर को दिल्ली की वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में पहुंच गई थी। इसके बाद से लगातार ही प्रदूषण का स्तर खराब या बेहद खराब श्रेणी में बना हुआ है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

हवा की रफ्तार बढ़ने के चलते एक दिन पहले की तुलना में गुरुवार को प्रदूषण के स्तर में हल्का सुधार तो हुआ है, लेकिन अभी भी यह बेहद खराब श्रेणी में ही है। दिल्ली में इस बार पहले तो नियमित अंतराल पर पश्चिमी विक्षोभ आते रहे। इसके चलते मई और जून में सामान्य से ज्यादा बारिश हुई। इसके बाद अच्छे मानसून के चलते जुलाई, अगस्त और सितंबर में भी बारिश का आंकड़ा सामान्य से ज्यादा रहा। अच्छी बारिश के चलते जहां तापमान में गिरावट हुई वहीं, हवा भी काफी हद तक पहले से ज्यादा साफ-सुथरी रही।

अक्तूबर के पहले दस दिनों में भी दिल्ली में अच्छी बरसात हुई थी। जिसके चलते वायु गुणवत्ता मध्यम स्तर पर बनी रही। लेकिन, 14 अक्तूबर से दिल्ली की हवा में प्रदूषण का स्तर खराब श्रेणी में एक बार पहुंचा तो अभी तक एक दिन भी हवा साफ नहीं हुई है। इन दस दिनों में छह दिन हवा खराब श्रेणी में तो चार दिन बेहद खराब श्रेणी में रही है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक गुरुवार को दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 305 के अंक पर रहा। इस स्तर की हवा को बेहद खराब श्रेणी में रखा जाता है। एक दिन पहले बुधवार को यह सूचकांक 353 के अंक पर रहा था। यानी चौबीस घंटे के अंदर इसमें 48 अंकों का सुधार हुआ है। इसके बावजूद अभी भी यह बेहद खराब श्रेणी में ही है। दिल्ली के आनंद विहार क्षेत्र में प्रदूषण का स्तर गुरुवार को सबसे ज्यादा रहा। यहां पर शाम चार बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक 413 के अंक पर यानी गंभीर श्रेणी में रहा।

अभी खराब श्रेणी में ही रहेगी हवा

दिल्ली की हवा अभी खराब श्रेणी में ही रहने की संभावना है। बुधवार की तुलना में गुरुवार को हवा की गति में थोड़ी बढ़ोतरी हुई है। अलग-अलग दिशाओं से आने वाली हवा की रफ्तार 12 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रही। इसके चलते प्रदूषक कणों का विसर्जन पहले की तुलना में तेज हुआ है। लेकिन, वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली का अनुमान है कि अगले छह दिनों के बीच वायु गुणवत्ता का स्तर खराब या बेहद खराब श्रेणी में ही रहेगा।

28 से 30 के बीच हो सकती है कृत्रिम बारिश

दिल्ली में 28 से 30 तारीख के बीच कृत्रिम बारिश हो सकती है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को कहा कि राजधानी में कृत्रिम बारिश कराने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आज विशेषज्ञों द्वारा बुराड़ी क्षेत्र में इसका जायजा भी लिया गया।

Anubhav Shakya

लेखक के बारे में

Anubhav Shakya
भारतीय जनसंचार संस्थान नई दिल्ली से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद जी न्यूज से करियर की शुरुआत की। इसके बाद नवभारत टाइम्स में काम किया। फिलहाल लाइव हिंदुस्तान में बतौर सीनियर कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। किताबों की दुनिया में खोए रहने में मजा आता है। जनसरोकार, सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों में गहरी दिलचस्पी है। एनालिसिस और रिसर्च बेस्ड स्टोरी खूबी है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज , धर्म ज्योतिष , एजुकेशन न्यूज़ , राशिफल और पंचांग पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।