
आतिशी के बयान पर दिल्ली में सियासी संग्राम, AAP दफ्तर पर BJP का प्रदर्शन, इस्तीफे की मांग
गुरु तेग बहादुर जी की शहादत पर दिल्ली विधानसभा में चर्चा के दौरान आतिशी की कथित टिप्पणी को लेकर भाजपा ने आप मुख्यालय पर प्रदर्शन किया, जबकि आतिशी ने इसे भाजपा की एडिटेड वीडियो वाली साजिश बताया है।
दिल्ली की सियासत में इन दिनों गुरु तेग बहादुर जी की शहादत को लेकर जबरदस्त हंगामा मचा हुआ है। मामला इतना गरमा गया कि भाजपा कार्यकर्ता AAP मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन करने पहुंच गए। बीजेपी ने आम आदमी पार्टी की नेता और विधानसभा की नेता प्रतिपक्ष आतिशी पर गुरु साहिबान का अपमान करने का आरोप लगाया है, जबकि AAP इसे भाजपा की साजिश बता रही है।
भाजपा का जोरदार प्रदर्शन
आज सुबह भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं ने AAP कार्यालय के बाहर जमकर प्रदर्शन किया। नारे लगाए गए, पोस्टर दिखाए गए और आतिशी से तुरंत इस्तीफा देने की मांग की गई। भाजपा का कहना है कि सिर्फ माफी काफी नहीं, सजा होनी चाहिए।
अरविंदर सिंह लवली का तीखा हमला
भाजपा नेता अरविंदर सिंह लवली ने कहा, "गुरु तेग बहादुर जी ने पूरे हिंदुस्तान की रक्षा के लिए अपनी शहादत दी थी। पहले की सरकारों ने इतिहास की किताबों से इस गौरवशाली अध्याय को मिटाने की कोशिश की। हम माफी की बात नहीं कर रहे, बल्कि सजा की मांग कर रहे हैं।" लवली ने इसे सदन और सिख समुदाय की भावनाओं का अपमान बताया।
दिल्ली विधानसभा में विपक्ष की नेता आतिशी के बयान पर बीजेपी सांसद कमलजीत सहरावत ने कहा, "दिल्ली विधानसभा में गुरु तेग बहादुर कार्यक्रम पर चर्चा के दौरान विपक्ष की नेता आतिशी ने जिस तरह के शब्दों का इस्तेमाल किया, वह चौंकाने वाला है। गुरु तेग बहादुर, जिन्हें भारत का रक्षक कहा जाता है, उन्होंने अपने समुदाय के लिए खुद को कुर्बान कर दिया। उन्हें अपने बयान के लिए माफी मांगनी चाहिए और इस्तीफा देना चाहिए।"
विवाद की जड़ क्या है?
दिल्ली विधानसभा के शीतकालीन सत्र में गुरु तेग बहादुर जी की 350वीं शहादत वर्षगांठ पर चर्चा चल रही थी। इसी दौरान AAP विधायकों ने प्रदूषण पर बहस की मांग को लेकर हंगामा किया। भाजपा का दावा है कि आतिशी ने इस मौके पर ऐसी टिप्पणियां कीं जो गुरु साहिबान के प्रति असंवेदनशील थीं। भाजपा नेताओं ने इसे सिख समुदाय की भावनाओं पर हमला बताया।
AAP का पलटवार
आतिशी और AAP ने आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया। आतिशी ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर कहा कि भाजपा ने उनके बयान को एडिट कर झूठे सबटाइटल जोड़े हैं। उनका कहना था कि वे तो प्रदूषण और आवारा कुत्तों के मुद्दे पर भाजपा को घेर रही थीं, गुरु साहिबान का नाम भाजपा ने जबरन घसीटा। AAP ने इसे भाजपा की 'झूठ की फैक्ट्री' करार दिया।





