खत्म हो गया कॉकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन? पुलिस ने खाली कराया जंतर-मंतर
एक तरफ जहां दिल्ली पुलिस ने जंतर मंतर को खाली करा दिया है तो वही कुछ प्रदर्शनकारी एक बार फिर जुटना शुरू हो गए हैं। उधर सीजेपी ने भी बड़ा ऐलान कर दिया है।

कॉकरोच जनता पार्टी के संसद चलो मार्च के दौरान जमकर बवाल हुआ। जैसे-जैसे प्रदर्शनकारियों की भीड़ संसद भवन के करीब पहुंचती गई, पुलिस को भीड़ को तितर बीतर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। कई बार लाठीचार्ज भी किया गया। इस बीच शाम करीब चार बजे सीजेपी के प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा से मुलाकात की और तीन मांगो वाली याचिका उन्हें सौंपी। इसके बाद पुलिस ने धीरे-धीरे प्रदर्शनकारियों को हटाना शुरू किया और लोगों से भी स्थिति सामान्य करने की अपील की। जंतर-मंतर भी खाली करा दिया गया। अब सबसे बड़ा सवाल है कि क्या कॉकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन खत्म हो चुका है?
पुलिस ने फिलहाल जंतर-मंतर को पूरी तरह खाली कर दिया है लेकिन कॉकरोच जनता पार्टी ने दावा किया है कि प्रदर्शन अभी भी जारी रहेगा। सीजेपी ने कहा है कि अभिजीत दीपके, सौरभ दास, आशुतोष रांका और सोन वांगचुक की पत्नी गीतांजलि अपना प्रदर्शन अभी भी जारी रखेंगे। उधर सोनम वांगचुक ने भी अपनी भूखहड़ताल जारी रखने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा है कि अनशन तब तक जारी रहेगा जब तक प्रदर्शन कर रहे छात्रों को सांसदों से मिलने की इजाजत नहीं मिल जाती, या फिर सांसद उनसे सफदरजंग अस्पताल में मिलने नहीं आते।
फिर जुटने लगी भीड़
उधर जंतर-मंतर पर एक बार फिर भीड़ जुटनी शुरू हो गई है। प्रदर्शनस्थल के बाहर करीब 200-250 लोगों की भीड़ जुट गई है। इन लोगों ने प्रदर्शनस्थल के बाहर ही सुचारू ढंग से बैठकर फिर से प्रदर्शन शुरू कर दिया गया है और जमकर नारेबाजी की जा रही है। जानकारी के मुताबिक सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के अनिश्चितकालीन अनशन के लिए बनाया गया मंच हटा दिया गया है। मौके से ट्रैम्पोलिन, कालीन, गद्दे और अन्य सामान भी हटा दिए गए।
'धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक जारी रहेगा आंदोलन'
एक प्रदर्शनकारी ने दावा किया कि केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा के साथ सीजेपी प्रतिनिधिमंडल की बातचीत के बाद उनकी प्रमुख मांगों में से एक पूरी हो गई है। हालांकि, उसने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक आंदोलन जारी रहेगा। जंतर-मंतर पर बड़ी संख्या में छात्र और अन्य प्रदर्शनकारी मौजूद रहे।
सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने लाउडस्पीकर लगे एक टेंपो से प्रदर्शनकारियों को संबोधित किया। सीजेपी ने छह जून को जंतर-मंतर पर एक दिवसीय प्रदर्शन किया था। इसके बाद संगठन ने कई प्रदर्शनकारियों के साथ अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया।


