ISI का 'कैमरा मॉड्यूल' एक्सपोज, PAK जा रही थी भारतीय सेना की लाइव फीड; 11 जासूस दबोचे

Praveen Sharma नई दिल्ली, एएनआई
share

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने शुक्रवार को पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI समर्थित एक बड़े जासूसी नेटवर्क का भंडाफोड़ कर दिल्ली और पंजाब के विभिन्न स्थानों से 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। दिल्ली पुलिस ने बताया कि पकड़े गए लोग देश के अलग-अलग हिस्सों में कैमरे लगा रहे थे। 

ISI का 'कैमरा मॉड्यूल' एक्सपोज, PAK जा रही थी भारतीय सेना की लाइव फीड; 11 जासूस दबोचे

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने शुक्रवार को एक बड़े जासूसी नेटवर्क का भंडाफोड़ कर दिल्ली और पंजाब के विभिन्न स्थानों से 11 लोगों को गिरफ्तार किया है। दिल्ली पुलिस ने बताया कि पकड़े गए लोग देश के अलग-अलग हिस्सों में कैमरे लगा रहे थे। आरोप है कि इस नेटवर्क को पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस (ISI) और प्रतिबंधित संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) चला रहे थे।

पुलिस के अनुसार, आरोपी एन्क्रिप्टेड एप्लिकेशन के जरिये पाकिस्तान स्थित हैंडलर्स के सीधे संपर्क में थे और राष्ट्रीय सुरक्षा को निशाना बनाने वाली जासूसी तथा विध्वंसक गतिविधियां अंजाम देने के निर्देश प्राप्त कर रहे थे।

9 CCTV कैमरे बरामद किए गए

पहले ऑपरेशन में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और संवेदनशील सुरक्षा तथा रक्षा प्रतिष्ठानों के पास लगाए गए सोलर पावर से चलने वाले 9 CCTV कैमरे बरामद किए गए। ये कैमरे मोबाइल ऐप के माध्यम से पाकिस्तान स्थित हैंडलरों को लाइव फीड भेज रहे थे।

UPI ट्रांजेक्शन के जरिये मिल रही थी फंडिंग

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 24 जिंदा कारतूसों के साथ 4 पिस्तौलें भी बरामद कीं, जिनमें तीन PX5 विदेशी हथियार और एक देसी पिस्तौल शामिल है। जांच में पता चला कि इस मॉड्यूल को UPI ट्रांजेक्शन के जरिये फंडिंग मिल रही थी और इस फंड का एक हिस्सा हथियारों की अवैध तस्करी से आ रहा था।

पंजाब से 5 लोग गिरफ्तार

दूसरे ऑपरेशन में, मिलिट्री इंटेलिजेंस से मिली जानकारी के आधार पर पंजाब से 5 और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। ये लोग सेना और अर्धसैनिक बलों के संवेदनशील ठिकानों की रेकी करने और उनके फोटो और वीडियो पाकिस्तान में बैठे अपने आकाओं के साथ शेयर करने में शामिल थे।

युवाओं को कट्टरपंथी बनाने में जुटा था नेटवर्क

जांच के दौरान यह भी पाया गया कि यह नेटवर्क युवाओं को कट्टरपंथी बनाने और उन्हें आतंकवादी गतिविधियों, जासूसी तथा हथियारों की तस्करी के लिए भर्ती करने में शामिल था।

कई राज्यों में सीसीटीवी कैमरे लगाए

पुलिस ने बताया कि आरोपी ने संवेदनशील इलाकों पर नजर रखने के लिए पंजाब, हरियाणा और राजस्थान सहित कई राज्यों में अलग-अलग जगहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए थे।

सुरक्षा प्रतिष्ठानों पर ग्रेनेड हमले की थी योजना

जांच में आगे यह भी पता चला कि यह मॉड्यूल संभावित आतंकी हमलों की योजना बना रहा था, जिसमें सुरक्षा प्रतिष्ठानों पर ग्रेनेड हमले भी शामिल थे, जिन्हें अब टाल दिया गया है। नेटवर्क के अन्य सदस्यों की पहचान करने और साजिश के पूरे दायरे का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है। कुछ दिन पहले गाजियाबाद में भी इसी तरह का एक नेटवर्क पकड़ा गया था।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।