CJP प्रोटेस्ट में तोड़फोड़-पथराव पर दिल्ली पुलिस का ऐक्शन, अज्ञात लोगों पर FIR

नई दिल्ली, भाषा
Follow us on Google News
share

CJP प्रोटेस्ट मार्च में हुई हिंसा पर दिल्ली पुलिस का ऐक्शन शुरू हो गया है। पुलिस ने पथराव और पुलिस की गाड़ियों में तोड़फोड़ के मामले में कनॉट थाने में बीएनएस की गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की है।

CJP protest march violence
कॉकरोच जनता पार्टी के संसद मार्च में हिंसा

दिल्ली पुलिस ने सोमवार को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संसद मार्च के दौरान कनॉट प्लेस में रीगल सिनेमा के पास हुई हिंसा, पथराव और पुलिस की गाड़ियों में तोड़फोड़ के मामले में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

सूत्रों ने बताया कि सोमवार को कनॉट प्लेस के आउटर सर्कल में विरोध-प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने कथित तौर पर पथराव किया, पुलिस की कई गाड़ियों को भारी नुकसान पहुंचाया और पुलिसकर्मियों पर हमला किया। पुलिस सूत्र के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज, वीडियो रिकॉर्डिंग और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की मदद से इस हिंसा में शामिल लोगों की पहचान करने के प्रयास जारी हैं।

सूत्रों के मुताबिक, यह एफआईआर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत FIR दर्ज की गई है। इन धाराओं में हिंसा, तोड़-फोड़, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान, सरकारी कर्मचारियों को उनके काम में बाधा डालना और जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस का सामान (जैसे जैकेट और हेलमेट) छीनने जैसी घटनाएं शामिल हैं।

हिंसा में 100 से अधिक पुलिसकर्मी हुए घायल

दिल्ली पुलिस ने यह कार्रवाई संसद मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों और सुरक्षाकर्मियों के बीच हुई झड़पों के एक दिन बाद की है। इन झड़पों के दौरान करीब 118 पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिनमें स्पेशल कमिश्नर ऑफ पुलिस, जॉइंट कमिश्नर ऑफ पुलिस, एडिशनल कमिश्नर ऑफ पुलिस, डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस, एडिशनल डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस और असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस रैंक के सीनियर अधिकारी और कई महिला पुलिसकर्मी शामिल हैं। साथ ही कई पुलिस वाहनों को भी नुकसान पहुंचा। झड़प के दौरान, लगभग 60 प्रदर्शनकारियों के भी घायल होने की खबर है।

'कॉकरोच जनता पार्टी' और किसान संगठनों के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने राजधानी के कई हिस्सों में सुरक्षा और बढ़ा दी है और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस व अर्धसैनिक बलों के जवानों की भारी तैनाती की गई है।

इन इलाकों में बढ़ाई गई सुरक्षा

सूत्र ने बताया कि नई दिल्ली, मध्य, उत्तर, दक्षिण, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व जिलों के अलावा अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। रणनीतिक बिंदुओं पर बहुस्तरीय अवरोधक लगाए गए हैं, वाहनों की जांच बढ़ा दी गई है और गश्त तेज कर दी गई है। प्रमुख सरकारी भवनों, प्रमुख चौराहों और विरोध-प्रदर्शन संभावित स्थलों के आसपास अतिरिक्त बल भी तैनात किया गया है।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ''सोमवार की हिंसा की जांच जारी है और तोड़फोड़, पुलिसकर्मियों पर हमले व सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने में शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।''

पुलिस की लोगों से शांति बनाए रखने की अपील

दिल्ली पुलिस ने कल शाम एक्स पर एक पोस्ट सभी प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्ण तरीके से व्यवहार करने, किसी भी गैर-कानूनी या हिंसक गतिविधि में शामिल होने से बचने और ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों द्वारा जारी कानूनी निर्देशों का पालन करने की अपील की। पुलिस ने लोगों को यह सलाह भी दी कि वे किसी भी प्लेटफॉर्म के माध्यम से अफवाहों, गलत जानकारी या बिना पुष्टि वाली सामग्री पर विश्वास न करें और न ही उन्हें फैलाएं। पुलिस ने कहा कि नागरिकों से अनुरोध है कि वे जानकारी के केवल विश्वसनीय स्रोतों पर भरोसा करें और शांति, सद्भाव और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में दिल्ली पुलिस का सहयोग करें।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करे और पाएं पल-पल की ताज़ा खबर
Hindi Newsएनसीआर NewsCJP प्रोटेस्ट में तोड़फोड़-पथराव पर दिल्ली पुलिस का ऐक्शन, अज्ञात लोगों पर FIR