JNU के बर्खास्त प्रोफेसर-कांग्रेस सांसद पर दिल्ली पुलिस ने दर्ज की FIR, यौन उत्पीड़न के आरोप में गई नौकरी
दिल्ली पुलिस ने छात्राओं के यौन उत्पीड़न के आरोपी जेएनयू के बर्खास्त प्रोफेसर एवं कांग्रेस के लोकसभा सांसद अंगोमचा बिमोल अकोइजम के खिलाफ बीएनएस की धाराओं में नामजद मुकदमा दर्ज किया है। जेएनयू ने आंतरिक जांच के बाद उन्हें सेवा से बर्खास्त कर दिया था।

छात्राओं के यौन उत्पीड़न के आरोपों में घिरे जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के बर्खास्त प्रोफेसर एवं कांग्रेस के लोकसभा सांसद अंगोमचा बिमोल अकोइजम की मुश्किलें और बढ़ती जा रही हैं। दिल्ली पुलिस ने अब उनके खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दिल्ली पुलिस ने जेएनयू दिल्ली के चीफ सिक्योरिटी ऑफिसर की शिकायत पर आरोपी पूर्व प्रोफेसर के खिलाफ रविवार को वसंत कुंज नॉर्थ में BNS की धाराओं 75, 75(1)(i), 75(1)(iv) और 79 के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। एफआईआर में कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमोल अकोइजम को नामजद किया गया है। पुलिस इस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
अंगोमचा बिमोल अकोइजम इनर मणिपुर से कांग्रेस के लोकसभा सांसद हैं। वह जेएनयू के स्कूल ऑफ सोशल साइंसेज के अंतर्गत 'सेंटर फॉर द स्टडी ऑफ सोशल सिस्टम्स' में प्रोफेसर थे।
आंतरिक जांच के बाद जेएनयू ने कर दिया था बर्खास्त
बता दें कि, जेएनयू ने अपनी आंतरिक समिति द्वारा यौन उत्पीड़न के आरोपों की जांच किए जाने के बाद शुक्रवार 9 अक्टूबर को प्रोफेसर अंगोमचा बिमोल अकोइजम को सेवा से बर्खास्त कर दिया था।
जेएनयू प्रशासन की तरफ से इस संबंध में जारी आदेश में कहा गया था कि यूनिवर्सिटी की आंतरिक समिति ने यौन उत्पीड़न के आरोपों की जांच की और इसके नतीजों के आधार पर कड़ी सजा की सिफारिश की गई। कुलपति शांतिश्री डी. पंडित के हस्ताक्षर वाले आदेश में कहा गया, ''उचित प्रक्रिया का पालन करने, सभी उपलब्ध तथ्यों पर विचार करने और आंतरिक समिति की रिपोर्ट के आधार पर, विश्वविद्यालय की सेवा से बर्खास्तगी की सजा दी जाती है।''
11 छात्राओं ने लगाए थे यौन उत्पीड़न के आरोप
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस साल मई में कम से कम 11 छात्राओं ने प्रोफेसर अकोइजम के खिलाफ यौन उत्पीड़न की शिकायतें दर्ज कराईं थीं। शिकायतों में आरोप लगाया गया कि अकोइजम ने मीटिंग के बहाने छात्राओं को जेएनयू परिसर स्थित अपने घर पर बुलाया और उनका यौन उत्पीड़न करने की कोशिश की। कुछ छात्राओं ने यह भी आरोप लगाया कि वह कक्षा में अश्लील और अनुचित बातें करते थे। इस मामले ने कैंपस में चिंता पैदा कर दी और अन्य वरिष्ठ छात्राएं भी इसी तरह के आरोप लेकर सामने आ रही हैं।
भाजपा आज कांग्रेस मुख्यालय पर करेगी प्रदर्शन
भाजपा महिला मोर्चा ने रविवार को आरोप लगाया कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी यौन उत्पीड़न के आरोपी सांसद अंगोमचा बिमोल अकोइजम को बचा रहे हैं। इसके विरोध में भाजपा की महिला कार्यकर्ता सोमवार को 'नारी शक्ति हुंकार आंदोलन' के तहत दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय के बाहर मार्च निकालेंगी। भाजपा ने कहा कि विरोध मार्च दीन दयाल उपाध्याय मार्ग स्थित आंध्र एजुकेशन सोसाइटी स्कूल से शुरू होकर आईटीओ पर कांग्रेस मुख्यालय इंदिरा भवन की ओर जाएगा, जहां प्रदर्शन किया जाएगा।
(भाषा के इनपुट के साथ)

