Hindi Newsएनसीआर NewsDelhi Police probe conspiracy behind India Gate pollution protest and naxal slogans
एक ग्रुप और 340 लोग; दिल्ली में नक्सल प्रेमियों के फोन से निकल रही ‘साजिश’

एक ग्रुप और 340 लोग; दिल्ली में नक्सल प्रेमियों के फोन से निकल रही ‘साजिश’

संक्षेप:

दिल्ली में रविवार को इंडिया गेट पर प्रदूषण के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान लगाए गए नक्सली नारों और पुलिसकर्मियों पर हुए मिर्ची हमले के पीछे पुलिस को सुनियोजित साजिश की आशंका है। दिल्ली पुलिस ने 22 स्टूडेंट्स की गिरफ्तारी के बाद उनके फोन को जब्त किया है।

Nov 26, 2025 11:58 am ISTSudhir Jha लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share Share
Follow Us on

दिल्ली में रविवार को इंडिया गेट पर प्रदूषण के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान लगाए गए नक्सली नारों और पुलिसकर्मियों पर हुए मिर्ची हमले के पीछे पुलिस को सुनियोजित साजिश की आशंका है। दिल्ली पुलिस ने 22 स्टूडेंट्स की गिरफ्तारी के बाद उनके फोन को जब्त किया है। पुलिस एक सप्ताह पुराने वॉट्सऐप ग्रुप पर हुई बातचीत की भी जांच कर रही है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

उस दिन शाम के समय इंडिया गेट पर बड़ी संख्या में लोग वायु प्रदूषण के खिलाफ प्रदर्शन के लिए एकत्रित हुए थे, जिनमें अधिकतर स्टूडेंट्स थे। पुलिस का कहना है कि इन लोगों ने ट्रैपिक को रोक दिया और इसमें कई एंबुलेंस भी फंस गए। जब प्रदर्शकारियों को सड़क से हटाने की कोशिश की गई तो इनमें से कई झड़प करने लगे और पुलिसकर्मियों पर मिर्ची स्प्रे से हमला कर दिया। पिछले दिनों एनकाउंटर में मारे गए खूंखार नक्सल कमांडर माडवी हिडमा के लिए नारे भी लगाए गए और उसकी तुलना बिरसा मुंडा से करते हुए पोस्टर लहराए गए।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, 'चूंकि सभी स्टूडेंट ज्यूडिशियल कस्टडी में है, हमारे पास उनके फोन हैं और हम उनके सोशल मीडिया ग्रुप्स की जांच कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी हिमखंड और भगत सिंह छात्र एकता मंच जैसे सगंठनों से जुड़े हुए हैं। वे दो वॉट्सऐप ग्रुप में एक्टिव थे। इनमें से एक पिछले सप्ताह क्रिएट किया गया था जिसमें 340 सदस्य थे। ऐसा प्रतीत होता है कि अवैध गतिविधियों की प्लानिंग के लिए इसे बनाया गया था।'

पुलिस ने 15 पुलिसकर्मियों के बयान दर्ज किए हैं, जिन्हें मिर्ची स्प्रे से हमले और झड़प के बाद आरएमएल हॉस्पिटल ले जाया गया था। अधिकारियों के मुताबिक जख्मी पुलिसकर्मियों ने बताया कि उन पर मिर्ची स्प्रे डाला गया और पिन चुभाया गया। वे कानून व्यवस्था तोड़ने की तैयारी के साथ आए थे। उनके पास पिन और 6 स्प्रे बोतलें थीं, जिन्हें जब्त किया गया है।

पुलिस का कहना है कि आयोजकों ने प्रदर्शन के लिए अनुमति नहीं मांगी थी। उन्हें सोशल मीडिया पोस्ट्स के जरिए इस प्लान का पता चला। अधिकारी ने बताया कि वॉट्सऐप ग्रुप को चलाने वाले कई सदस्य अब हिरासत में हैं। अधिकारी ने कहा, 'कुछ को पहले भी प्रदर्शन में हिरासत में लिया गया था। पहली बार बात इतनी आगे बढ़ी।'

डीसीपी (न्यू दिल्ली) देवे श कुमार महला ने कहा कि महिलाओं पर कथित हमले, जानबूझकर चोट पहुंचाने, लोक सेवकों के काम में बाधा डालने, वैध आदेशों की अवहेलना करने और आपराधिक साजिश के आरोप में दो एफआईआर दर्ज की गईं। छात्रों द्वारा नक्सल नेताओं के समर्थन में नारे लगाने के बाद, भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 197 बाद में जोड़ी गई।

पुलिस ने प्रदर्शन के आयोजको के रूप में अभी तक दो छात्राओं की पहचान की है। एक अन्य अधिकारी ने कहा, 'हमने पाया कि वे हाल ही में कुछ राजनीतिक शख्सियतों के साथ पैनल डिस्कशन में शामिल हुईं थीं। हम ब्योरा जुटा रहे हैं। हमने उन छात्रों की भी पहचान की है जो माडवी हिडमा का पोस्टर लेकर आए थे।

एचटी ने दूसरी एफआईआर की समीक्षा की जो संसद मार्ग पुलिस थाने में दर्ज की गई थी। इसमें कहा गया है कि 18-20 छात्रों ने थाने के मुख्य गेट को ब्लॉक किया और सरकार, पुलिस के खिलाफ नारे लगाए। एफआईआर में लिखा है, 'वे प्रदूषण और माडवी हिडमा की मौत के खिलाफ, नक्सलवाद और आतंकवाद के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे थे।'

Sudhir Jha

लेखक के बारे में

Sudhir Jha
डिजिटल और प्रिंट मीडिया में डेढ़ दशक का अनुभव। भारतीय राजनीति के साथ एशियाई और वैश्विक मामलों की समझ। अर्थशास्त्र और खेल में भी रुचि। जम्मू-कश्मीर, लखनऊ और दिल्ली में पत्रकारिता कर चुके हैं। लाइव हिन्दुस्तान से पहले आज समाज, दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर, न्यूज ट्रैक, नवभारत टाइम्स में सेवा दे चुके हैं। दिल्ली यूनिवर्सिटी के साउथ कैंपस से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट ग्रैजुएशन डिप्लोमा से पहले कंप्यूटर साइंस में ग्रैजुएशन किया है। जन्म बिहार में हुआ और पले-बढ़े मेरठ में। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज , धर्म ज्योतिष , एजुकेशन न्यूज़ , राशिफल और पंचांग पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।