
200 गिरफ्तार, 534 मोबाइल, 33 लाख की ज्वेलरी बरामद.. दिल्ली पुलिस का 'ऑपरेशन संकल्प'
सेंट्रल दिल्ली पुलिस ने 'ऑपरेशन संकल्प' के तहत दिसंबर में बड़ी कार्रवाई करते हुए झपटमारी, लूट और साइबर फ्रॉड के सैकड़ों मामले सुलझाए हैं, जिसमें भारी मात्रा में नकदी, मोबाइल और जेवरात बरामद किए गए।
दिल्ली पुलिस ने दिसंबर महीने में 'ऑपरेशन संकल्प' के तहत अपराध नियंत्रण के लिए जोरदार अभियान चलाया। सेंट्रल दिल्ली में इस दौरान झपटमारी, लूट, साइबर फ्रॉड और नशीले पदार्थों से जुड़े कई मामलों में बड़े पैमाने पर गिरफ्तारियां हुईं। पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह कार्रवाई अपराधियों पर नकेल कसने में काफी सफल रही।
झपटमारी और डकैती के मामलों में सफलता
पुलिस ने 19 झपटमारी के केस सुलझाए और 28 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनसे 127 मोबाइल फोन, एक ऑटोरिक्शा, तीन मोटरसाइकिलें, एक स्कूटी और 2,000 रुपये नकद बरामद हुए। वहीं, 7 डकैती के मामलों में 12 आरोपी पकड़े गए। इनके पास से एक पर्स, आधार कार्ड और 3,770 रुपये कैश मिला।
चोरी और बर्गलरी पर सख्त एक्शन
चोरी के 36 मामलों में 25 आरोपी गिरफ्तार हुए। बरामद सामान में 19 मोबाइल फोन, एक SUV गाड़ी, एक स्कूटर और करीब 33 लाख रुपये की ज्वेलरी शामिल है। खासकर 9 घरेलू चोरी के केस सॉल्व हुए, जहां से चांदी के कंगन, अंगूठियां और ब्रेसलेट जैसे सामान वापस मिले।

वाहन चोरी और हत्या के प्रयास के केस
19 ऑटो लिफ्टिंग के मामलों में 7 आरोपी पकड़े गए। इनसे दो स्कूटी, एक मोटरसाइकिल और कुछ नकदी बरामद हुई। चार हत्या के प्रयास के केस में 7 आरोपी गिरफ्तार हुए, जिनके पास से चाकू और टूटी बोतल जैसे हथियार जब्त किए गए।
साइबर फ्रॉड पर सबसे बड़ा प्रहार
साइबर क्राइम के खिलाफ पुलिस ने खास ध्यान दिया। 36 फ्रॉड केस में 85 लोग गिरफ्तार हुए। इनके ठिकानों से 534 मोबाइल फोन, नकदी, 124 मदरबोर्ड, 138 बैटरी और 459 फेक IMEI स्टिकर (जिन पर 'मेड इन वियतनाम' लिखा था) बरामद हुए। डिजिटल सबूतों से इनके नेटवर्क का पता चला।
हथियार और ड्रग्स तस्करी पर कार्रवाई
आर्म्स एक्ट के तहत 7 केस में 8 आरोपी पकड़े गए। इनसे देसी पिस्तौलें, जिंदा कारतूस और चाकू जब्त हुए। NDPS एक्ट के तहत कई ड्रग तस्कर गिरफ्तार हुए और स्मैक बरामद की गई। जुआ और आबकारी कानून उल्लंघन के मामलों में भी आरोपी पकड़े गए।
रोकथाम के लिए बड़े कदम
पुलिस ने हजारों लोगों पर दिल्ली पुलिस एक्ट और BNSS के तहत कलंदरा तैयार किए। साथ ही 10 भगोड़े अपराधियों को भी गिरफ्तार किया गया। इस अभियान से सेंट्रल दिल्ली में अपराध पर काफी हद तक लगाम लगी है। पुलिस का यह 'संकल्प' राजधानी को और सुरक्षित बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम साबित हुआ है।





