Hindi Newsएनसीआर NewsDelhi Police on high alert ahead of global football icon Lionel Messi Delhi visit set up traffic restrictions
लियोनेल मेसी की दिल्ली यात्रा पर दिल्ली पुलिस हाई अलर्ट, अर्धसैनिक बल तैनात; यातायात प्रतिबंध लगाए

लियोनेल मेसी की दिल्ली यात्रा पर दिल्ली पुलिस हाई अलर्ट, अर्धसैनिक बल तैनात; यातायात प्रतिबंध लगाए

संक्षेप:

अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉलर लियोनेल मेसी भारत यात्रा के अंतिम पड़ाव के रूप में आज दिल्ली आ रहे हैं। इसके मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने सेंट्रल दिल्ली के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी है और यातायात प्रतिबंध भी लगा दिए हैं।

Dec 15, 2025 02:41 pm ISTPraveen Sharma नई दिल्ली, भाषा
share Share
Follow Us on

अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉलर लियोनेल मेसी (Lionel Messi) भारत में GOAT टूर के अंतिम पड़ाव के रूप में आज दिल्ली आ रहे हैं। इसके मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने सेंट्रल दिल्ली के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी है और यातायात प्रतिबंध भी लगा दिए हैं।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

अर्जेंटीना के दिग्गज खिलाड़ी सोमवार को दोपहर 1 बजे से 4 बजे के बीच अरुण जेटली स्टेडियम में एक कार्यक्रम में शामिल होंगे। उन्होंने अपनी यात्रा की शुरुआत कोलकाता से की थी, जहां आयोजन में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, 2022 विश्व कप चैंपियन का हैदराबाद और मुंबई दौरा सुचारू रूप से संपन्न हुआ।

दिल्ली मेसी का स्वागत करने के लिए तैयार है। पुलिस कड़ी निगरानी रख रही है, खासकर कोलकाता में हाल ही में हुई घटना के मद्देनजर, जहां हजारों प्रशंसकों द्वारा इस दिग्गज खिलाड़ी की एक झलक न मिलने पर विरोध प्रदर्शन करने के बाद सॉल्ट लेक स्टेडियम में अफरा-तफरी मच गई थी।

दिल्ली पुलिस ने बताया कि मेसी के दौरे के लिए व्यापक और बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि भीड़ प्रबंधन, प्रवेश नियंत्रण और यातायात नियमों पर विशेष ध्यान देते हुए विस्तृत इंतजाम किए गए हैं।

आयोजन स्थल के चारों ओर कई सुरक्षा घेरे बनाए

पुलिस के मुताबिक, आयोजन स्थल के चारों ओर कई सुरक्षा घेरे बनाए गए हैं और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस कर्मियों के साथ-साथ अर्धसैनिक बलों को भी तैनात किया गया है। स्टेडियम और निर्धारित क्षेत्रों में प्रवेश को सख्ती से नियंत्रित किया जा रहा है और वैध पास के बिना किसी को भी प्रवेश की अनुमति नहीं है।

एक अधिकारी ने बताया, ‘‘तोड़फोड़ रोधी जांच, तलाशी केंद्र और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी सुरक्षा योजना का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।’’

अधिकारी ने आगे कहा कि पूरे इवेंट के दौरान क्विक रिएक्शन टीमें, सीनियर सुपरवाइजरी अधिकारी और इमरजेंसी रिस्पॉन्स यूनिट स्टैंडबाय पर रहेंगी, जिसमें पब्लिक की सुरक्षा सबसे बड़ी प्राथमिकता होगी।

ट्रैफिक व्यवस्था के संबंध में डीसीपी (ट्रैफिक) निशांत गुप्ता ने बताया कि उन्होंने चिह्नित वाहनों के लिए तीन मुख्य पार्किंग क्षेत्रों की पहचान की है, जिनमें विक्रम नगर के पास स्थित P1 भी शामिल है। बिना चिह्नित वाहनों को राजघाट पावरहाउस पार्किंग स्थल और माता सुंदरी लेन में खड़ा करना अनिवार्य है, जहां से पैदल यात्री स्टेडियम तक जा सकते हैं।

अधिकारी ने बताया कि ऐप बेस्ड टैक्सी यूजर्स को राजघाट चौक पर वाहन से उतरकर पैदल चलने की सलाह दी गई है। उन्होंने बताया कि अरुण जेटली स्टेडियम के आसपास पार्किंग सख्त वर्जित है और वहां खड़ी पाई जाने वाली गाड़ियों पर जुर्माना लगाया जाएगा।

लोगों को यथासंभव मेट्रो और बसों का उपयोग करने की सलाह दी गई है ताकि भीड़भाड़ कम हो और आवागमन सुचारू रूप से हो सके। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे सुबह 10 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक बहादुर शाह जफर मार्ग, आईटीओ, दिल्ली गेट, नेताजी सुभाष मार्ग और बृजमोहन चौक से बचें।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज , धर्म ज्योतिष , एजुकेशन न्यूज़ , राशिफल और पंचांग पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।