दिल्ली के बुराड़ी थाने में घूस लेता पकड़ा गया हेड कॉन्स्टेबल, विजिलेंस की रेड के बीच आया हार्ट अटैक
दिल्ली पुलिस की विजिलेंस ब्रांच ने बुराड़ी थाने में एक हेड कॉन्स्टेबल को 25 हजार रुपये की घूस लेते हुए गिरफ्तार किया है। विजिलेंस की कार्रवाई के दौरान आरोपी हेड कॉन्स्टेबल सुरेंद्र को दिल का दौरा पड़ गया। इसके चलते उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

दिल्ली पुलिस की विजिलेंस ब्रांच ने बुराड़ी थाने में तैनात एक हेड कॉन्स्टेबल को शुक्रवार रात 25 हजार रुपये की घूस लेते हुए गिरफ्तार कर लिया। विजिलेंस की कार्रवाई के दौरान आरोपी हेड कॉन्स्टेबल सुरेंद्र को दिल का दौरा पड़ गया। इसके चलते उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोप है कि हेड कॉन्स्टेबल ने मोबाइल टावर नहीं हटाने के एवज में शिकायतकर्ता से 75 हजार रुपये की घूस मांगी थी।
वेस्ट कमल विहार निवासी व्यक्ति ने अपने घर की छत पर मोबाइल टावर लगवाया था। इसे लेकर आसपास के लोगों ने थाने में शिकायत की थी। पीड़ित का आरोप है कि पहले एक हेड कॉन्स्टेबल ने शिकायत का निस्तारण करने के लिए रुपये मांगे थे। बाद में वह विभागीय ट्रेनिंग पर चला गया। इसके बाद एक अन्य हेड कॉन्स्टेबल सुरेंद्र ने उनसे संपर्क किया। सुरेंद्र ने पीड़ित से 75 हजार रुपये देने की मांग की, तो पीड़ित ने विजिलेंस ब्रांच में इसकी शिकायत कर दी। विजिलेंस के कहने पर पीड़ित रुपये किश्तों में देने पर सहमत हो गया।
विजिलेंस की योजना के मुताबिक, पीड़ित ने शुक्रवार रात बुराड़ी थाने में पहुंचकर आरोपी को केमिकल लगे नोट दिए।
कार्रवाई के दौरान हेड कांस्टेबल को पड़ा दिल का दौरा
पीड़ित के आरोपी को रुपये देने के बाद विजिलेंस एसीपी और एसएचओ थाने में पहुंच एग। इस बीच सुरेंद्र को शक हो गया और उसने घूस के रुपये अपने साथी हेड कॉन्स्टेबल को सौंप दिए। जब विजिलेंस शाखा ने सुरेंद्र को दबोचा, तो रुपये उसके पास नहीं मिले, लेकिन सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से रिश्वत का राज खुल गया। कार्रवाई के दौरान सुरेंद्र को दिल का दौरा पड़ गया। उसे बुराड़ी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराना पड़ा।


