ऑनलाइन चाकू खरीदने वालों के घर जाएगी दिल्ली पुलिस; मीशो-फ्लिपकार्ट, ब्लिंकिट से मांगी ग्राहकों की लिस्ट

Praveen Sharma हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

दिल्ली पुलिस ने चाकूबाजी के मामलों को रोकने के लिए एक बड़ी घेराबंदी है। अब ऑनलाइन शॉपिंग से घर पर चाकू मंगवाना पुलिस की रडार पर आ गया है। दिल्ली पुलिस ने मीशो, फ्लिपकार्ट और ब्लिंकिट जैसी कंपनियों से उनके प्लैटफॉर्म के जरिए चाकू खरीदने वाले दिल्ली के ग्राहकों की पूरी जानकारी मांगी है।

ऑनलाइन चाकू खरीदने वालों के घर जाएगी दिल्ली पुलिस; मीशो-फ्लिपकार्ट, ब्लिंकिट से मांगी ग्राहकों की लिस्ट

राजधानी दिल्ली में चाकूबाजी की बढ़ती घटनाओं और अपराधों में ऑनलाइन खरीदे गए हथियारों के इस्तेमाल को देखते हुए दिल्ली के उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस ने अब सख्त रुख अपनाया है। दिल्ली पुलिस अब उन सभी लोगों की तलाश कर रही है, जिन्होंने ऑनलाइन शॉपिंग प्लैटफॉर्म से खतरनाक चाकू मंगवाए हैं। इसके लिए दिल्ली पुलिस ने मीशो, फ्लिपकार्ट और ब्लिंकिट जैसी प्रमुख ई-कॉमर्स कंपनियों को पत्र लिखकर उनके क्षेत्र में चाकू खरीदने वाले सभी ग्राहकों के बारे में पूरी जानकारी मांगी है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के अनुसार, राजधानी में हाल के दिनों में हत्या, हत्या के प्रयास और लूट जैसी गंभीर वारदातों में ऐसे चाकुओं का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल पाया गया है।

घर-घर जांच होगी

इसे देखते हुए दिल्ली पुलिस ने योजना बनाई है कि जानकारी मिलने के बाद उनकी टीमें ऑनलाइन चाकू खरीदने वाले सभी व्यक्तियों के घर जाएंगी। पुलिस न केवल उस व्यक्ति से पूछताछ करेगी, बल्कि उसके परिवार और पड़ोसियों को भी इस बारे में सूचित करेगी। इसका उद्देश्य यह है कि परिवार को जानकारी रहे और वह व्यक्ति किसी भी आपराधिक गतिविधि से दूर रहे। यदि खरीदा गया चाकू आर्म्स एक्ट (हथियार कानून) के दायरे में आता है, तो खरीदने वाले के साथ-साथ बेचने वाली कंपनी के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की जाएगी। ऐसा करने के पीछे पुलिस का उद्देश्य युवाओं को अपराध की राह पर जाने से बचाना है। हाल ही में एक ऑनलाइन कंपनी पर भी मामला दर्ल किया गया है।

रसोई का सामान बताकर बिक रहे खंजर

ई-कॉमर्स कंपनियां अपने ऑनलाइन प्लैटफॉर्म पर अक्सर इन चाकुओं को ‘किचन नाइफ’ बताकर बेचती हैं, लेकिन इनका स्वरूप सामान्य चाकुओं से बिल्कुल अलग होता है। ये चाकू आकार में छोटे होते हैं, लेकिन बेहद खतरनाक डिजाइन के होते हैं। इनके पिछले हिस्से पर कांटेदार उभार होते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, ये चाकू शरीर में घुसने के बाद बाहर निकालते समय अंदरूनी अंगों को गंभीर क्षति पहुंचाते हैं। पहले ऐसे चाकू हरिद्वार जैसे स्थानों से लाए जाते थे, लेकिन अब ऑनलाइन डिलीवरी के कारण ये घर-घर आसानी से उपलब्ध हो गए हैं। इस खतरे को देखते हुए क्राइम ब्रांच ने भी ई-कॉमर्स कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की है और उन्हें प्रतिबंधित सामान हटाने के निर्देश दिए हैं। पश्चिम जिला पुलिस ने तो ब्लिंकिट पर प्रतिबंधित चाकू बेचने के आरोप में एफआईआर भी दर्ज की है। दिल्ली पुलिस की इस मुहिम का मुख्य उद्देश्य तकनीक के दुरुपयोग को रोकना और युवाओं को अपराध की राह पर जाने से बचाना है।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।