दिल्ली में जिम पर हुई फायरिंग मामले में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के दो शूटर गिरफ्तार, एक हाल ही में रूस से लौटा
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की एक टीम को बुधवार को उस वक्त बड़ी सफलता मिली, जब उसने लॉरेंस बिश्नोई गैंग के दो साथियों को धर दबोचा। इन दोनों आरोपियों ने 11 जून 2026 की सुबह पश्चिमी विहार इलाके में स्थित एक जिम पर फायरिंग की थी।

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच टीम को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े दो साथियों को गिरफ्तार करने में कामयाबी मिली है। इन पर आरोप है कि इन्होंने 11 जून को शहर के पश्चिम विहार इलाके में आउटर रिंग रोड पर पंजाबी सिंगर गुरु रंधावा से जुड़े एक जिम के बाहर फायरिंग की थी। गिरफ्तार किए गए लोगों में से एक घटना से दो हफ्ते से भी कम समय पहले रूस से लौटा था। प्राप्त जानकारी के अनुसार गिरफ्तार दोनों आरोपी गैंगस्टर अनिल पंडित से जुड़े शूटर हैं। अनिल पंडित लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य है और माना जाता है कि वह अमेरिका से गैंग चला रहा है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान अरमान (19 साल) और तुषार उर्फ ताशु उर्फ पिंकू (21 साल) के रूप में हुई है। ये दोनों हरियाणा के सोनीपत जिले की गोहाना तहसील के रेवारा गांव के रहने वाले हैं। इन्हें काफ़ी खोजबीन के बाद बहादुरगढ़ से पकड़ा गया। इन दोनों आरोपियों ने 24HS फिटनेस जिम में फायरिंग की वारदात को अंजाम दिया था।
पश्चिमी विहार में जिम के बाहर की थी फायरिंग
पुलिस के मुताबिक 11 जून की सुबह करीब 4 बजे बाइक सवार दो हमलावरों ने पश्चिम विहार में आउटर रिंग रोड पर एक जिम के बाहर फायरिंग की थी और भाग गए थे। इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ था और मौके से सात खाली कारतूस बरामद किए गए थे। इस वारदात को लेकर आउटर दिल्ली के पश्चिम विहार ईस्ट पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया था।
लॉरेंस गैंग की तरफ से अनिल पंडित ने ली थी जिम्मेदारी
यह मामला तब चर्चा में आया था जब अनिल पंडित ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से इस बारे में एक पोस्ट शेयर की, जो वायरल हो गई थी। इस पोस्ट में लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से हमले की जिम्मेदारी ली गई थी। पंडित ने दावा किया कि जिम पर फायरिंग गुरु रंधावा से जुड़े लोगों ने की थी। उसने बॉलीवुड एक्टर सलमान खान के साथ सिंगर की कथित नजदीकियों का भी जिक्र किया, जिन्हें गैंग अपना दुश्मन मानता है।
पुलिस ने 100 किमी तक आरोपियों की गतिविधियों को ट्रैक किया
वारदात में ऑर्गेनाइज्ड क्राइम (संगठित अपराध) की आशंका को देखते हुए क्राइम ब्रांच ने मामले की जांच अपने हाथ में ले ली। पुलिस ने बताया कि जांचकर्ताओं ने हमलावरों के भागने के रास्ते का पता लगाया, तकनीकी सबूतों की जांच की और लगभग 100 किलोमीटर तक उनकी गतिविधियों को ट्रैक किया।
दो आरोपी गिरफ्तार, दो फिलहाल फरार
पुलिस जांच के दौरान चार संदिग्धों साहिल, सागर, अरमान और तुषार की पहचान हुई। जिसके बाद पुलिस ने 15 जून को बहादुरगढ़ इलाके में छापेमारी करते हुए अरमान व तुषार को पकड़ लिया। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान दोनों ने फायरिंग में शामिल होने की बात कबूल कर ली। जांचकर्ताओं ने बताया कि अरमान अन्य दो संदिग्ध शूटरों साहिल और सागर का चचेरा भाई है, ये दोनों अभी फरार हैं।
स्टडी वीजा पर रूस पढ़ने गया था तुषार
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों में से तुषार हाल ही में रूस से भारत लौटा था। वह स्टडी वीजा पर रूस गया था और वहां काम कर रहा था। फायरिंग की घटना से कुछ समय पहले उसने साहिल और सागर से संपर्क किया और साजिश में शामिल हो गया। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों को पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया है और हमले के पीछे के बड़े नेटवर्क का पता लगाने के लिए उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने कहा कि बाकी आरोपियों को गिरफ्तार करने और अपराध में इस्तेमाल हथियार को बरामद करने की कोशिशें जारी हैं।
लेखक के बारे में
Sourabh Jainसौरभ जैन पिछले 16 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम में कार्यरत हैं। वह दिल्ली-एनसीआर, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और गुजरात से जुड़े घटनाक्रम पर खबरें और विश्लेषण लिखते हैं।
विस्तृत बायो
परिचय और अनुभव: सौरभ जैन भारतीय डिजिटल मीडिया जगत का एक हिस्सा हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 16 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है। वर्तमान में, वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में स्टेट सेक्शन में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वे पिछले लगभग तीन सालों से यहां कार्यरत हैं। सौरभ का करियर टीवी मीडिया से शुरू होकर डिजिटल मीडिया की गतिशीलता तक फैला हुआ है, जो उन्हें खबरों को गहराई और सटीकता के साथ प्रस्तुत करने में सक्षम बनाता है।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि और कार्य अनुभव
सौरभ ने बैचलर ऑफ कॉमर्स की डिग्री लेने के बाद पत्रकारिता के क्षेत्र में कदम रखा और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पोस्ट ग्रेजुएशन का कोर्स किया। इस क्षेत्र में साल 2009 से सक्रिय होने के बाद सौरभ ने पहले टीवी के क्षेत्र में अलग-अलग डेस्क पर कार्य अनुभव लिया, इस दौरान उन्होंने टिकर डेस्क से शुरुआत करने के बाद न्यूज डेस्क में कॉपी राइटिंग का अनुभव हासिल किया, इस दौरान क्षेत्रीय विषयों से लेकर राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय विषयों पर खबरें लिखीं। इसके बाद उन्हें बॉलीवुड और हेल्प-लाइन डेस्क में भी काम करने का मौका मिला। हेल्प लाइन डेस्क में काम करने के दौरान उन्हें स्वास्थ्य, करियर और आम लोगों से जुड़े कई विषयों को जानने व समझने का मौका मिला।
इसके बाद साल 2016 में उन्होंने डिजिटल मीडिया की दुनिया में कदम रखा और स्पोर्ट्स डेस्क के साथ शुरुआत की। सौरभ ने अपने करियर की शुरुआत ZEE24 छत्तीसगढ़ न्यूज चैनल से की थी। इसके बाद वे IBC24 और दैनिक भास्कर जैसी संस्थाओं में भी सेवाएं दे चुके हैं। सौरभ साल 2023 से लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हुए हैं और यहां पर स्टेट डेस्क में कार्यरत हैं। सौरभ मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रहने वाले हैं और उन्होंने अपनी स्कूली पढ़ाई और ग्रेजुएशन दोनों यहीं से किया है। इसके बाद उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री ली है।
सौरभ जैन का मानना है कि एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी सही तथ्यों व आसान भाषा में पाठकों तक खबरें पहुंचाना है। इस काम में तेजी जितनी जरूरी है, सटीकता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। फिर चाहे वह आम जीवन की खबरें हों, राजनीति की खबरें हों, खेल की खबरें हों या फिर चकाचौंध से भरे बॉलीवुड की खबरें हों। कोई भी खबर सही तथ्यों के साथ रीडर्स तक पहुंचनी चाहिए। हड़बड़ी में तथ्यों की पुष्टि ना होने पर गलत जानकारी पाठकों तक पहुंचने का खतरा बना रहता है। इसलिए सौरभ का मानना है कि पत्रकारिता का मतलब केवल पाठकों तक सूचना पहुंचाना ही नहीं, बल्कि सही और निष्पक्ष जानकारी पहुंचाते हुए उनकी बुद्धिमत्ता और विवेक को भी जागृत करना होता है।


