कांस्टेबल ने कटवाई दिल्ली पुलिस की नाक, नकली PCC सर्टिफिकेट बनाकर बेचने के आरोप में गिरफ्तार
इस मामले को लेकर सनलाइट कॉलोनी पुलिस स्टेशन में दो अलग-अलग FIR दर्ज की गई हैं, इनमें से एक नशीले पदार्थों की बरामदगी के संबंध में है, तो दूसरी किसी और का रूप धारण करने, जालसाजी और नकली PCC बनाने के आरोप में दर्ज की गई है।

दिल्ली पुलिस के एक कांस्टेबल ने अपने ही विभाग की नाक कटवा दी। शाहीनबाग पुलिस स्टेशन में तैनात इस कांस्टेबल को पुलिस ने एक बड़े फर्जीवाड़े में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया है। इस कांस्टेबल पर नकली पुलिस क्लीयरेंस सर्टिफिकेट (PCC) बनाकर बेचने का आरोप है। इस कांस्टेबल की पहचान अरुण के रूप में हुई है और इस काम को वह अपने एक साथी तुषार के साथ मिलकर अंजाम दे रहा था।
इस पूरे मामले का खुलासा उस वक्त हुआ, जब दक्षिण-पूर्वी दिल्ली की नारकोटिक्स यूनिट ने आशीष नाम के एक ड्रग तस्कर को 18 ग्राम MDMA के साथ पकड़ा। उससे पूछताछ के बाद सनलाइट कॉलोनी स्थित एक किराए के मकान पर छापेमारी की गई, वहां जाकर पुलिस को पता चला कि इस किराए के मकान में कांस्टेबल अरुण और उसका साथी तुषार पिछले छह महीने से साथ रह रहे थे।
मूल रूप से हिमाचल का रहने वाला है आरोपी कांस्टेबल
जांच में पता चला कि आरोपी कांस्टेबल अरुण साल 2017 बैच का पुलिसकर्मी है, और वह मूल रूप से हिमाचल प्रदेश के मंडी का रहने वाला है। वह अपने साथी तुषार की मदद से जाली PCC बना रहा था। तुषार उत्तर प्रदेश के पिलखुवा का रहने वाला है और उसने पहले कई पुलिस स्टेशनों में 'पुलिस मित्र' के तौर पर काम भी किया था। पुलिस ने बताया कि ये दोनों 1 से 2 हजार रुपए लेकर कुछ ही घंटों में जाली PCC बनाकर ग्राहकों को दस्तावेज सौंप देते थे।
दो हजार रुपए तक वसूलते थे, तुरंत बनाकर दे देते थे
पुलिस ने बताया कि एक असली PCC दिल्ली पुलिस की स्पेशल ब्रांच द्वारा सत्यापन के बाद ऑनलाइन जारी किया जाता है, और इसकी फीस भी मात्र 10 रुपए है। हालांकि असली प्रक्रिया पूरी होने में आमतौर पर 10 से 15 दिन लगते हैं। वहीं ये आरोपी महज कुछ घंटों में फर्जी सर्टिफिकेट बनाकर लोगों को थमा देते थे और बदले में प्रति सर्टिफिकेट के लिए 2,000 रुपए तक वसूलते थे।
तस्करी की गिरफ्तारी के बाद आरोपियों के फ्लैट तक पहुंची पुलिस
इस रैकेट का खुलासा तब हुआ जब जिले की नारकोटिक्स यूनिट ने आशीष नाम के एक कथित नशीले पदार्थों के तस्कर को पकड़ा और उसके पास से लगभग 18 ग्राम MDMA बरामद किया। पूछताछ के दौरान, पुलिस ने सनलाइट कॉलोनी इलाके में उससे जुड़े एक किराए के मकान पर छापा मारा। मकान की तलाशी के दौरान, पुलिस ने पाया कि कांस्टेबल अरुण और तुषार पिछले छह महीनों से वहां 35,000 रुपए महीने के किराए पर रह रहे थे।
फ्लैट की तलाशी में बड़ी संख्या में मिली मुहरें
अधिकारी ने बताया कि घर की आगे की तलाशी में बड़ी संख्या में जाली PCC, खाली फॉर्म और कई ऐसे सरकारी दिखने वाले स्टैंप (मुहरें) बरामद हुए, जिन पर कथित तौर पर दिल्ली पुलिस के स्टेशन हाउस ऑफिसर (SHO), उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के अधिकारियों और अन्य पुलिस अधिकारियों के नाम लिखे थे।
इतने काम आता है पीसीसी सर्टिफिकेट
पुलिस क्लीयरेंस सर्टिफिकेट (PCC) दिल्ली पुलिस की स्पेशल ब्रांच द्वारा जारी किया जाने वाला एक आधिकारिक दस्तावेज है, जो यह प्रमाणित करता है कि आवेदक का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। इसकी आवश्यकता आमतौर पर विदेश में रोजगार, वीजा आवेदनों, आव्रजन प्रक्रियाओं, निजी नौकरियों और किराएदारों के सत्यापन के लिए होती है।
कांस्टेबल पद का नकली कार्ड बनाकर घूम रहा था आरोपी
पुलिस ने वहां से तुषार के नाम का दिल्ली पुलिस का एक नकली पहचान पत्र भी बरामद किया। जिसकी मदद से वह खुद को कांस्टेबल बताकर घूम रहा था। पुलिस ने बताया कि जांचकर्ताओं को संदेह है कि आरोपियों ने सैकड़ों नकली PCC बनाए होंगे, क्योंकि उनके मोबाइल फोन में भी ऐसे कई सर्टिफिकेट सेव किए हुए मिले।
आरोपियों के फ्लैट पर विदेशी महिला भी मिली
पुलिस सूत्रों ने दावा किया कि, बरामद नशीले पदार्थ (MDMA) के लिए भुगतान कांस्टेबल अरुण के मोबाइल से किया गया था। छापेमारी के दौरान किराए के मकान में पुलिस को एक विदेशी महिला भी मिली, जिसके उज्बेकिस्तान का होने का शक है, फिलहाल पुलिस उस महिला के इन आरोपियों के साथ या ड्रग तस्करों के साथ संबंधों की जांच कर रही है।
मामले में दर्ज की गईं दो अलग-अलग FIR
अधिकारियों ने बताया कि इस मामले को लेकर सनलाइट कॉलोनी पुलिस स्टेशन में दो अलग-अलग FIR दर्ज की गई हैं, इनमें से एक नशीले पदार्थों की बरामदगी के संबंध में है, तो दूसरी किसी और का रूप धारण करने, जालसाजी और नकली PCC बनाने के आरोप में दर्ज की गई है।
लेखक के बारे में
Sourabh Jainसौरभ जैन पिछले 16 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम में कार्यरत हैं। वह दिल्ली-एनसीआर, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और गुजरात से जुड़े घटनाक्रम पर खबरें और विश्लेषण लिखते हैं।
विस्तृत बायो
परिचय और अनुभव: सौरभ जैन भारतीय डिजिटल मीडिया जगत का एक हिस्सा हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 16 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है। वर्तमान में, वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में स्टेट सेक्शन में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वे पिछले लगभग तीन सालों से यहां कार्यरत हैं। सौरभ का करियर टीवी मीडिया से शुरू होकर डिजिटल मीडिया की गतिशीलता तक फैला हुआ है, जो उन्हें खबरों को गहराई और सटीकता के साथ प्रस्तुत करने में सक्षम बनाता है।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि और कार्य अनुभव
सौरभ ने बैचलर ऑफ कॉमर्स की डिग्री लेने के बाद पत्रकारिता के क्षेत्र में कदम रखा और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पोस्ट ग्रेजुएशन का कोर्स किया। इस क्षेत्र में साल 2009 से सक्रिय होने के बाद सौरभ ने पहले टीवी के क्षेत्र में अलग-अलग डेस्क पर कार्य अनुभव लिया, इस दौरान उन्होंने टिकर डेस्क से शुरुआत करने के बाद न्यूज डेस्क में कॉपी राइटिंग का अनुभव हासिल किया, इस दौरान क्षेत्रीय विषयों से लेकर राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय विषयों पर खबरें लिखीं। इसके बाद उन्हें बॉलीवुड और हेल्प-लाइन डेस्क में भी काम करने का मौका मिला। हेल्प लाइन डेस्क में काम करने के दौरान उन्हें स्वास्थ्य, करियर और आम लोगों से जुड़े कई विषयों को जानने व समझने का मौका मिला।
इसके बाद साल 2016 में उन्होंने डिजिटल मीडिया की दुनिया में कदम रखा और स्पोर्ट्स डेस्क के साथ शुरुआत की। सौरभ ने अपने करियर की शुरुआत ZEE24 छत्तीसगढ़ न्यूज चैनल से की थी। इसके बाद वे IBC24 और दैनिक भास्कर जैसी संस्थाओं में भी सेवाएं दे चुके हैं। सौरभ साल 2023 से लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हुए हैं और यहां पर स्टेट डेस्क में कार्यरत हैं। सौरभ मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रहने वाले हैं और उन्होंने अपनी स्कूली पढ़ाई और ग्रेजुएशन दोनों यहीं से किया है। इसके बाद उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री ली है।
सौरभ जैन का मानना है कि एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी सही तथ्यों व आसान भाषा में पाठकों तक खबरें पहुंचाना है। इस काम में तेजी जितनी जरूरी है, सटीकता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। फिर चाहे वह आम जीवन की खबरें हों, राजनीति की खबरें हों, खेल की खबरें हों या फिर चकाचौंध से भरे बॉलीवुड की खबरें हों। कोई भी खबर सही तथ्यों के साथ रीडर्स तक पहुंचनी चाहिए। हड़बड़ी में तथ्यों की पुष्टि ना होने पर गलत जानकारी पाठकों तक पहुंचने का खतरा बना रहता है। इसलिए सौरभ का मानना है कि पत्रकारिता का मतलब केवल पाठकों तक सूचना पहुंचाना ही नहीं, बल्कि सही और निष्पक्ष जानकारी पहुंचाते हुए उनकी बुद्धिमत्ता और विवेक को भी जागृत करना होता है।


