फिर प्रदर्शन की चेतावनी; दिल्ली में सुरक्षा कड़ी, हालात पर पुलिस की पैनी नजर
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के दोबारा विरोध प्रदर्शन की चेतावनी के बीच नई दिल्ली और सेंट्रल दिल्ली में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। तेजी से बदलती परिस्थितियों पर क्या कह रहे हैं दिल्ली पुलिस के अधिकारी…

प्रदर्शनकारियों पर दर्ज मामलों को वापस नहीं लेने की स्थिति में कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) की ओर से दोबारा विरोध प्रदर्शन शुरू किए जाने की चेतावनी के बीच नई दिल्ली और सेंट्रल दिल्ली में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जंतर-मंतर, नई दिल्ली और मध्य दिल्ली की अन्य संवेदनशील जगहों पर दिल्ली पुलिस के जवानों और अर्धसैनिक बलों की पर्याप्त तैनाती रहेगी।
दोबारा प्रदर्शन की चेतावनी
CJP के प्रवक्ता आशुतोष रंका ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा है कि बिहार और बंगाल में सैकड़ों छात्रों को गिरफ्तार किया गया है। यही नहीं सैकड़ों लोगों पर नजर रखी जा रही है। दिल्ली में प्रदर्शनकारियों की मदद करने वाले वॉलंटियर्स को परेशान करने की खबरें आ रही हैं। हम मांग करते हैं कि प्रदर्शनकारियों के खिलाफ FIR तुरंत वापस ली जाएं। ऐसा नहीं होने पर हम दोबारा विरोध प्रदर्शन के लिए मजबूर होंगे।
तैनात रहेंगे सुरक्षा बल
सीजेपी की वॉर्निंग के बीच एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जंतर-मंतर, नई दिल्ली और मध्य दिल्ली की अन्य संवेदनशील जगहों पर पुलिस के जवानों और अर्धसैनिक बलों की पर्याप्त तैनाती रहेगी। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए फोर्स की तैनाती को सुनिश्चित किया जाएगा।
बैरिकेड भी कायम, हालात पर पैनी नजर
अधिकारी ने आगे बताया कि जंतर-मंतर पर पहले से ही कड़ी सुरक्षा रहती है। पुलिस हालात पर कड़ी नजर रख रही है। वहीं न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, जंतर-मंतर पर जवान अब भी तैनात हैं। संवेदनशील जगहों पर बैरिकेड भी कायम हैं। नई दिल्ली में आरएएफ के जवानों को भी अपनी ड्यूटी पर तैनात देखा गया।
ऑनलाइन गतिविधियों की मॉनीटरिंग
अधिकारी ने आगे यह भी कहा कि किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए एहतियात के तौर पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। हालात पर निगरानी जारी है। साइबर और सोशल मीडिया टीमें भी काम कर रही हैं। ऑनलाइन गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही हैं ताकि अपमानजनक पोस्टों की पहचान की जा सके और नियमों का उल्लंघन करने वाले कंटेंट के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जा सके।
ऑनलाइन प्लेटफॉर्मों की निगरानी
वहीं एएनआई के मुताबिक, अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीमें ऐसे कंटेंट की पहचान करने के लिए लगातार ऑनलाइन प्लेटफॉर्मों की निगरानी कर रही हैं। आपत्तिजनक पोस्ट मिलने पर संबंधित सोशल मीडिया कंपनियों को नोटिस जारी करके कंटेंट को हटवाने का निर्देश दिया जा रहा है। नोटिस के बाद प्रधानमंत्री के खिलाफ अपशब्दों वाले कई भद्दे कमेंट और वीडियो पहले ही हटा दिए गए हैं।


